दिल्ली हाईकोर्ट ने रैपर्स हनी सिंह और बादशाह के विवादित गाने ‘वॉल्यूम 1’ पर सख्त कार्रवाई करते हुए इसे सभी प्लेटफॉर्म्स से हटाने का आदेश दिया है।
न्यायमूर्ति पुरुषेन्द्र कुमार कौरव ने केंद्र सरकार, सोशल मीडिया कंपनियों और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स को निर्देश दिया कि इस गाने को हर रूप में ब्लॉक किया जाए। कोर्ट ने साफ कहा कि गाने का कोई भी हिस्सा चाहे ऑडियो, वीडियो या लिरिक्स पब्लिक डोमेन में नहीं रहना चाहिए।
अदालत ने इस गाने को अश्लील और महिलाओं के प्रति बेहद अपमानजनक बताते हुए कहा कि यह ऐसा दुर्लभ मामला है, जहां अदालत की अंतरात्मा पूरी तरह झकझोर दी गई। कोर्ट के अनुसार, गाने के बोल महिलाओं को वस्तु की तरह पेश करते हैं और ऐसे व्यवहार को सामान्य बनाने की कोशिश करते हैं, जिसे किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
यह भी पढ़ें: ‘पहला ड्राफ्ट कभी परफेक्ट नहीं होता’, जब आदित्य धर ने बताया कैसे होती है स्क्रीनराइटिंग| सिनेमा का सिस्टम
कोर्ट ने यह भी नोट किया कि हाल ही में एक कॉन्सर्ट में हनी सिंह ने इस गाने के कुछ हिस्से गाए थे। इसके बाद अदालत ने दोनों कलाकारों को नोटिस जारी कर अपने-अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से भी इस गाने को हटाने का निर्देश दिया।
यह आदेश हिंदू शक्ति दल की याचिका पर दिया गया। अदालत ने याचिकाकर्ता को यह अनुमति भी दी कि वह गाने से जुड़े सभी लिंक (URLs) की सूची तैयार कर सरकार को सौंपे, ताकि उन्हें तुरंत ब्लॉक किया जा सके।
यह भी पढ़ें: ‘हेरा फेरी 3’ पर फिर मंडराये संकट के बादल, अब राइटर ने बीच में ही छोड़ी अक्षय कुमार-परेश रावल स्टारर फिल्म
‘वॉल्यूम 1’ लगभग दो दशक पुराना गाना है, जो अपने रिलीज के समय काफी लोकप्रिय हुआ था, लेकिन इसके अश्लील बोलों और विवादों के कारण लंबे समय से आलोचना झेलता रहा है।
