एक्शन और बड़े पैमाने पर बनाई जा रही फिल्म ‘धुरंधर 2’ इन दिनों काफी चर्चा में है। फिल्म के ट्रेलर और एडवांस बुकिंग को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। बड़े स्टारकास्ट और हाई-ऑक्टेन एक्शन के साथ बनाई गई इस फिल्म को तैयार करने में मेकर्स को करीब डेढ़ से दो साल का समय लगा।
फिल्म की तैयारी लंबे समय से चल रही थी और इसे भव्य बनाने के लिए कई अलग-अलग लोकेशनों पर शूटिंग की गई। खास बात यह है कि फिल्म के कुछ हिस्से भारत के बाहर भी शूट किए गए हैं।
कब शुरू हुई फिल्म की शूटिंग
कर्ली टेल्स में छपी खबर के मुताबिक ‘धुरंधर 2’ की मुख्य शूटिंग 2024 के मध्य में शुरू हुई थी। इसके बाद अलग-अलग शेड्यूल में फिल्म की शूटिंग करीब एक साल से ज्यादा समय तक चलती रही।
2025 के आखिर तक फिल्म की ज्यादातर शूटिंग पूरी कर ली गई थी। इसके बाद पोस्ट-प्रोडक्शन, वीएफएक्स और कुछ पैचवर्क सीन की शूटिंग भी की गई। इस तरह पूरी फिल्म को तैयार करने में लगभग दो साल का समय लग गया।
यह भी पढ़ें: सिर्फ 20 दिन की शूटिंग के लिए कमल हासन ने चार्ज किए 150 करोड़, ‘कल्कि 2898 AD’ में काम कर बने सबसे महंगे स्टार
रिपोर्ट्स की मानें तो शुरुआत में मेकर्स इसे एक ही फिल्म के रूप में रिलीज करने की योजना बना रहे थे, लेकिन कहानी और फुटेज ज्यादा होने के कारण इसे दो हिस्सों में रिलीज करने का फैसला किया गया।
भारत और विदेश में हुई शूटिंग
फिल्म को बड़े पैमाने पर शूट करने के लिए मेकर्स ने कई अलग-अलग लोकेशन चुनीं। इसमें भारत के साथ-साथ विदेश के भी कुछ स्थान शामिल हैं।
बैंकॉक
फिल्म के कुछ बड़े सेट बैंकॉक में लगाए गए थे। यहां पाकिस्तान के कराची के मशहूर ल्यारी इलाके जैसा माहौल दिखाने के लिए एक विशाल सेट तैयार किया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार यह सेट करीब 6 एकड़ क्षेत्र में बनाया गया था, जिसे तैयार करने में सैकड़ों तकनीशियनों ने काम किया।
मुंबई
फिल्म के कई इनडोर सीन मुंबई के स्टूडियो में शूट किए गए। इसके अलावा शहर के कुछ आउटडोर लोकेशन जैसे माध आइलैंड और इंडस्ट्रियल एरिया में भी शूटिंग की गई।
पंजाब
फिल्म के कुछ अहम सीन अमृतसर और पंजाब के आसपास के गांवों में फिल्माए गए। इन लोकेशनों का इस्तेमाल बॉर्डर से जुड़े दृश्यों को शूट करने के लिए किया गया।
लद्दाख और हिमाचल प्रदेश
फिल्म के एक्शन और बड़े विजुअल वाले सीन लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में शूट किए गए। पहाड़ों और कठिन इलाकों में शूट किए गए इन सीन्स को फिल्म का विजुअल हाइलाइट माना जा रहा है।
बड़े पैमाने पर तैयार हुई फिल्म
‘धुरंधर 2’ को बड़े बजट और भव्य पैमाने पर तैयार किया गया है। फिल्म में हाई-लेवल एक्शन, बड़े सेट और वीएफएक्स का इस्तेमाल किया गया है। फिल्म में बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। ट्रेलर सामने आने के बाद से ही दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। ये फिल्म 19 मार्च को थिएटर में रिलीज हो रही है।
