अभिनेता दर्शन जरीवाला पिछले काफी समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। दरअसल, इसी साल जुलाई में उनकी अलग हो चुकी पत्नी और अभिनेत्री अपरा मेहता ने दावा किया था कि दर्शन ने उन्हें सबसे बदसूरत औरत कहा था। सिर्फ इतना ही नहीं, एक्टर ने उन्हें ये कहकर छोड़ा था कि अब उन्हें उनसे प्यार नहीं रहा। अब इस मुद्दे पर दर्शन जरीवाला ने चुप्पी तोड़ी है। दर्शन जरीवाला ने सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में अपरा के दावों को गलत बताया है और यह भी बताया कि उन्होंने कभी तलाक क्यों नहीं लिया।

क्या बोले अभिनेता दर्शन जरीवाला

इंटरव्यू में बात करते हुए दर्शन ने कहा, “झूठ की कोई सीमा नहीं होती। एक न्यूरोलॉजिकल घटना होती है, जिसमें समय के साथ किसी व्यक्ति की किसी घटना को लेकर याददाश्त बदल सकती है। उन्होंने आगे कहा कि उदारता दिखाते हुए वह इसे ‘फॉल्स मेमोरी’ यानी ‘झूठी याददाश्त’ का मामला कह सकते हैं।

यह भी पढ़ें: पवन कल्याण के बर्थडे पर भावुक हुए चिरंजीवी, छोटे भाई के लिए लिखा दिल छू लेने वाला पोस्ट, बोले- हर तेलुगु की पसंद

अभिनेता ने आगे कहा, “जिस तरह से यह बात बताई गई है, वैसा कुछ भी नहीं हुआ था। मैं ऐसा इंसान नहीं हूं जो किसी साधारण दिखने वाली महिला से भी यह कहे कि वह बदसूरत है। यह कहना बहुत बेतुकी बात होगी। अगर मैं खुद को अच्छी तरह जानता हूं, तो मैं इस बारे में बात करूंगा कि कोई व्यक्ति अंदर से कैसा है, न कि बाहर से कैसा दिखता है। अगर वह विक्टिम कार्ड खेलना चाहती है, तो उनका स्वागत है। मैं आगे बढ़ चुका हूं।”

दर्शन ने अपनी बात जारी रखते हुए आगे कहा कि हो सकता है अपारा को ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ शो से हटाए जाने का डर सता रहा हो और शायद इसी वजह से वह भारत लौटी हों, न कि सिर्फ उनसे बात करने के लिए। उन्होंने कहा कि वह अपनी जिंदगी से खुश हैं। बता दें कि अब यह अभिनेता 2010 से इंटीरियर डिज़ाइनर और आर्किटेक्ट अनाहिता इटालिया के साथ रिश्ते में हैं।

दोनों ने क्यों नहीं लिया तलाक

दर्शन ने अपरा से अलग होने की वजह यह बताई कि 1982 में शादी के बाद से दोनों की सोच और जिंदगी जीने का तरीका अलग-अलग हो गया था। तलाक के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैंने तलाक के लिए अर्जी दी थी, लेकिन जज ने उसे मंजूर नहीं किया। उन्होंने अपनी सहमति नहीं दी। वह तलाक के लिए राजी हो गई थीं, लेकिन आखिरी मौके पर जज के सामने उन्होंने अपना इरादा बदल लिया।

शायद वह एक अच्छी और पीड़ित महिला का किरदार निभा रही थीं। मैं सिर्फ एक बैग लेकर निकला और सांता क्रूज वाला अपना घर उन्हें और अपनी बेटी को दे दिया। मेरे पास उन्हें देने के लिए बस यही था। अगर किसी को एलिमनी मांगना चाहिए था, तो वह मैं होता क्योंकि हालात मेरे ऐसे थे। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।”

अपरा मेहता ने कही थी ये बात

बता दें कि Hauterrfly के साथ बात करते हुए अपरा ने अपनी शादी की सालगिरह पर दर्शन को फोन करने और अलग होने से पहले हुई उनकी आखिरी बातचीत की बातें याद की थीं। उन्होंने कहा, “उन्होंने बस इतना कहा कि जानती हो अपरा हमें अलग हो जाना चाहिए, क्योंकि अब मुझे तुमसे प्यार नहीं रहा। अब तुम मुझे पसंद नहीं हो और तुम मेरी जिंदगी में मिली सबसे बदसूरत औरत हो।

वह सुबह चाय का कप लेकर झूले पर बैठा था, और मैं बस अपने शूट के लिए निकल गई। उस दिन मुझे तीन बड़े सीन शूट करने थे। मैं सुबह 5 बजे ही USA से लौटी थी, इसलिए टेक के बीच-बीच में मुझे झपकी आ रही थी। फिर दोपहर में जब मैं पूरी तरह होश में आई, तो मैंने सोचा कि दर्शन ने अभी-अभी क्या कहा? उसका मतलब ऐसा नहीं हो सकता।”

यह भी पढ़ें: ‘थेरेपी छोड़िए, ये फिल्म देखिए’, कंगना रनौत ने की ‘हनुमान अंश’ की तारीफ