थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ आखिरकार करीब 7 महीने की देरी के बाद सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है, क्योंकि इसे अभिनेता विजय की राजनीति में सक्रिय होने से पहले आखिरी फिल्म माना जा रहा है। यही वजह है कि भारत में सीमित सिनेमाघरों में एडवांस बुकिंग शुरू होते ही कई शो सोल्ड आउट भी हो चुके हैं। खास बात यह है कि 2500 रुपये तक की महंगी टिकटें होने के बावजूद दर्शकों का क्रेज कम नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें- ‘मंजुम्मेल बॉयज’ को नेशनल अवार्ड ना मिलने पर अभिनेता का फूटा गुस्सा, बोले- ‘साधारण फिल्मों को सम्मान, अच्छी फिल्में इग्नोर’

फिल्म ‘जन नायकन’ की एडवांस बुकिंग बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली, केरल समेत कई शहरों में शुरू हो चुकी है। फिल्म के तमिल वर्जन के टिकट ज्यादातर जगहों पर 100 रुपये से 800 रुपये के बीच रखे गए हैं। ये फिल्म पैन इंडिया रिलीज की जाएगी, जिसके लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है।

हालांकि, बेंगलुरु में तस्वीर कुछ अलग ही देखने को मिल रही है। फिल्म के निर्माता के. वेंकट नारायण का यह मजबूत बाजार माना जाता है। यहां कुछ शो के टिकट 500 से 800 रुपये तक हैं, लेकिन ज्यादातर शो में टिकट की कीमत 1000 रुपये से भी ज्यादा है। इतना ही नहीं, सुबह 6:30 बजे वाले कई शोज की टिकटें पहले ही तेजी से बिक रही हैं, जबकि कुछ थिएटरों में ये शो पूरी तरह सोल्ड आउट हो चुके हैं।

यह भी पढ़ें- ‘राम भगवान हैं या इंसान?’, ‘रामायण’ की शूटिंग के दौरान रणबीर कपूर के सवाल पर कुमार विश्वास ने दिया सटीक जवाब

बेंगलुरु के सिनेपोलिस की बात करें तो नेक्सस शांतिनिकेतन में फिल्म के रेक्लाइनर सीट की कीमत 2500 रुपये रखी गई है, जो अब तक की सबसे महंगी टिकट है। वहीं, जिन थिएटरों में टिकट की कीमत 800 से 1000 रुपये के बीच है, वहां के कई प्रीमियर शो पहले ही सोल्ड आउट हो चुके हैं। अभी एडवांस बुकिंग पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है, संभावना है कि ऐसे में आने वाले दिनों में फिल्म की टिकटों की कीमतें और बढ़ सकती हैं।

फिल्म ‘जन नायकन’ की चेन्नई में एडवांस बुकिंग धीरे-धीरे शुरू हो रही है। यहां टिकट की अधिकतम कीमत 190 रुपये तय की गई है और इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। जबकि सबसे सस्ती टिकट सिर्फ 54 रुपये में मौजूद है। बता दें कि ‘जन नायकन’ का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है, जबकि फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस ने किया है। फिल्म में विजय के अलावा ममिता बैजू, बॉबी देओल और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। लंबी सेंसर बोर्ड की जंग के बाद ये फिल्म 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।