आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2’ की हर जगह चर्चा है। सोशल मीडिया से लेकर कॉलेज, ऑफिस, जिम, दोस्तों के बीच ये फिल्म एक हॉट टॉपिक रही। आज रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज ने हिंदी में 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। ये सिर्फ एक बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड नहीं बल्कि हिंदी सिनेमा के स्केल और दर्शकों की पसंद में आए बड़े बदलाव का संकेत है और बॉलीवुड का टर्निंग प्वाइंट भी है।
- 1000 करोड़: नंबर नहीं सोच बदली
एक समय था जब 100 करोड़ क्लब ही बड़ी उपलब्धि मानी जाती थी। फिर 500 करोड़, 800 करोड़… लेकिन धुरंधर 2 ने सीधे उस सीमा को तोड़ दिया, जो अभी तक बॉलीवुड के लिए असंभव थी।
धुरंधर 2 पहली हिंदी फिल्म बनी जिसने 1000 करोड़ का घरेलू आंकड़ा पार किया और फिल्म ने सिर्फ 3 हफ्तों में यह मुकाम हासिल किया, और चौथे हफ्ते में भी मजबूत पकड़ बनाए रखी।
साफ है कि अब बॉलीवुड पैन-इंडिया के साथ ग्लोबली भी अपना सिक्का जमा रहा है।
- कंटेंट और कमर्शियल का परफेक्ट फॉर्मूला
धुरंधर 2 की सबसे बड़ी ताकत यह रही कि इसने मास और क्लास के बीच की दूरी खत्म कर दी। जहां एक तरफ फिल्म में जासूसी थ्रिलर के साथ इमोशनल बैकस्टोरी दी, हाई-ऑक्टेन एक्शन के साथ पॉलिटिकल कहानी भी देखने को मिली। फिल्म में जहां लियारी की लोकल कहानी थी तो इंटरनेशनल पॉलिटिक्स का भी जिक्र था।
इतना सब कुछ होने के बावजूद फिल्म कहीं बोर नहीं करती, 4 घंटे लोगों को सीट से बांधे रखती है और जितनी बार लोग ये फिल्म देख रहे हैं उन्हें कुछ नई डिटेलिंग मिल रही है।
- रणवीर सिंह: स्टार नहीं परफॉर्मर
इस फिल्म के बाद रणवीर सिर्फ स्टार नहीं रहे- वह बॉक्स ऑफिस के किंग बन गए। फिल्म में उनका किरदार एक अंडरकवर एजेंट का है, जो दुश्मन इलाके में अपनी पहचान बदलकर रहता है। रणवीर की एक्टिंग की इंटेसिटी की खूब सराहना हुई।
आज के दौर में दर्शक को सिर्फ एक स्टार नहीं बल्कि परफॉर्मर चाहिए जो शुद्ध एंटरटेनर हो और रणवीर ने अपने काम से साबित कर दिया है।
- वर्ड ऑफ माउथ: असली गेम चेंजर
फिल्म की सफलता का सबसे बड़ा कारण प्रमोशन नहीं, बल्कि दर्शकों की प्रतिक्रिया थी। फिल्म की टीम कहीं भी प्रेस शो या इंटरव्यू करने नहीं गई बावजूद इसके थियेटर्स में कई हफ्तों तक भीड़ लगी रही, अभी भी फिल्म थियेटर्स में रन कर रही है। IPL जैसे बड़े इवेंट के बावजूद फिल्म की कमाई पर असर नहीं पड़ा।
- विवाद भी बना चर्चा का हिस्सा
जहां सफलता होती है, वहां विवाद भी होते हैं। आदित्य धर की फिल्म पर प्रोपेगैंडा होने के आरोप लगे। दिलचस्प बात यह है कि इन विवादों ने फिल्म को नुकसान नहीं, बल्कि और ज्यादा चर्चा दिलाई।
- विदेशों में भी धुरंधर 2 छाई
धुरंधर 2 ने सिर्फ भारत में नहीं, बल्कि विदेशों में भी रिकॉर्ड तोड़े। फिल्म ने 1500 करोड़ से ज्यादा का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया। नॉर्थ अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जैसे मार्केट्स में भी बड़ी सफलता हासिल की। यह साफ संकेत है कि अब हिंदी फिल्मों को देश से बाहर भी अच्छी ऑडियंस मिल रही है।
- धुरंधर 2 क्यों है बॉलीवुड का टर्निंग प्वाइंट
इस फिल्म ने बॉलीवुड को कई सीख दी है। फिल्म ने सिखाया है कि स्केल बड़ा होने के साथ-साथ कहानी में भी दम होना चाहिए। फिल्म ने साबित किया कि स्टारडम से ज्यादा कंटेंट लोगों को प्रभावित करता है। पैन-इंडिया अप्रोच जरूरी है। वर्ड ऑफ माउथ और खासकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बड़े मार्केटिंग टूल हैं।
यही वजह है कि धुरंधर 2 सिर्फ एक ब्लॉकबस्टर नहीं है बल्कि ये बॉलीवुड का शिफ्ट है। फिल्म ने साबित कर दिया है कि कहानी दमदार हो तो हिंदी फिल्में भी 1000 करोड़ की कमाई करके रिकॉर्ड बना सकती हैं।
