‘धुरंधर 2’ फिल्म थिएटर में रिलीज हो गई है और बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार कमाई कर रही है। फिल्म को लेकर लोग दो गुट में बंटे हुए हैं। कुछ को इसकी कहानी बेहतरीन लगी तो वहीं कुछ ने इसे बीजेपी की प्रचारक बताया है। यूट्यूबर ध्रुव राठी ने पहले पार्ट को लेकर फिल्म के निर्देशक आदित्य धर को प्रो बीजेपी बताया था और अब उन्होंने कहा है कि उनका कहना बिल्कुल ठीक था और लोग फिल्म देखने के बाद ये खुद समझ जाएंगे।

बता दें कि यूट्यूबर ध्रुव राठी ने दिसंबर में रिलीज हुई आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ की आलोचना की थी, अब सीक्वल पर भी निशाना साध रहे हैं। उनका दावा है कि दर्शक अब फिल्म निर्माता को भाजपा प्रचारक के रूप में देखेंगे।

ध्रुव ने X पर लिखा, “मैंने 3 महीने पहले ही आदित्य धर को BJP का प्रोपेगंडिस्ट कहा था। अब सबको ये साफ दिखेगा। पिछली फिल्म में ये चीज थोड़ी छुपी हुई थी, लेकिन इस बार ज्यादा ओवरकॉन्फिडेंस में वो पूरी तरह खुलकर सामने आ गई है। याद है मैंने कहा था-अच्छे तरीके से बना प्रोपेगंडा ज्यादा खतरनाक होता है? अब तो वो भी नहीं रहा, ये भी ढंग से बना हुआ नहीं लग रहा। हाहा।”

यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2 Box Office Collection Day 1: रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ ने रचा इतिहास, बनी हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनर

यूजर्स की प्रतिक्रिया

एक यूजर ने लिखा, “जब भी कोई आपकी बात को चुनौती देता है, आप उसे प्रोपेगेंडा कह देते हैं। इससे उनके बारे में कम और आपके बारे में ज्यादा पता चलता है।” दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “ओह, तो अब हर वो फिल्म जिससे आप सहमत नहीं हैं, अपने आप ‘प्रोपेगेंडा’ बन जाती है? ध्रुव राठी आपने तो महीनों पहले ही कह दिया था, ठीक है। लेकिन सिर्फ किसी चीज को लेबल करने से वो तथ्य नहीं बन जाती। असल विश्लेषण कहां है? कौन सा हिस्सा तथ्यात्मक रूप से गलत है, और वास्तव में क्या गलत तरीके से पेश किया जा रहा है? वास्तविक घटनाओं, संघर्षों या राष्ट्रीय सुरक्षा पर आधारित फिल्में हमेशा से बनती रही हैं, और सिर्फ इसलिए कि वे आपकी बात से मेल नहीं खातीं, उन्हें प्रोपेगेंडा कहना एक कमजोर तर्क है।”

पहले भी ध्रुव राठी ने ‘धुरंधर’ पर कसा था तंज

यह पहली बार नहीं है जब ध्रुव राठी ने धुरंधर फ्रेंचाइज की आलोचना की हो। जब ‘धुरंधर’ रिलीज हुई थी, तब उन्होंने एक डिटेल्ड वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने कहा था, “अच्छे तरीके से बना प्रोपेगंडा ज्यादा खतरनाक होता है। The Taj Story और The Bengal Films जैसी फिल्में खतरनाक नहीं थीं, क्योंकि वो खराब फिल्में थीं। लेकिन धुरंधर एक एंगेजिंग फिल्म है। समस्या यह है कि फिल्म बार-बार यह दिखाती है कि यह असली घटनाओं से प्रेरित है। ट्रेलर में भी यही कहा गया है। इसमें 26/11 हमलों की असली फुटेज दिखाई गई है और आतंकियों व उनके हैंडलर्स के बीच हुई बातचीत की असली ऑडियो रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही पाकिस्तान के लियारी इलाके के असली गैंगस्टर्स और पुलिस अधिकारियों पर आधारित किरदार भी दिखाए गए हैं।”

यह भी पढ़ें: ‘ऐसे रो जैसे…’, जब ‘धुरंधर 2’ में रहमान डकैत का उठा जनाजा तो आदित्य धर ने एक्टर को दी थी ये सलाह

‘धुरंधर’ के ट्रेलर पर भी किया था रिएक्ट

इससे पहले भी ‘धुरंधर‘ के ट्रेलर पर प्रतिक्रिया देते हुए ध्रुव राठी ने आदित्य धर पर निशाना साधा था। उन्होंने लिखा था, “आदित्य धर ने बॉलीवुड में सस्ती चीजों की हद पार कर दी है। उनकी नई फिल्म के ट्रेलर में दिखाई गई जबरदस्त हिंसा, खून-खराबा और टॉर्चर ऐसा है जैसे ISIS की सिर काटने वाली वीडियो को देखकर उसे ‘एंटरटेनमेंट’ कहा जा रहा हो। पैसों की उनकी लालसा इतनी बढ़ गई है कि वो जानबूझकर युवा पीढ़ी के दिमाग को प्रभावित कर रहे हैं, उन्हें इस तरह की हिंसा के प्रति संवेदनहीन बना रहे हैं और अकल्पनीय टॉर्चर को महिमामंडित कर रहे हैं।”