कन्नड़ और मलयालम फिल्मों के निर्माता और कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय ने शुक्रवार, 30 जनवरी को बेंगलुरु में कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि इस घटना से कुछ घंटों पहले आयकर विभाग ने शहर में उनके कार्यालय पर छापेमारी की थी। इंडिया टीवी में छपी खबर के मुताबिक रॉय ने खुद को गोली मारी, जिसके बाद तुरंत उन्हें चिकित्सा सहायता दी गई, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। अधिकारी इस पूरे मामले के हालात और कारणों की जांच कर रहे हैं।
सीजे रॉय एक जाने-माने रियल एस्टेट डेवलपर थे। मगर उन्होंने कन्नड़ और मलयालम की कुल आठ फिल्मों का निर्माण किया और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों वाली मेगा बजट फिल्मों को भी समर्थन दिया। रॉय ने मोहनलाल की हाई-बजट एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘कसानोवा’ (Casanovva) का निर्माण किया था, जो 2012 में रिलीज हुई थी। उस समय इसे मलयालम सिनेमा की सबसे महंगी फिल्म बताया गया था। इसके बाद उन्होंने मोहनलाल और प्रियदर्शन की मल्टी-लैंग्वेज फिल्म ‘मरक्कर’ (Marakkar) को सह-निर्माता के तौर पर सपोर्ट किया, जिसका बजट कथित तौर पर करीब 100 करोड़ रुपये था।
कॉन्फिडेंट ग्रुप ने वर्षों तक कई फिल्म और एंटरटेनमेंट प्रोजेक्ट्स को स्पॉन्सर भी किया। यह ग्रुप मलयालम टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस मलयालम’ के कई सीज़न का टाइटल स्पॉन्सर रहा, जिसकी मेज़बानी मोहनलाल करते हैं। इस तरह सीजे रॉय की भागीदारी सिर्फ फिल्म निर्माण तक सीमित नहीं थी, बल्कि वे एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से कई स्तरों पर जुड़े हुए थे।
यह भी पढ़ें: 1 घंटे 42 मिनट की इस फिल्म को देखकर कांप जाएगी रूह, OTT पर बना चुकी है टॉप लिस्ट में जगह
कन्नड़ और मलयालम सिनेमा पर ही फोकस करने के पीछे की वजह बताते हुए सीजे रॉय ने एक बार टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में कहा था, “किसी फिल्म के बजट का लगभग आधा हिस्सा लोकेशन और कास्ट-क्रू के ठहरने की व्यवस्था पर खर्च हो जाता है। मैं इन खर्चों में बचत करता हूं, क्योंकि मेरी प्रॉपर्टीज़ को ही शूटिंग लोकेशन या रहने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यही वजह है कि मैं उन्हीं जगहों की फिल्में बनाता हूं, जहां मेरे बिज़नेस इंटरेस्ट हैं।”
