नई दिल्ली में संसद के पास प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़े जाने के एक दिन बाद कई फिल्मी हस्तियों ने नीट परीक्षा के पेपर लीक के विरोध में छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन किया है। जहां दिग्गज अभिनेता शबाना आजमी और प्रकाश राज, नसीरुद्दीन और रैपर हनुमानकिंड जैसे कुछ लोगों ने कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन में भाग लिया, वहीं अधिकांश हस्तियों ने सोशल मीडिया पर अपना समर्थन व्यक्त किया। अब नसीरुद्दीन शाह ने एक वीडियो भी शेयर किया है। वहीं, प्रीति जिंटा और हनी सिंह समेत कई ने रिएक्ट किया है।
नसीरुद्दीन शाह ने जताई नाराजगी
नसीरुद्दीन ने वीडियो शेयर करते हुए कहा, “नमस्कार, आदाब मैं नसीरुद्दीन शाह दो बातें अर्ज करना चाहता हूं आप सबसे। पहली बात तो ये कि अगर एक जाहिल इस मुल्क की रहनुमाई करे, तो उसका दिल ही चाहेगा कि पूरा मुल्क उसी की तरह जाहिल, नासमझ, नाकाबिल और बेरहम बने।
अभिनय के दो अलग-अलग कोर्स- राष्ट्रीय नाट्य विद्याल और पुणे फिल्म इंस्टिट्यूट में पूरे करने के बावजूद मैंने अभिनय के बारे में सबसे ज्यादा जो सीखा, वो उन बच्चों से, जिन्हें सिखाने की कोशिश मैंने की है। मेरी पूरी हमदर्दी उनके साथ है। मैं हजार-हजार हर सांस के साथ उन्हें दुआएं देता हूं और हर टीचर्स डे पर उन्हें सलाम करता हूं।”
इसके आगे उन्होंने कहा, “इस वक्त मेरा दिल भी भरा हुआ है और मैं गुस्से से खौल भी रहा हूं ये देखकर कि हमारे बच्चों के साथ किस तरह जुल्म का बर्ताव किया जा रहा है उन गुंडों के हाथों, जो मुझे अमेरिका के एजेंटों की याद दिलाते हैं, मुंह पर नकाब लगाए हुए, हाथ में डंडा लिए हुए। कभी अपने बच्चों के बारे में भी सोचा करो और ये भी सोचो तुम्हारा अंजाम तुम्हें भी एक दिन मिलेगा जरूर।
इन सब बच्चों से मैं कहना चाहता हूं कि हिम्मत ना हारें। बहुत से लोगों की हमदर्दी आपके साथ है। बहुत से लोग आपके साथ हैं। आप लड़ते रहे, मुझे हमारे मुल्क की युवा पीढ़ी से हमसे उम्मीद रही है और अब वो उम्मीद और उजागर हो गई है। आप लोग अपनी लड़ाई लड़ते रहें, हम आपके साथ हैं।”
हनी सिंह ने टीजर रिलीज किया कैंसिल
गायक और रैपर हनी सिंह ने सोमवार को घोषणा की थी कि वे अपने नए गाने ‘मूनलाइट’ का टीजर मंगलवार सुबह 11 बजे रिलीज करेंगे। हालांकि, मंगलवार सुबह तक कोई अपडेट न मिलने पर, सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लिखा, “भारत का युवा अमर है। अपने देश और भारत के युवाओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए, मैं अपने नए गाने ‘मूनलाइट’ का टीजर कुछ दिनों के लिए स्थगित कर रहा हूं। भोलेनाथ, शक्ति दो इन बच्चों को, जय हिंद।”
प्रीति जिंटा ने किया पोस्ट
अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया पर लिखा, “मुझे उम्मीद है कि हमारी सरकार सोनम वांगचुक और छात्र संगठनों के साथ सार्थक बातचीत शुरू करेगी, ताकि उनकी सेहत और खराब न हो। कृपया अपनी अनशन समाप्त करें, सोनम। आपकी सेहत इस लड़ाई जितनी ही महत्वपूर्ण है। आप और छात्र भारत के भविष्य और हमारे युवाओं के लिए लड़ रहे हैं। शिक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने और उन्नत करने की इस लड़ाई में हर छात्र और सोनम को मेरा अटूट समर्थन है। आप सभी को और शक्ति मिले। जय हिंद।”
इमरान खान ने किया पोस्ट
इमरान ने लिखा, “आज मेरा दिल टूट गया। पुलिस को छात्र प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस छोड़ते और उन्हें पीटते हुए देखकर… मैं इसे कैसे समझ पाऊं? ये छात्र जिन्होंने कड़ी मेहनत की, लेकिन व्यवस्था ने उन्हें नाकाम कर दिया। ये लोग जिन्होंने अपनी बात सुनाने की गुहार लगाई, लेकिन उन्हें खामोशी से ही संतोष करना पड़ा।
ये नागरिक जो अपने लिए मायने रखने वाली चीजों को दिखाने के लिए खड़े हुए… उन्हें सत्ता ने कुचल दिया और ठुकरा दिया। क्या ये भारत माता की संतानें नहीं हैं? अगर इनके लिए नहीं, तो हम किसके लिए निर्माण कर रहे हैं, और किसके भविष्य की रक्षा करने का हम दावा करते हैं।”
प्रदर्शन में शबाना आजमी को हुई दिक्क्त
एक इंटरव्यू में बात करते हुए शबाना आजमी ने बताया, “मुझे अस्थमा है और आंसू गैस की वजह से मुझे दौरा पड़ गया था, लेकिन मेरे पास एयर पंप था इसलिए अब मैं ठीक हूं। मुझे सम्मानपूर्वक पास की एक इमारत में ले जाया गया और सांस लेने के बाद मैं तुरंत वापस आया और लाठीचार्ज का सामना कर रहे छात्रों से बात की। उनका हौसला बेमिसाल है। उन सभी को मेरा सलाम।”
यह भी पढ़ें: ‘मैं अपॉलिटिकल हूं’, राजनीति पर बोलने से बचे इम्तियाज अली, बोले- खुलकर सोचना पसंद है
