अंधेरे, सन्नाटे और डर की एक ऐसी दुनिया, जहां हर कदम पर अनजाना खतरा छिपा हो… 80 के दशक का भारतीय सिनेमा इस एहसास को जिस तरह पर्दे पर उतारता था, वो आज भी याद आते ही रोंगटे खड़े कर देता है। उस दौर में हॉरर सिर्फ डराने का जरिया नहीं था, बल्कि एक अलग ही सिनेमाई अनुभव हुआ करता था। कम बजट, सीमित संसाधन, लेकिन इमेजिनेशन और प्रेजेंटेशन में जबरदस्त दम।
इसी दौर में एक ऐसी फिल्म आई, जिसने अपने अजीबोगरीब माहौल, रहस्यमयी कहानी और डरावने दृश्यों से दर्शकों के दिलो-दिमाग पर गहरी छाप छोड़ी और वो मूवी थी ‘तहखाना’। 80 के दशक के हॉरर सिनेमा की बात हो और रामसे ब्रदर्स का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। उन्होंने भारतीय दर्शकों के लिए हॉरर का एक नया चेहरा गढ़ा, जहां भूत, हवेलियां, तंत्र-मंत्र और रहस्य सब एक साथ मिलकर एक अलग ही दुनिया बना देते थे। तहखाना भी इसी खास स्टाइल का एक बेहतरीन उदाहरण थी।
रामसे ब्रदर्स: भारतीय हॉरर फिल्मों के एक्सपर्ट
रामसे ब्रदर्स की खासियत यह थी कि वे हॉलीवुड की नकल नहीं करते थे, बल्कि भारतीय लोककथाओं, तांत्रिक मान्यताओं और ग्रामीण डर की कहानियों को आधुनिक सिनेमाई रूप देते थे। तहखाना इसी परंपरा का एक परिपक्व उदाहरण है, जहां डर सिर्फ बाहरी नहीं, बल्कि मनोवैज्ञानिक भी है।
कहानी: खजाने से खौफ तक का सफर
फिल्म की कहानी सतह पर देखने पर एक एडवेंचर लगती है। एक ऐसा खजाना, जिसे पाने की चाह में लोग एक खतरनाक जगह की तरफ बढ़ते हैं। लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, यह एडवेंचर धीरे-धीरे हॉरर में तब्दील हो जाता है।
फिल्म की शुरुआत एक ठाकुर सुरजीत सिंह से होती है, जिसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा रघुवीर सज्जन है, लेकिन छोटा बेटा धुर्जन काले जादू और तांत्रिक शक्तियों के पीछे पागल है। जब ठाकुर अपनी वसीयत में धुर्जन को बेदखल कर देता है। इसके बाद वह रघुवीर की बेटियों सपना और आरती का अपहरण करवा देता है। हालांकि, बाद में धुर्जन को पकड़कर तहखाना में कैद कर दिया जाता है और आरती को छुड़ा लेते हैं।
वे सपना का पता लगाने में असमर्थ रहते हैं और रघुवीर मारा जाता है। मरने से पहले, वह मंगल को बताता है कि सपना के गले में एक लॉकेट का एक टुकड़ा है, जबकि दूसरा टुकड़ा आरती के गले में है, और जब दोनों को जोड़ा जाएगा तो तहखाने में दफन खजाने का पता चलेगा।
खास था फिल्म का विजुअल स्टाइल
बता दें कि ‘तहखाना’ को जो बात खास बनाती है, वह है इसका विजुअल स्टाइल। रामसे ब्रदर्स ने सीमित बजट में भी कमाल का माहौल तैयार किया था। जैसे लाइटिंग- फिल्म में अलग-अलग रंग की लाइट्स का जबरदस्त इस्तेमाल है। यह तकनीक वास्तविकता से हटकर एक डरावना और रहस्यमयी अहसास पैदा करती है। इसके बाद लोकेशन- जैसे पुराने खंडहर, मकड़ियां, धुंध और गहरा तहखाना फिल्म की जान हैं। तहखाना यहां सिर्फ एक जगह नहीं, बल्कि एक चरित्र की तरह उभरता है, जो रहस्यों को अपने अंदर दबाए हुए है।
यह भी पढ़ें: ‘सर जो तेरा चकराए’ प्यासा फिल्म में कुछ मिनट के रोल में जॉनी वॉकर के किरदार ने छोड़ी गहरी छाप | अमर किरदार
मेकअप और लुक काफी दमदार
80 के दशक में जब तकनीक इतनी उन्नत नहीं थी, तब ‘तहखाना’ के राक्षस का मेकअप और लुक काफी प्रभावशाली था। शैतान का भारी-भरकम शरीर, डरावना चेहरा और उसकी दहाड़ दर्शकों के मन में खौफ पैदा करने के लिए काफी थी। रामसे भाइयों ने इस फिल्म में इसे बखूबी दिखाया।
भारतीय लोककथा और तंत्र-विद्या
फिल्म पूरी तरह से भारतीय परिवेश और मान्यताओं पर आधारित है। इसमें पश्चिमी पिशाचों के बजाय देसी तत्वों को प्रधानता दी गई है। जैसे काली शक्तियां- फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे मंत्रों और तंत्र के गलत इस्तेमाल से विनाश होता है। वहीं, लास्ट में धर्म और आस्था के साथ बुराई का नाश धार्मिक प्रतीकों को दिखाया जाता है, जो भारतीय दर्शकों की धार्मिक भावनाओं से सीधा जुड़ता है।
संगीत और मसाला तत्व
रामसे फिल्मों की एक बड़ी विशेषता उनका संगीत और ग्लैमर होता था। ‘तहखाना’ में भी डरावने दृश्यों के बीच राहत देने के लिए गाने और रोमांटिक सीन डाले गए थे। हालांकि, फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर तनाव बनाए रखने में सफल रहा। कलाकारों की बात करें, तो हेमंत बिर्जे और पुनीत इस्सर जैसे सितारों ने फिल्म को एक ‘लार्जर देन लाइफ’ फील दिया।
सामाजिक उपदेश: लालच का अंत
अगर हम फिल्म को गहराई से डिकोड करें, तो यह ‘लालच’ के खिलाफ एक चेतावनी है। धुर्जन का चरित्र यह दर्शाता है कि धन और शक्ति की भूख इंसान को किस हद तक गिरा सकती है कि वह अपनों का ही खून बहाने पर उतारू हो जाता है। फिल्म का संदेश साफ है- बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, उसका अंत निश्चित है।
विरासत और प्रभाव
आज के दौर में जब हम ‘स्त्री’ या ‘तुम्बाड’ जैसी फिल्में देखते हैं, तो उनमें कहीं न कहीं उस गोथिक हॉरर (अंधेरा माहौल, पुराने खंडहर, रहस्यमय घटनाएं और डर के साथ थोड़ा रहस्य) की झलक मिलती है, जिसकी शुरुआत रामसे ब्रदर्स ने की थी। ‘तहखाना’ ने यह साबित किया कि डराने के लिए केवल महंगे स्पेशल इफेक्ट्स की जरूरत नहीं होती, बल्कि सही कैमरा एंगल और माहौल से भी खौफ पैदा किया जा सकता है।
