Dhurandhar 2 Review: दर्शक ‘धुरंधर 2’ यानी Dhurandhar: The Revenge का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। वैसे तो ये फिल्म कुछ ही घंटे में 19 मार्च को रिलीज हो रही है, लेकिन 18 मार्च की शाम इसके पेड प्रीमियर शोज शुरू कर दिए गए। पहले पार्ट की तरह दूसरा पार्ट भी कमाल का है, लेकिन इस बार कहानी शुरुआत से ही दर्शकों को जकड़ लेगी।

Dhurandhar 2 की कहानी जसकीरत सिंह रांगी के हमजा मजारी बनने तक के सफर को दिखाती है। एक ऐसा सफर जिसमें दर्द है, त्याग है और सबसे बढ़कर है बदले की आग। शुरुआत में ही साफ हो जाता है कि यह सिर्फ एक एक्शन फिल्म नहीं, बल्कि एक इंसान के टूटने और फिर उससे भी ज्यादा खतरनाक बनने की कहानी है। फिल्म में वो डायलॉग है ना ‘घायल है इसलिए घातक है’, उसके पीछे की असली कहानी इस पार्ट में दिखाई गई है।

क्या है ‘धुरंधर 2’ की कहानी?

कहानी की नींव परिवार के बदले से रखी जाती है, जो धीरे-धीरे देश के लिए लड़ाई में बदल जाती है। जसकीरत का सपना फौज में जाकर देश की सेवा करना था, लेकिन हालात उसे एक ऐसे रास्ते पर ले जाते हैं जहां उसे अपने सपनों का त्याग करना पड़ता है। यही त्याग उसे हमजा मजारी बनाता है, एक ऐसा किरदार जो दुश्मनों के लिए खौफ का दूसरा नाम है।

रणवीर सिंह ने कर दिया कमाल

रणवीर सिंह ने इस फिल्म में अपने करियर के सबसे इंटेंस और खौफनाक रोल में खुद को साबित किया है। उनकी मारधाड़ न सिर्फ रियल लगती है, बल्कि कई जगहों पर दर्शकों को झकझोर देती है। कुछ सीन इतने खौफनाक हैं कि वे लंबे समय तक दिमाग में बने रह सकते हैं।

फिल्म का दूसरा हिस्सा जसकीरत के अतीत को खोलता है, उसके परिवार के साथ क्या हुआ, कैसे वह अंदर से टूट गया और क्यों वह इतना ‘घायल’ और फिर ‘घातक’ बना। यही इमोशनल बैकस्टोरी फिल्म को गहराई देती है। फिल्म में एक डायलॉग है, ‘दर्द को हौसले का ईंधन चाहिए होता है’ जो पूरी फिल्म की आत्मा बनकर उभरा है।

यह भी पढ़ें: Dhurandhar: The Revenge: सेंसर बोर्ड के आदेश पर फिल्म में हुए 21 बड़े बदलाव, पूरी कट लिस्ट आउट

इस पार्ट में अजय सनियाल का किरदार भी काफी अहम है, जो जसकीरत के अंदर की आग को पहचानता है और उसे एक मिशन देता है। उनका रोल कहानी को दिशा देता है और बताता है कि कैसे एक टूटा हुआ इंसान देश के लिए सबसे बड़ा हथियार बन सकता है।

रहमान डकैत को रिक्रिएट करने की कोशिश

फिल्म में कुछ सीन पुराने क्लासिक एक्शन स्टाइल को रीक्रिएट करने की कोशिश करते हैं, खासकर बालूचिस्तान में एंट्री वाला सीन, जो बड़े पर्दे पर शानदार लगता है और एक देसी-रॉ इंटेंसिटी लेकर आता है। हालांकि रणवीर भी इस सीन में बेहद दमदार दिखे हैं।

‘धुरंधर 2’ में क्या है खास?

रणवीर सिंह की दमदार और डार्क परफॉर्मेंस फिल्म को खास बनाती है। इसके साथ ही इमोशनल बैकस्टोरी और मजबूत डायलॉग्स, खौफनाक और रियलिस्टिक एक्शन सीक्वेंस काफी बेहतरीन है।

Dhurandhar 2 का डायरेक्शन फिल्म की सबसे बड़ी ताकतों में से एक बनकर सामने आता है। डायरेक्टर ने कहानी को सिर्फ एक रिवेंज ड्रामा बनाकर नहीं छोड़ा, बल्कि उसे इमोशन, देशभक्ति और मनोवैज्ञानिक गहराई के साथ पेश किया है। जस्किरत से हमज़ा मझारी बनने का ट्रांजिशन बहुत ही सधी हुई तरीके से दिखाया गया है, जहां हर सीन किरदार के अंदर के दर्द और गुस्से को मजबूत करता है।