बॉलीवुड में तमाम ऐसी प्रेम कहानियां हैं जो अधूरी होकर भी सबसे ज्यादा याद की जाती हैं। उनकी मोहब्बत भले ही मुकम्मल न हो सकी, लेकिन आज भी उनके किस्से लोगों के दिलों में जिंदा हैं। ऐसी ही एक प्रेम कहानी थी देव आनंद और सुरैया की। देव आनंद और सुरैया की अमर प्रेम कहानी आज भी लोगों को याद है।
उनकी मोहब्बत से जुड़े कई किस्से दुनिया मशहूर हैं। ऐसा ही एक किस्सा है जब दोनों के ब्रेकअप के बाद उनकी धोखे से पहली और आखिरी बार मुलाकात हुई थी। इस बारे में देव आनंद के पूर्व सेक्रेटरी अशोक सिन्हा ने सालों बाद खुलासा किया। अशोक का कहना है कि वो आज भी सुरैया का वो चेहरा नहीं भूले हैं, जो उनका देव साहब से मिलने के बाद था।
यह भी पढ़ें- माधुरी दीक्षित ने 824% मुनाफे के साथ 4.85 करोड़ में बेचा अपना मुंबई स्थित ऑफिस, जानिए 18 साल पहले कितने में था खरीदा
देव आनंद और सुरैया की अधूरी प्रेम कहानी
अपने करियर के शुरूआती समय में देव आनंद को अपनी को-स्टार सुरैया से प्यार हो गया था, सुरैया भी देव साहब को बेहद प्यार करती थीं। देव ने उनसे शादी के लिए प्रस्ताव भी सामने रखा। उनका विवाह अंतरधार्मिक होने वाला था, लेकिन सुरैया की दादी को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। इसी कारण उनका रिश्ता टूट गया।
जब दोनों का रिश्ता टूटा तो सुरैया ने जीवनभर शादी नहीं करने का फैसला किया, जबकि देव आनंद अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गए। ब्रेकअप के बाद दोनों की कभी मुलाकात नहीं हुई।
देव आनंद नहीं चाहते थे सुरैया से मिलना
सालों बाद जब एक कार्यक्रम के दौरान दोनों को दोबारा मिलाने की कोशिश की गई, तो यह घटना देव आनंद को बिल्कुल पसंद नहीं आई। उनके पूर्व सेक्रेटरी अशोक सिन्हा ने हाल ही में विक्की लालवानी के यूट्यूब चैनल पर इस किस्से का जिक्र किया।
अशोक सिन्हा ने बताया कि फिल्म सिटी में आयोजित एक समारोह के दौरान देव आनंद से कहा गया कि सुरैया उनसे मिलना चाहती हैं। यह एक बेहद सेंसेटिव मामला था, इसलिए उन्होंने पहले देव आनंद से इसकी अनुमति मांगी। लेकिन देव आनंद ने सुरैया से मिलने से साफ इनकार कर दिया।
अशोक के मुताबिक, उस समय देव आनंद इस प्रस्ताव से काफी असहज हो गए थे। उन्होंने किसी भी तरह की मुलाकात से बचने का फैसला किया और कार्यक्रम में रुकने के बजाय तुरंत वहां से चले गए। इतने वर्षों बाद भी वे सुरैया से आमने-सामने मिलने के इच्छुक नहीं थे।
जब मंच पर अचानक आमने सामने आए देव-सुरैया
उस दिन मशहूर रेडियो होस्ट अमीन सयानी कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे थे। देव और अशोक मंच के पास अपनी एंट्री का इंतज़ार कर रहे थे कि तभी देव को बताया गया कि उन्हें सुरैया के साथ मिलकर पुरस्कार प्रदान करना है। यह सुनकर देव हैरान रह गए और उन्होंने कहा, “यह तो मेरे हिसाब से तय ही नहीं था।”
यह भी पढ़ें- सुरैया के इश्क में इस कदर दीवाना हुआ फैन, शादी की बारात लेकर पहुंच गया था उनके घर | रील गाथा
अवार्ड को पेश करने के लिए मंच तैयार था और घोषणा होने में कुछ ही पल बाकी थे, लेकिन देव ने कार्यक्रम को रोक दिया और कहा कि यह संभव नहीं है। उन्होंने इसे एक चाल बताते हुए कहा, “यह कोई तरकीब है।”
बातचीत चल ही रही थी कि तभी सुरैया भी वहां आ गईं और देव आनंद के ठीक पीछे खड़ी हो गईं। उस समय तक दोनों ने कई दशकों से एक-दूसरे को नहीं देखा था। जैसे ही देव आनंद मुड़े, उनकी नजर सुरैया पर पड़ी और सालों बाद दोनों पुराने प्रेमी आमने-सामने थे।
एक स्पर्श से ताजा हो गईं पुरानी यादें
अशोक ने उस भावुक पल को याद करते हुए कहा, “मैं सुरैया के चेहरे के उस भाव को कभी नहीं भूल सकता। उनकी आँखों में आंसू आने वाले थे। देव आनंद के चेहरे पर भी वही भाव थे। कुछ पल तक दोनों बिल्कुल शांत रहे। फिर उन्होंने सुरैया के गाल को छुआ और बस इतना कहा, ‘सुरैया…’। इसके बाद कुछ नहीं कहा गया।”
इस एक मुलाकात ने दोनों के बीच उन पुरानी यादों के दोबारा जगा दिया जो शायद काफी समय पहले कहीं दब चुकी थी, छिप चुकी थी।
