जहां एक तरफ आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है, वहीं दूसरी तरफ ये फिल्म एक नए विवाद में फंस गई है। ‘धुरंधर 2’ में साल 1989 में आई फिल्म ‘त्रिदेव’ का ‘तिरछी टोपी वाले’ गाना इस्तेमाल किया गया है, इसी के कारण मेकर्स के लिए मुसीबत खड़ी हो गई है।
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक त्रिमूर्ति फिल्म्स ने आदित्य धर के प्रोडक्शन हाउस B62 स्टूडियोज के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। उनका आरोप है कि धर ने अपनी फिल्म में बिना अनुमति के गाने का इस्तेमाल किया है।
त्रिमूर्ति फिल्म्स इस गाने से जुड़ी प्रोडक्शन कंपनी है, जिसने ये दावा किया है कि गाने या उससे मिलता-जुलता वर्जन फिल्म में इस्तेमाल हुआ है, जबकि इसके लिए जरूरी म्यूजिक राइट्स या अनुमति नहीं ली गई। यह गाना कल्याणजी-आनंदजी और विजु शाह ने कंपोज किया था, इसके बोल आनंद बक्शी ने लिखे थे और इसे अमित कुमार और सपना मुखर्जी ने गाया था।
यह भी पढ़ें: धुरंधर 2 का मनोविज्ञान: रहमान डकैत हो या उजैर बलोच, क्यों खलनायकों के लिए जागी लोगों की हमदर्दी
रिपोर्ट के अनुसार, त्रिमूर्ति फिल्म्स ने अदालत से गाने के म्यूजिकल वर्क और साउंड रिकॉर्डिंग पर अधिकार या नियंत्रण की मांग की है। उनका कहना है कि फिल्म में इसका इस्तेमाल कॉपीराइट उल्लंघन के दायरे में आता है, जिसमें इसे पब्लिक प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज करना भी शामिल है।
फिल्म में इस गाने का हिस्सा ‘रंग दे लाल’ ट्रैक में इस्तेमाल किया गया है, जिसे शाश्वत सचदेव ने रीमिक्स और कंपोज किया है। इस मामले में गाने के आगे इस्तेमाल पर रोक लगाने, हर्जाना देने और अन्य राहत की मांग की गई है। साथ ही, थिएटर रिलीज, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स और मार्केटिंग के जरिए गाने से संभावित कमाई को लेकर भी आपत्ति जताई गई है।
यह भी पढ़ें: आदित्य धर ने ‘धुरंधर’ की कास्टिंग के लिए की मुकेश छाबड़ा की जमकर तारीफ, कास्टिंग डायरेक्टर ने दिया जवाब
फिल्म की कहानी पर भी लग चुका चोरी का आरोप
‘धुरंधर 2’ को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में संतोष कुमार आरएस ने आरोप लगाया कि फिल्म की कहानी उनकी रजिस्टर्ड स्क्रिप्ट ‘द साहब’ से कॉपी की गई है। इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए आदित्य धर ने उन्हें लीगल नोटिस भेजा और ऐसे बयान देने से बचने की चेतावनी दी। संतोष कुमार की ओर से कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर मामला कोर्ट तक पहुंचा, जहां हाईकोर्ट ने अंतरिम आदेश जारी करते हुए संतोष कुमार को फिल्म की स्क्रिप्ट से जुड़े आरोपों को दोहराने से रोक दिया। पूरा पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
