दिल्ली हाई कोर्ट ने एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ पोस्ट की गई फर्जी खबरों और अश्लील ऑनलाइन कंटेंट को हटाने का आदेश दिया। हाल ही में कंगना ने अपने पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा की मांग करते हुए कोर्ट में एक याचिका दर्ज की थी। इसपर विचार किया जा रहा था।
कोर्ट ने सुनाया फैसला
कंगना रनौत बनाम मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक और अन्य का मामला दिल्ली हाई कोर्ट में चल रहा है। इस मामले में जस्टिस विकास महाजन ने 8 अक्टूबर को अंतरिम आदेश पारित किया था। इसमें फेसबुक और इंस्टाग्राम के मालिक मेटा को कंगना द्वारा फ्लैग की गई आपत्तिजनक सामग्री को 72 घंटों के भीतर हटाने का निर्देश दिया गया था।
कोर्ट ने केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और दूरसंचार विभाग को भी निर्देश दिया कि वे ऐसी सामग्री होस्ट करने वाली वेबसाइटों तक पहुंच को 72 घंटों के भीतर ब्लॉक करने के लिए संबंधित इंटरनेट सेवा प्रदाताओं और टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं को निर्देश जारी करें।
कोर्ट ने 8 अक्टूबर को मामले में नोटिस भी जारी किया था, ताकि कंगना रनौत के पर्सनालिटी राइट्स का उल्लंघन करने वाली सामग्री प्रकाशित करने के आरोपी सोशल मीडिया मध्यस्थों और संस्थाओं से जवाब मांगा जा सके।
कंगना रनौत को दिया गया हक
सुनवाई के दौरान, कंगना रनौत के वकील ने एक्ट्रेस के बारे में प्रसारित हो रही फर्जी खबरों और उनके बारे में ऑनलाइन अपलोड की गई अश्लील AI-जनरेटेड सामग्री को फ्लैग किया था।
ऐसी आपत्तिजनक सामग्री को हटाने का निर्देश देते हुए अपने अंतरिम आदेश में कोर्ट ने कंगना को यह स्वतंत्रता भी दी कि अगर उन्हें कोई और अपमानजनक सामग्री मिलती है, तो वे मेटा और अन्य इंटरनेट मध्यस्थों से संपर्क कर सकती हैं, ताकि उसे हटाया जा सके।
कोर्ट ने कहा, ‘वादी को मुकदमा दायर करने के बाद खोजे गए और भी उल्लंघनकारी URLs, अकाउंट्स, चैनलों या कंटेंट के बारे में प्रतिवादियों को सूचित करने की अनुमति है, जो इसके बाद वादी को नई कार्यवाही शुरू करने की आवश्यकता के बिना उसे हटा देंगे या उस तक पहुंच को अक्षम कर देंगे।’
और पढ़ें: विदेश और भारत में एक ही दिन रिलीज होगी ‘रामायण’, मेकर्स ने सभी गलत दावों को किया खारिज
कोर्ट में एडवोकेट साकेत सिकरी, अनसूया चौधरी, प्रखर खन्ना, विकल्प मुदगल, शमीन यासर और सुधा प्रधान, कंगना रनौत के लिए पेश हुए थे। केंद्र सरकार के स्थायी वकील सत्य रंजन स्वैन पैनल वकील नवीन और एडवोकेट संस्कार गुप्ता, तुषार हजरती और कौटिल्य बिराट के साथ केंद्र सरकार के लिए पेश हुए थे।
कंगना रनौत की याचिका पर अगली सुनवाई 3 फरवरी 2027 को होगी।
