Dhamaal 4 Box Office Collection Day 6: अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। ये फिल्म 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और छह दिनों के भीतर फिल्म ने भारत में 100 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है।
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के छठे दिन 6.50 करोड़ रुपये नेट की कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 89.75 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 107.11 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
विदेशों में भी ‘धमाल 4’ अच्छा कारोबार कर रही है। छठे दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में 1.25 करोड़ रुपये की कमाई की, जिसके बाद इसका कुल विदेशी ग्रॉस कलेक्शन 17.25 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, फिल्म की वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई 124.36 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।
फिल्म ने पहले वीकेंड में दमदार शुरुआत की थी। हालांकि, वीकडेज में कलेक्शन में हल्की गिरावट देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद फिल्म की कमाई लगातार मजबूत बनी हुई है।
फिल्म का रिव्यू पढ़ें: Dhamaal 4 Review: खजाने की तलाश में निकली ‘धमाल 4’ की कास्ट, जानें कैसी है अजय देवगन और अरशद वारसी की फिल्म
‘धमाल 4’ ने पहले दिन 14 करोड़ रुपये की कमाई के साथ बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत की थी। दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म की कमाई बढ़कर 22.50 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि रविवार को इसने 28.50 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया। वीकेंड के बाद सोमवार को कलेक्शन घटकर 8.75 करोड़ रुपये रह गया, लेकिन मंगलवार को फिल्म ने फिर रफ्तार पकड़ते हुए 9.50 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, बुधवार यानी रिलीज के छठे दिन फिल्म ने 6.50 करोड़ रुपये नेट का कारोबार किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 89.75 करोड़ रुपये हो गया।
ऑक्यूपेंसी की बात करें तो बुधवार को ‘धमाल 4’ की कुल हिंदी ऑक्यूपेंसी 14.12 फीसदी दर्ज की गई। सुबह के शोज में ऑक्यूपेंसी 6.92 फीसदी रही, जबकि दोपहर के शोज में यह बढ़कर 13.62 फीसदी हो गई। शाम के शोज में 15.31 फीसदी दर्शक पहुंचे और रात के शोज में सबसे ज्यादा 19 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई, जो दर्शाती है कि फिल्म को शाम और रात के शो में बेहतर रिस्पॉन्स मिल रहा है।
यह भी पढे़ं: ‘बॉलीवुड गॉसिप’ है प्रियंका चोपड़ा से शादी का सबसे मजेदार हिस्सा, दिखाई वो पहली चैट जिससे हुई थी प्यार की शुरूआत
‘धमाल 4’ का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है। फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, संजय मिश्रा, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। कॉमेडी और एंटरटेनमेंट से भरपूर इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसी बीच मेकर्स ने यह भी पुष्टि कर दी है कि ‘धमाल 5’ पर काम शुरू हो चुका है और फ्रेंचाइजी का अगला भाग भी जल्द दर्शकों के सामने लाया जाएगा।
