आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के म्यूजिक को ग्रैमी अवॉर्ड्स के लिए भेजा गया है। इस फिल्म का म्यूजिक शाश्वत सचदेव ने तैयार किया है। टी-सीरीज और B62 स्टूडियोज मिलकर फिल्म के गानों को ग्रैमी अवॉर्ड्स की अलग-अलग कैटेगरी में जगह दिलाने के लिए कोशिश कर रहे हैं। इसकी जानकारी टी-सीरीज ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर दी।
फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर ने बताया था कि शाश्वत सचदेव ने ‘धुरंधर’ के लिए 9 गाने सिर्फ 9 दिनों में बनाए थे। साथ ही, फिल्म का पूरा बैकग्राउंड म्यूजिक 6 दिनों में तैयार किया था। वहीं, ‘धुरंधर 2’ के लिए उन्होंने 11 दिनों में 14 गाने बनाए और बैकग्राउंड म्यूजिक सिर्फ 3 दिनों में तैयार कर दिया।
गानें और कैटेगरी लिस्ट
फिल्म के म्यूजिक को कुल 9 कैटेगरी में ग्रैमी अवॉर्ड्स के लिए भेजा गया है। फिल्म के पूरे म्यूजिक एल्बम को बेस्ट कंपाइलेशन साउंडट्रैक फॉर विजुअल मीडिया कैटेगरी में भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- ‘धुरंधर’ के ऑस्कर्स में ना जाने की जूरी मेंबर ने बताई वजह, सिर्फ 4 वोट के साथ टॉप 3 से हुई बाहर
वहीं, अरिजीत सिंह के गाने ‘फिर से’ को बेस्ट सॉन्ग रिटन फॉर विजुअल मीडिया कैटेगरी में भेजा गया है। ‘आरी आरी’ को बेस्ट एशियन पॉप म्यूजिक परफॉर्मेंस कैटेगरी में जगह मिली है।
इसके अलावा ‘जान से गुजरते हैं’ और ‘कन्हैया’ को बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस कैटेगरी में भेजा गया है। जैस्मिन सैंडलस और सतिंदर सरताज के गाने ‘जाइए सजना’ को बेस्ट पॉप डुओ/ग्रुप परफॉर्मेंस कैटेगरी में शामिल किया गया है।
वहीं, ‘डेस्टिनी – मन्न अटकया’ को बेस्ट रैप परफॉर्मेंस, ‘वारी जावां’ को बेस्ट डांस/इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्डिंग और ‘हम प्यार करने वाले’ को बेस्ट रीमिक्स्ड रिकॉर्डिंग कैटेगरी में भेजा गया है।
ग्रैमी में गाने भेजने और नॉमिनेशन में क्या अंतर
‘धुरंधर 2’ का म्यूजिक अभी ग्रैमी अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेट नहीं हुआ है। फिल्म के गानों को सिर्फ ग्रैमी अवॉर्ड्स के लिए विचार करने के लिए भेजा गया है।
इसका मतलब है कि फिल्म के म्यूजिक को अभी अवॉर्ड के लिए चुना नहीं गया है। पहले ग्रैमी की टीम यह देखेगी कि गाने नियमों के हिसाब से सही हैं या नहीं। इसके बाद वोटिंग होगी, जिसमें ग्रैमी के सदस्य गानों का जांच करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया के बाद ही फाइनल नॉमिनेशन की घोषणा होगी।
यानी, ग्रैमी के लिए गाने भेजना और नॉमिनेशन मिलना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। अभी सिर्फ भेजा गया है, गानों को नॉमिनेशन में शामिल नहीं किया गया है।
ग्रैमी में शामिल हुईं नई कैटेगरी
‘धुरंधर 2’ के गाने ‘आरी आरी’ को ग्रैमी की बेस्ट एशियन पॉप म्यूजिक परफॉर्मेंस कैटेगरी में भेजा गया है। खास बात यह है कि 2027 के ग्रैमी अवॉर्ड्स में यह नई कैटेगरी शुरू की जा रही है। इसके अलावा, ग्रैमी में लैटिन म्यूजिक और R&B से जुड़ी नई कैटेगरी भी जोड़ी जाएंगी। साथ ही, कुछ पुरानी कैटेगरी के नियमों में भी बदलाव किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- Dhurandhar OTT Release in India: भारत में IPL के बाद रिलीज होगी ‘धुरंधर 2’, हिंसा और गालियों पर नहीं चलेगी कैंची
आदित्य धर ने फिल्म के गानों पर क्या कहा था
आदित्य धर ने शाश्वत के काम की तारीफ करते हुए कहा कि इतने कम समय में इतने अच्छे म्यूजिक तैयार करना हैरान करने वाला है। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों फिल्मों के एल्बम सिर्फ 3 महीने के अंदर रिलीज हुए और उनके कई गानों को दुनियाभर में खूब पसंद किया गया।
