सनी देओल की आने वाली फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। कुछ दिन पहले फिल्म के टीजर को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। आरोप लगाया गया कि फिल्म में प्राइवेट अस्पतालों के डॉक्टरों को भ्रष्ट दिखाया गया है और इस तरह की कहानी हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा दे सकती है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई (PTI) के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में केंद्र सरकार, सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) और फिल्म के प्रोड्यूसर्स से जवाब मांगा है। कोर्ट इस मामले पर अगली सुनवाई 16 नवंबर को करेगा। वहीं फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

यह याचिका दिल्ली के अलग-अलग कॉर्पोरेट अस्पतालों में प्रैक्टिस करने वाले चार डॉक्टरों डॉ. निशांत सोनी, डॉ. आशीष तोमर, डॉ. रवि भाटिया और डॉ. शिवम वत्सल ने दाखिल की है। इनमें से कुछ डॉक्टर DOCS यानी डॉक्टर्स ऑफ कॉर्पोरेट सोसाइटी के पदाधिकारी भी हैं।

डॉक्टरों ने टीजर पर क्यों जताई आपत्ति?

याचिकाकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने ‘सूर्या’ के टीजर को लेकर संबंधित अधिकारियों से शिकायत की थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्हें कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा।

डॉक्टरों के मुताबिक, फिल्म का टीजर प्राइवेट अस्पतालों और वहां काम करने वाले डॉक्टरों की छवि को गलत तरीके से पेश करता है। इससे हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स के खिलाफ लोगों में गुस्सा और हिंसा की भावना बढ़ सकती है।

याचिका में कहा गया है कि अस्पतालों में मरीजों के परिजनों की ओर से डॉक्टरों पर हमले की घटनाएं पहले से ही सामने आती रहती हैं। ऐसे में इस तरह का कंटेंट डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए सही में खतरा पैदा कर सकता है।

और पढ़ें: भतीजे की मौत के बाद सदमे में हनी सिंह, भाई को गले लगाकर रोए, Video

मलयालम फिल्म की हिंदी रीमेक है सूर्या?

याचिका में मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि ‘सूर्या’, साल 2018 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म ‘जोसेफ’ का हिंदी रीमेक है। दिलचस्प बात यह है कि मलयालम फिल्म को भी एम. पद्मकुमार ने डायरेक्ट किया था, जो इस हिंदी फिल्म के भी निर्देशक हैं।

‘जोसेफ’ की कहानी एक रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक प्राइवेट अस्पताल में ब्रेन-स्टेम डेथ सर्टिफिकेशन के जरिए अंगों की खरीद-फरोख्त से जुड़े कथित रैकेट का पर्दाफाश करता है।

टीजर में डॉक्टरों को दिखाया गया खराब?

डॉक्टरों ने अपनी याचिका में कहा है कि फिल्म का टीजर 19 अक्टूबर को जी म्यूजिक कंपनी (Zee Music Company) के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया था। टीजर में कहानी को ‘अविश्वसनीय सच्ची घटनाओं से प्रेरित’ बताया गया है और मेडिकल सिस्टम की ‘चौंकाने वाली सच्चाई’ दिखाने का दावा किया गया है।

याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि फिल्म की कहानी काल्पनिक होने के बावजूद उसे सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताकर पेश किया जा रहा है।

उनके मुताबिक, टीजर में दिखाया गया है कि एक प्राइवेट अस्पताल में ब्रेन-स्टेम डेथ घोषित होने के बाद एक युवती के अंगदान के लिए सहमति ली जाती है। इसके अलावा डॉक्टरों पर मरीजों से ज्यादा पैसे वसूलने, गैर-जरूरी टेस्ट कराने और कमीशन लेने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

याचिका में टीजर पर दर्शकों की ओर से किए गए कुछ कमेंट्स का भी जिक्र है। डॉक्टरों का दावा है कि इन कमेंट्स में मेडिकल प्रोफेशन से जुड़े लोगों के खिलाफ धमकियां और हिंसा की अपील तक की गई है।

और पढ़ें: 3 दशकों से हिंदी सिनेमा के ‘किंग’ हैं शाहरुख खान, चार्म से फैंस संग बॉक्स ऑफिस पर भी चलाया जादू

डॉक्टरों ने कोर्ट से क्या मांग की है?

याचिकाकर्ताओं ने कोर्ट से मांग की है कि फिल्म और उसके प्रमोशनल कंटेंट की जांच की जाए। साथ ही जरूरत पड़ने पर फिल्म और टीजर में बदलाव या जरूरी कट लगाने के निर्देश दिए जाएं।

इसके अलावा उन्होंने मांग की है कि फिल्म में एक साफ डिस्क्लेमर लगाया जाए, जिसमें बताया जाए कि इसकी कहानी पूरी तरह काल्पनिक है और इसे सच्ची घटनाओं पर आधारित न समझा जाए।

डॉक्टरों ने यह भी अपील की है कि जब तक संबंधित अधिकारी टीजर की जांच नहीं कर लेते, तब तक इसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटाया जाए या ब्लॉक किया जाए। साथ ही ऑनलाइन रिलीज होने वाले फिल्मी टीजर और ट्रेलर को भी फिल्म सर्टिफिकेशन के दायरे में लाने के लिए दिशा-निर्देश बनाने की मांग की गई है।

फिलहाल दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार और फिल्म के मेकर्स को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। हालांकि कोर्ट ने टीजर की स्क्रीनिंग या ऑनलाइन उपलब्धता पर रोक नहीं लगाई है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 16 नवंबर को होगी, जो फिल्म की 20 नवंबर को होने वाली रिलीज से ठीक चार दिन पहले है। ‘सूर्या’ फिल्म का टीजर देखने के लिए क्लिक करें…