दीपिका पादुकोण इन दिनों अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी के लिए काफी चर्चा में हैं। एक्ट्रेस इस समय अपनी प्रेग्नेंसी के सातवें महीने को इंजॉय कर रही हैं। इसी बीच खबर सामने आती है कि वह अपनी आने वाली फिल्म ‘राका’ के लिए शूटिंग भी कर रही हैं। इतना ही नहीं, 8 घंटे की शिफ्ट वाला मुद्दा उठाने वाली एक्ट्रेस अब इस फिल्म की शूटिंग पूरी करने के लिए नाइट शिफ्ट्स में भी काम कर रही हैं, ताकि फिल्म को तय समय पर रिलीज किया जा सके।
यह भी पढ़ें- ‘जब कर्ज वसूलने घर आ जाते थे लोग’, विजय सेतुपति ने याद किए मुश्किल दिन, बताया कैसे पिता के साथ झेला संघर्ष
फिल्म ‘राका’ एक एक्शन से भरपूर फिल्म होगी जिसमें एक्ट्रेस साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के साथ नजर आएंगी। वैरायटी इंडिया की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, दीपिका ‘राका’ की शूटिंग हर दिन बिना रुके कर रही हैं। आठ घंटे की तय वर्क शिफ्ट और वर्क-लाइफ बैलेंस की वकालत करने के बावजूद, वह अपनी आने वाली फिल्म ‘राका’ को तय समय पर पूरा करने के लिए पूरी तरह से जुटी हुई हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, सात महीने की प्रेग्नेंसी में भी दीपिका नाइट शिफ्ट कर रही हैं और शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण एक्शन सीक्वेंस भी शूट कर रही हैं। मैटरनिटी लीव पर जाने से पहले वह अपना पूरा ध्यान इस प्रोजेक्ट को पूरा करने पर लगा रही हैं और फिल्म की हाई-ऑक्टेन एक्शन सीन्स को सफलतापूर्वक पूरा भी कर रही हैं।
बता दें कि फिल्म ‘राका’ की टीम दीपिका पादुकोण से काफी प्रभावित है। टीम के एक सदस्य ने कहा, “दीपिका ने मैटरनिटी ब्रेक पर जाने से पहले हर हाल में फिल्म पूरी करने का फैसला किया था। कुछ एक्शन सीक्वेंस बेहद मुश्किल और थका देने वाले थे, लेकिन इन चुनौतियों के बावजूद उन्होंने सब कुछ सफलतापूर्वक पूरा किया।”
यह भी पढ़ें- ‘किशोर कुमार की बायोपिक नहीं बननी चाहिए’, बेटे अमित कुमार ने पिता की बायोपिक पर आपत्ति जताते हुए बताई वजह
टीम मेंबर ने बात पूरी करते हुए कहा, “सेट पर हर किसी के लिए दीपिका को इस तरह काम करते देखना प्रेरणादायक है। इसके अलावा ये भी गौर करने वाली बात है कि घर पर उनकी डेढ़ साल की बेटी भी है, जिसे वह पूरा समय और प्यार देती हैं।”
एटली के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ‘राका’ एक शानदार साइंस-फिक्शन फैंटेसी एक्शन फिल्म है, जिसमें अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण लीड रोल में नजर आएंगे। ये फिल्म बड़े स्तर पर बनाई जा रही हैं और इस पैन इंडिया फिल्म में शानदार विजुअल्स और जबरदस्त एक्शन देखने को मिलेगा। ‘राका’ को साल 2027 की मोस्ट अवेटिड थिएटर रिलीज में से एक माना जा रहा है।
