मई में सैफ अली खान स्टारर पुलिस ड्रामा ‘कर्तव्य’ के नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही एक चेहरा सबसे ज्यादा चर्चा में आ गया। सीरीज में 33 साल के युधवीर अहलावत ने बाल कलाकार हरपाल का किरदार निभाया। उन्होंने अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों का ध्यान खींचा। उनकी लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि वह IMDb की ट्रेंडिंग स्टार्स लिस्ट में विजय, ऐश्वर्या राय, जूनियर एनटीआर और शाहरुख खान जैसे बड़े सितारों को भी पीछे छोड़कर पहले स्थान पर पहुंच गए।
इसके बाद से ही लोग युधवीर अहलावत के बारे में ज्यादा जानना चाहते हैं। खास बात यह भी है कि 33 साल के होने के बावजूद उन्होंने स्क्रीन पर 16 साल के लड़के का किरदार इतनी सहजता से निभाया कि दर्शक उनकी उम्र का अंदाजा भी नहीं लगा पाए। अपने बारे में बात करते हुए यधुवीर ने बताया कि उनके लुक्स के कारण उन्हें जीवन में बहुत तकलीफ झेलनी पड़ी।
हाल ही में कड़क को दिए एक इंटरव्यू में युधवीर अहलावत ने अपने संघर्ष के दिनों को याद किया और बताया कि इस पूरे सफर में उनके परिवार ने हमेशा उनका साथ दिया।
हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले युधवीर ने कहा, “मेरे पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। मेरे परिवार में मेरी मां और छह भाई-बहन हैं। मेरे पूरे परिवार ने हर कदम पर मेरा साथ दिया है। अगर उनका समर्थन नहीं होता, तो शायद मैं पिछले 10 सालों तक इस इंडस्ट्री में टिक ही नहीं पाता। उन्होंने आर्थिक, मानसिक और हर तरह से मेरा हौसला बढ़ाया।”
यह भी पढ़ें: Kartavya Review- खराब स्क्रिप्ट, अधूरा क्लाइमैक्स…सैफ अली खान की दमदार एक्टिंग भी इस फिल्म को बचा नही पाई
जब युधवीर से पूछा गया कि इंडस्ट्री में खुद को स्थापित करने में लगे 10 सालों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इसे संघर्ष नहीं बल्कि सीखने का दौर बताया। उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह स्ट्रगल नहीं था, बल्कि सीखने का समय था। मेरा मानना है कि समय के साथ या तो आप जीतते हैं या फिर कुछ नया सीखते हैं। मैं सिर्फ सीख रहा था।”
इन सालों से मिली सबसे बड़ी सीख के बारे में बात करते हुए युधवीर ने कहा, “मैंने सीखा कि रास्ते पर डटे रहना बहुत जरूरी है। बीच में हार मानकर भागना नहीं चाहिए। अगर आप धैर्य रखते हैं और लगातार मेहनत करते रहते हैं, तो एक दिन जरूर कुछ हासिल करते हैं।”
युधवीर के पिता ज्ञान सिंह अहलावत सीमा सुरक्षा बल (BSF) में थे, इसलिए बचपन से ही उनके परिवार में अनुशासन का माहौल था। हालांकि, अपने बड़े भाइयों के मुकाबले युधवीर की लंबाई कम थी और उनका चेहरा उम्र से काफी छोटा दिखता था।
उन्होंने बताया कि इसी वजह से स्कूल और कॉलेज के दिनों में उन्हें लोगों के ताने और मजाक का सामना करना पड़ा। युधवीर ने कहा, “अब चीजें बदल गई हैं, लेकिन उस समय मुझे काफी बुली किया जाता था। स्कूल और कॉलेज में बाकी लड़के मुझसे लंबे थे और अक्सर मेरे लुक्स का मजाक उड़ाते थे।”
परिवार ने किया पूरा समर्थन
परिवार के अलावा युधवीर को हमेशा अपने भाइयों का भी पूरा साथ मिला। उन्होंने बताया, “मेरे भाइयों ने कहा था कि तुम बस अपना सपना पूरा करो, बाकी सब हम संभाल लेंगे। मेरे पिता भी हमेशा यही कहते थे।” बचपन से ही उन्हें स्कूल-कॉलेज के कार्यक्रम में हिस्सा लेना पसंद था। कॉलेज के एक यूथ फेस्टिवल में अवॉर्ड जीतने के बाद उन्होंने तय किया कि उन्हें एक्टिंग में ही करियर बनाना है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में एक्टिंग की ट्रेनिंग ली और 2016 में मुंबई आ गए। साल 2019 में उन्होंने ‘सांड की आंख’ से फिल्मों में डेब्यू किया।
‘कर्तव्य’ के सेट पर लोग उम्र जानकर हुए हैरान
युधवीर ने बताया कि कम उम्र का दिखने की वजह से ऑडिशन के दौरान वह अपनी असली उम्र नहीं बताते थे। शॉर्टलिस्ट होने के बाद ही डायरेक्टर को बताते कि वह 33 साल के हैं। ‘कर्तव्य’ के सेट पर भी ज्यादातर लोग उन्हें चाइल्ड आर्टिस्ट ही समझते थे। यहां तक कि सैफ अली खान भी पहले उन्हें 16 साल का मान बैठे थे। बाद में जब डायरेक्टर पुलकित ने उनकी असली उम्र बताई तो सभी हैरान रह गए।
फिल्मों से काटे गए रोल
अपने शुरुआती करियर की मुश्किलों को याद करते हुए युधवीर ने बताया कि रणबीर कपूर की फिल्म ‘शमशेरा’ में उनका रोल काफी छोटा कर दिया गया। जहां उन्हें 22 दिन की शूटिंग के लिए साइन किया गया था, वहीं आखिर में सिर्फ दो दिन शूट करने का मौका मिला और फिल्म में उनका एक ही सीन रखा गया। इसी तरह ‘थार’ में भी उनका किरदार एडिटिंग के दौरान पूरी तरह हटा दिया गया।
हालांकि, अब ‘कर्तव्य’ की सफलता के बाद युधवीर को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लोग लगातार उन्हें मैसेज कर उनकी एक्टिंग की तारीफ कर रहे हैं और वह खुद भी सभी को जवाब देने की कोशिश कर रहे हैं।
