सलमान खान की ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ महीनों से रिलीज को तरस रही है। कई रिपोर्ट्स में कहा गया है कि 2020 के युद्ध के बाद भारत और चीन के बीच सुधरते कूटनीतिक संबंध फिल्म की रिलीज में देरी की वजह हैं। साथ ही बताया गया है कि कथित रूप से सलमान की फिल्म के कई सीन रीशूट हुए हैं।

अब यूट्यूबर ध्रुव राठी ने दावा किया है कि सरकार, चीन के डर से फिल्म निर्माताओं पर ‘मातृभूमि’ को फिर से शूट करने का दबाव बना रही है।

ध्रुव राठी ने किया बड़ा दावा

रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ध्रुव राठी ने आरोप लगाया, ‘सलमान खान की एक फिल्म बन रही थी, जिसमें चीन की आलोचना करने वाले कुछ तत्व थे। सरकार में हिम्मत नहीं थी कि उसे जैसी बनी थी वैसी ही रिलीज होने दे। फिल्म का पूरा रीशूट करवाया गया, और निर्माताओं को कहा गया कि चीन को अनुकूल रोशनी में दिखाया जाए। उनसे कहा गया, ‘हम उनके खिलाफ इतनी दूर तक नहीं जा सकते।’ वे कायर हैं। वे चीन, अमेरिका और एलन मस्क से डरते हैं। एक व्यक्ति के तौर पर मैं किसी का पक्ष नहीं लेता। मैं सबके खिलाफ बोलता हूं।’

ध्रुव राठी को 10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले सीजेपी प्रदर्शन से पहले उनके गुरुग्राम स्थित घर से डिटेन कर लिया गया था। अगले दिन उन्हें छोड़ दिया गया। ऐसे में राठी ने 11 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस रकी, जिसके दौरान सलमान खान की फिल्म से जुड़े विवाद सहित कई मुद्दों पर उन्होंने बात की।

मातृभूमि को मिली मंत्रालय से मंजूरी?

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट में हाल ही में बताया गया था कि ‘मातृभूमि’ को थिएटर में रिलीज के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिल गया है। रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से कहा गया कि अधिकारी निर्माताओं द्वारा प्रस्तुत संशोधित संस्करण से संतुष्ट थे और बाद में NOC जारी कर दिया। नए संस्करण में कथित तौर पर भारत-चीन संबंधों को ज्यादा सकारात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है।

सलमान खान कथित तौर पर फिल्म के लिए 13 नवंबर की रिलीज डेट देख रहे हैं। हालांकि इसकी थिएटर में एंट्री इस बात पर निर्भर करेगी कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) को आवश्यक सेंसर सर्टिफिकेट जारी करने में कितना समय लगता है। ये कथित मंजूरी फिल्म में पर्याप्त बदलावों के बाद मिली है।

और पढ़ें: ‘कितना डराने की कोशिश करोगे?’, CJP प्रोटेस्ट में डिटेन हुई आमिर खान की भांजी, दिखाए चोट के निशान

बैटल ऑफ गलवान से मातृभूमि तक

शुरुआत में सलमान खान की इस फिल्म का नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था। यह भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच 2020 के गलवान घाटी संघर्ष पर आधारित थी।

‘बैटल ऑफ गलवान’ नाम से फिल्म का टीजर भी रिलीज किया गया था। इसमें सलमान को कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू के रूप में दिखाया गया, जो 16 बिहार रेजिमेंट के 19 अन्य जवानों के साथ गलवान घाटी संघर्ष के दौरान शहीद हो गए थे।

टीजर को चीनी सरकारी मीडिया की आलोचना का भी सामना करना पड़ा था। जनवरी में विदेश मंत्रालय ने साफ किया था कि ‘ऐसे उपक्रमों में उनकी कोई भूमिका नहीं है।’

मार्च में फिल्म का नाम बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया गया। निर्देशक अपूर्व लाखिया ने बाद में हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि ‘बैटल ऑफ गलवान’ और ‘मातृभूमि’ दोनों टाइटल शुरू से ही रजिस्टर किए गए थे। उन्होंने साफ किया था कि पिक्चर का टाइटल बदलने का फैसला रातों-रात नहीं लिया गया था।

और पढ़ें: फैजू ने निकाह के व्लॉग में दिखाई इनसाइड तस्वीरें, बेगम के सरनेम बदलने पर की बात

बदलाव के पीछे के तर्क को समझाते हुए लाखिया ने कहा था कि निर्माताओं को अंत में लगा कि फिल्म सिर्फ एक जंग के बारे में नहीं है, बल्कि ‘मानवता, सहानुभूति और उन खामोश लड़ाइयों के बारे में भी है जो हमारे सैनिक लड़ते हैं।’

बाद में रिपोर्ट्स सामने आईं कि निर्माताओं ने फिल्म के युद्ध के सीन्स और चीन-विरोधी तत्वों को कम कर दिया है। कथित तौर पर मुंबई में रीशूट और पैचवर्क हुआ है।

इस विवाद ने CBFC के संशोधित प्रमाणन दिशानिर्देशों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया, जिसमें कहा गया है कि फिल्मों को ‘विदेशी राज्यों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों’ में खिंचाव नहीं लाना चाहिए।

शुरू में ‘मातृभूमि’, इस साल अप्रैल में रिलीज होने वाली थी। मगर इसे कई बार पोस्टपोन किया गया। अभी तक इसकी रिलीज की तारीख की पुष्टि नहीं हुई है।