चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स को ऑनएयर होने में अब बस कुछ ही दिन बाकी हैं। ऐसे में चलिए हम आपको पुराने स्क्रीन अवॉर्ड से जुड़ा एक किस्सा बताते हैं, जब शाहरुख खान और सलमान खान ने स्टेज पर अपनी लड़ाई की वजह बताई थी और दर्शकों को भी खूब हंसाया था। दरअसल, साल 2008 में ‘बादशाह’ और ‘सुल्तान’ के बीच अनबन की खबरें सुर्खियों में छाई हुई थीं। इसके बारे में ही दोनों ने खुद स्क्रीन अवॉर्ड्स में खुलकर बात की थी।

क्या बोले थे शाहरुख खान

स्टेज पर शो को होस्ट करते हुए शाहरुख खान ने सलमान खान के साथ मिलकर दर्शकों को खूब हंसाया। किंग खान ने कहा, “बहुत सारे सीक्रेट हैं हमारे, जो हमने शेयर किए। इनमें से एक सबसे बड़ा सीक्रेट ये है कि सलमान और मेरा झगड़ा हुआ। लेकिन किसी को ये नहीं मालूम है कि सलमान और मेरा झगड़ा क्यों हुआ। हमारा झगड़ा बहुत एक छोटी सी बात पर हुआ कि हम दोनों में से ज्यादा खुश कौन हैं।”

यह भी पढ़ें: जब वरुण धवन की देशभक्ति से भरपूर परफॉर्मेंस ने स्क्रीन अवॉर्ड्स में लूटी महफिल, देखें वीडियो

उनके बगल में खड़े होकर सलमान ने सहमति में सिर हिलाया। फिर शाहरुख ने आगे कहा, “इसी बात पर हमारी लड़ाई हुई थी। आज असली रीजन हम आपको बताना चाहते हैं। मैंने उस रात इसको बोला कि जब मैं घर जाता हूं, तो वहां मेरी पत्नी होती है।” इसके बाद बीच में सलमान कहते हैं कि यह मुझे मनाना चाह रहे थे कि तू शादी कर ले। फिर किंग खान अपनी बात पर आते हैं। शाहरुख बोलते हैं कि मैंने इसे कहा कि मैं घर जाता हूं, तो मुझे बहुत ख़ुशी होती है। बीवी होती है, तो मुझे बहुत ख़ुशी होती है। सलमान ने कहा कि मैं जब घर जाता हूं तो मेरी बीवी नहीं है। मुझे इससे और ज्यादा खुशी होती है।”

शाहरुख ने अपनी बात जारी रखते हुए आगे कहा, “मैंने कहा मैं घर जाता हूं, तो मेरी लाडली मेरी गोद में बैठती है, मुझे खुशी होती है। ये कहता है (सलमान) मैं घर जाता हूं, तो मेरी गोद में कई लाडलियां बैठती हैं, इससे मुझे और भी ज्यादा खुशी होती है। फिर हंसते हुए शाहरुख ने बात खत्म करते हुए कहा, “और इसी वजह से हमारी ‘लड़ाई’ हुई थी।”

सलमान खान ने कही थी ये बात

अपनी अनबन की असलियत बताते हुए सलमान ने मजाक में कहा, “कोई हाथापाई नहीं हुई थी। यह तो ‘अंदाज अपना अपना’ स्टाइल वाली लड़ाई थी।” दोनों एक्टर्स ने मजाकिया अंदाज में बिना हाथों के लड़ाई का नाटक किया, जिससे दर्शक हंसते-हंसते लोटपोट हो गए। इस हल्की-फुल्की बातचीत के बाद शाहरुख गंभीर हो गए और कहा, “हम यहां अपनी फिल्म इंडस्ट्री में दोस्ती का जश्न मनाने आए हैं और हमें उम्मीद है कि यह ऐसे ही बनी रहेगी।”

शाहरुख खान ने यह भी बताया कि उनके बीच अनबन होने के बाद लोगों ने उनके बीच और गलतफहमियां पैदा करने की कोशिश कैसे की। किंग ने कहा, “कई लोग हमारे पास अलग-अलग आए और हमें भड़काने की कोशिश की। यह कहते हुए कि ‘एसआरके ने यह कहा’ या ‘सलमान ने वह कहा’। लेकिन हम दोनों में से किसी ने भी ऐसी बातों पर ध्यान नहीं दिया। हमें पूरा यकीन था कि इनमें से कुछ भी सच नहीं है।” सलमान खान ने भी उनकी बात का समर्थन करते हुए कहा, “मैंने ऐसे लोगों का मुंह बंद करवा दिया और मैंने सुना है कि एसआरके ने भी ऐसा ही किया।”

शाहरुख ने लास्ट में कहा, “मुझे उम्मीद है कि यह दोस्ती यूं ही बनी रहेगी। यह सिर्फ दोस्ती नहीं है- यह ‘भाई-गिरी’ है।” जिस पर दर्शकों के बीच हंसी और तालियों की गूंज सुनाई दी।

यह भी पढ़ें: ‘मैं यह पुरस्कार आपको समर्पित करता हूं’, जब अमिताभ बच्चन ने रणवीर सिंह के नाम किया अपना अवॉर्ड