Dhurandhar The Revenge Trailer: ‘धुरंधर’ के बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के बाद अब ‘धुरंधर 2’ की बारी है। ये फिल्म 19 मार्च को थिएटर में रिलीज होने वाली है और ठीक 13 दिन पहले मेकर्स ने इसका धांसूं ट्रेलर जारी किया है। 3 मिनट 25 सेकंड के ट्रेलर में पिछले पार्ट की झलक के साथ आगे की कहानी को बखूबी दिखाया गया है। ट्रेलर को देखकर ये पता चल गया है कि आने वाला पार्ट और भी बेहतरीन होने वाला है।
कई हफ्तों की अफवाहों और फैन्स की बढ़ती उत्सुकता के बीच, जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज ने आखिरकार रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। यह फिल्म एक स्पाई एक्शन थ्रिलर है। ट्रेलर के अलावा, हाल ही में इस फिल्म का नया पोस्टर भी सामने आया है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
कैसा है ट्रेलर?
ट्रेलर की शुरुआत अजय सान्याल के किरदार में आर माधवन के साथ होती है, जिसे आतंकवादी ललकार रहा है और कह रहा है ‘हिंदू बड़ी डरपोक कौम है’। इसके बाद आता है जसकीरत सिंह रंगी यानी हमजा, जो एक बार फिर भारत के दुश्मनों से बदला लेने के लिए तैयार है। फिल्म के पहले पार्ट की झलक दिखाई जाती है।
इसके बाद संजय दत्त अपने पाकिस्तानी एनकाउंटर स्पेशलिस्ट चौधरी असलम खान के किरदार में नजर आते हैं। उनका किरदार एक बार फिर किसी को सजा देते नजर आता है और इस दौरान डायलॉग है- ‘रो क्यों रहा है लाले? तूने सुना नहीं जहां दर्द है वहां मर्द है।’ इसके बाद चलती है गोली।
यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर 2’ 4 घंटे की, यश की ‘टॉक्सिक’ भी साढ़े 3 घंटे के करीब- अलग रिलीज डेट से किसे होगा फायदा?
फिर अर्जुन रामपाल की एंट्री होती है, जो खूंखार आतंकवादी इलियास कश्मीरी के किरदार में नजर आ रहे हैं। उनके सीन से ये साफ पता चल रहा है कि वो जानता है हमजा अली मजारी पाकिस्तान में बदला लेने आया है।
ट्रेलर में ये सवाल पूछते हुए सुना जा सकता है कि अब लयारी का बादशाह कौन? इसके बाद रणवीर सिंह यानी हमजा को लयारी पर राज करते हुए दिखाया जा रहा है।
क्या है अलग?
पिछले पार्ट में जहां खून खराबा और मारधाड़ जमकर दिखाई गई थी। इस बार आगजनी, गाडियों को बम से उड़ाना जैसी चीजें ज्यादा नजर आने की उम्मीद है। क्योंकि ट्रेलर में ऐसा ही कुछ नजर आ रहा है। ‘धुरंधर 2′ के ट्रेलर को देखने के बाद उत्सुकता और बढ़ गई है।
