निर्माता अमित जानी की फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी’ लंबे समय से चर्चा में बनी हुई है। सलमान खान की टीम ने फिल्म के प्रोड्यूसर को नोटिस भेजा था कि वह इस मूवी पर रोक लगा दें, लेकिन अमित ने उनकी बात मानने से इंकार कर दिया। इसके बाद फिल्म के मेकर्स के खिलाफ एक्टर ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की। जिसमें कहा गया कि यह फिल्म उनके साल 1998 के काला हिरण मामले पर आधारित है।
सलमान खान ने कोर्ट से अपील की है कि ‘काला हिरण: बैटल फॉर लेगेसी’ की प्रोडक्शन, प्रमोशन और रिलीज पर तुरंत रोक लगाई जाए। इस मामले पर बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई होनी थी, लेकिन अब इसमें एक नया मोड़ आ गया। दरअसल, कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई 6 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी है। इसके बाद अब अमित जानी ने इसे लेकर रिएक्ट किया है।
अमित जानी ने किया पोस्ट
निर्माता अमित जानी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, “सलमान खान को आज भी नही मिली दिल्ली हाईकोर्ट से राहत, फिल्म पे कोई रोक नही, मामले की सुनवाई 6 जुलाई तक टली। मैंने पहले भी कहा था अदालत के लिए ना कोई स्टार है ना वे किसी ग्लैमर को मानती है। खुद से खुद को बॉलीवुड का बाप कहने से काला हिरण नहीं रुक जाएगी। ये 8000 सिनेमाघरों पे रिलीज होगी और पूरी दुनिया मे एक साथ होगी।”
यूजर्स ने दिया अमित के पोस्ट पर रिएक्शन
अमित के पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए एक शख्स ने लिखा, “क्यों भाई के पीछे पड़े हो और भी मुद्दे हैं इस देश के उन पर बनाओ फिल्म। रोजगार नहीं मिल रहा है लोगों को, क्राइम इतना बढ़ रहा है, चोरी हो रही है ये सब नहीं देखते हो क्या।” एक अन्य ने लिखा, “तू 80 हजार सिनेमा भी रिलीज करदे फिर भी वो 8 करोड़ नहीं कमा पाएगी। उदयपुर फाइल के लिए जैसे भीख मांगी है वैसे ही इसके लिए मांग रहा है।”
बीते दिन आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में अमित जानी ने सलमान खान पर कई आरोप लगाए थे। साथ ही यह भी कहा था कि उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इस खबर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
