Chetak Screen Awards: चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन 5 अप्रैल को मुंबई में होने जा रहा है। इस खास मौके से पहले अवॉर्ड्स के पिछले एडिशन के कुछ यादगार पलों को याद किया जा रहा है। ऐसा ही एक मजेदार पल 2018 के स्क्रीन अवॉर्ड्स में देखने को मिला था, जब आलिया भट्ट और विक्की कौशल ने अपने फनी अंदाज़ से स्टेज पर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था। दोनों ने साथ में फिल्म ‘राज़ी’ में काम किया था और आगे चलकर वे फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में भी साथ नजर आने वाले हैं।
इस कार्यक्रम के दौरान एक खास सेगमेंट रखा गया था जिसका नाम था “बीइंग सोशल विद कौशल”। इसमें विक्की कौशल ने आलिया भट्ट को बड़े दिलचस्प अंदाज में स्टेज पर बुलाया। उन्होंने कहा, “इस साल कुछ फिल्मों ने नाम कमाया, कुछ ने पैसा कमाया और कुछ ने दोनों कमाए। लेकिन एक ऐसी अभिनेत्री हैं जिनकी फिल्म ने न सिर्फ दर्शकों का प्यार जीता बल्कि पूरी इंडस्ट्री का सम्मान भी हासिल किया। वह फिल्म थी ‘राजी’। अब मैं उस अभिनेत्री को स्टेज पर बुलाना चाहूंगा, जिनके साथ काम करने का मुझे सौभाग्य मिला- हमारी पीढ़ी की बेहतरीन अभिनेत्री, बेहद क्यूट और मिलनसार आलिया भट्ट।”
इसके बाद आलिया भट्ट ने इस सेगमेंट के लिए शानदार एरियल एंट्री की और स्टेज पर जोशीली परफॉर्मेंस दी। परफॉर्मेंस के बाद आलिया स्टेज पर विक्की कौशल के साथ बैठीं। बातचीत की शुरुआत करते हुए उन्होंने मजाक में कहा, “मुझे ऐसा क्यों लग रहा है कि यहां कोई पूछताछ होने वाली है?”
यह भी पढ़ें: Chetak Screen Awards: जब शाहरुख खान और सलमान खान ने बताया कि उनके बीच हुए झगड़ा का कारण
इस पर विक्की ने हंसते हुए जवाब दिया,“आज आपको यहां बुलाने की एक खास वजह है, क्योंकि आप एक नए शो में आई हैं और इस शो का नाम है ‘बीइंग सोशल विद कौशल’।” इसके बाद सवाल-जवाब का मजेदार दौर शुरू हुआ। विक्की ने आलिया से पहला सवाल पूछा, “चाय बनाने में इस्तेमाल होने वाली पांच चीजों के नाम बताइए।”
आलिया ने जवाब दिया, “चाय की पत्ती, अदरक, चीनी, दूध और कभी-कभी… पानी।” आखिरी जवाब उन्हें दर्शकों में बैठीं दीपिका पादुकोण ने याद दिलाया, जिससे वहां मौजूद लोग हंस पड़े।
इसके बाद विक्की ने आलिया से पूछा कि शरीर के ऐसे पांच हिस्सों के नाम बताएं जहां लोग आमतौर पर टैटू बनवाते हैं। आलिया ने तुरंत जवाब दिया- “गर्दन, पीठ, कंधा, टखना और कलाई।” फिर विक्की ने उन्हें पांच अलग-अलग चेहरे के भाव दिखाने के लिए कहा। आलिया ने तुरंत खुशी, दुख, हैरानी, घिन और बीमार होने के भाव दिखाकर सबको हंसा दिया।
यह भी पढ़ें: सिर्फ 20 दिन की शूटिंग के लिए कमल हासन ने चार्ज किए 150 करोड़, ‘कल्कि 2898 AD’ में काम कर बने सबसे महंगे स्टार
इसके बाद विक्की ने उनसे फोटोशूट में इस्तेमाल होने वाले पांच अलग-अलग पोज़ भी दोहराने को कहा। इस दौरान आलिया ने मजाकिया अंदाज़ में दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा के सिग्नेचर पोज की मिमिक्री भी की।
सेगमेंट के आखिर में आलिया भट्ट से बॉलीवुड के पांच मशहूर हुक स्टेप्स करने को कहा गया। इनमें से एक स्टेप फिल्म ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ के गाने “तत्तड़ तत्तड़” का था, जिसे रणवीर सिंह ने किया था। इस स्टेप को करते हुए आलिया और विक्की ने मजाक में इसे “डैंड्रफ स्टेप” कह दिया, जिससे पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।
