कई बॉलीवुड सितारों की तरह जान्हवी कपूर ने भी अपने पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। उनकी वकील ने करीब 4,000 वेब लिंक कोर्ट के सामने रखे। इनमें सोशल मीडिया पर मौजूद उनके फैन पेज भी शामिल हैं, जहां उनके खिलाफ गाली-गलौज और उनके काम को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। इसके अलावा, एआई और डीपफेक का इस्तेमाल करके उनके चेहरे और पहचान का अश्लील कंटेंट के लिए गलत इस्तेमाल करने और उनके नाम पर सामान या सेवाएं बेचने के मामले भी शामिल हैं।
दिल्ली हाई कोर्ट ने रोक लगाने से किया इनकार
हालांकि, दिल्ली हाई कोर्ट ने जान्हवी कपूर से जुड़े सभी फैन क्लब्स पर एक साथ ‘ब्लैंकेट बैन’ लगाने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि आलोचना और ऑनलाइन गालियां अब पब्लिक लाइफ का हिस्सा बन गई हैं और न्यायपालिका भी ऐसी टिप्पणियों से अछूती नहीं है।
जज ने कहा, “जहां अश्लीलता है, कमाई की जा रही है या बेहद गलत और आपत्तिजनक कंटेंट है, वहां मैं आपके साथ हूं। लेकिन आप सभी फैन क्लब्स को कैसे बंद कर सकते हैं? आज इससे कौन बचा हुआ है? जो भी पब्लिक डोमेन में है, उसे हर तरफ से गालियां मिल रही हैं। तो क्या हुआ? हमें भी गालियां मिलती हैं, लेकिन यह अलग बात है। आप पब्लिक डोमेन में हैं।”
हर चीज पर रोक लगाना संभव नहीं
कोर्ट ने यह भी कहा कि कानून के तहत हर चीज पर रोक लगाना संभव नहीं है। ‘लाइव लॉ’ के अनुसार कोर्ट ने कहा, “हम एक सीमा तय करेंगे, लेकिन वह सीमा कहां होनी चाहिए? आज कई लोग अपनी गलतियों को छिपाने के लिए सेलिब्रिटी या पर्सनैलिटी राइट्स का सहारा ले रहे हैं। कोर्ट इसकी अनुमति कैसे दे सकता है?”
जज ने यह भी माना कि कुछ फैन क्लब्स जान्हवी की पर्सनैलिटी राइट्स का कमर्शियल एक्सप्लॉइटेशन कर सकते हैं, लेकिन जरूरी नहीं कि सभी फैन क्लब्स गलत हों। जज ने कहा कि इनमें से कुछ कंटेंट व्यंग्य या उनके काम की आलोचना भी हो सकता है। कोर्ट ने जान्हवी की वकील से 4,000 यूआरएल लिंक को तीन कैटेगरी में बांटने को कहा है- ‘पोर्नोग्राफिक और अश्लील’, ‘सीधे तौर पर उनकी पर्सनैलिटी राइट्स से कमाई करने वाले’ और ‘उनकी तस्वीर, नाम या पहचान का इस्तेमाल करके सामान या सेवाएं बेचने वाले।’ इसके बाद कोर्ट इन मामलों पर फैसला लेगा।
इन सेलिब्रिटीज ने भी किया अदालत का रुख
पिछले कुछ सालों में कई सेलिब्रिटीज ने अपने पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए अदालत का रुख किया है। इनमें अमिताभ, जया बच्चन, अभिषेक और ऐश्वर्या राय, ऋतिक रोशन, नागार्जुन, सलमान खान, सुनील शेट्टी, अजय देवगन, कार्तिक आर्यन समेत कई नाम शामिल हैं।
हालांकि, जान्हवी कपूर के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने सभी फैन क्लब्स पर रोक लगाने के बजाय सेलिब्रिटीज से ज्यादा स्पष्ट और सही दावे करने को कहा है। सुनवाई के दौरान जज ने कहा, “मैं चाहता हूं कि आप सभी वकील पर्सनैलिटी राइट्स के कॉन्सेप्ट को सही तरीके से समझने में कोर्ट की मदद करें। यह मामला हाथ से निकलता जा रहा है।”
