Chetak Screen Awards: रविवार, 5 अप्रैल को मुंबई में चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स का आयोजन होने वाला है, जिसे आलिया भट्ट, सुनील ग्रोवर और जाकिर खान समेत कई सितारे होस्ट करते नजर आएंगे।
अवॉर्ड शो से पहले हम आपको इसके पिछले कई एडिशन से जुड़े वायरल और दिलचस्प किस्सों के बारे में बता रहे हैं। ऐसा ही एक खास पल 1995 में आया था, जब दिवंगत पार्श्व गायिका लता मंगेशकर को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया था।
उस साल जूही चावला स्टेज पर विनर का नाम बताने आईं और उन्होंने कहा, “मुझे यहां बुलाने के लिए धन्यवाद। जिनके बारे में मैं बात कर रही हूं, उन्हें किसी परिचय की जरूरत नहीं है। उन्होंने देश को गौरवान्वित किया है। वह ‘भारत की कोकिला’ हैं। हम गर्व के साथ बुलाते हैं- लता मंगेशकर को।”
एक्ट्रेस ने आगे कहा था, “आएगा आने वाला’ गाना, जिसे खूबसूरत मधुबाला पर फिल्माया गया था, एक जादुई आवाज में गाया गया था। आधी सदी बाद भी उस आवाज का जादू बिल्कुल कम नहीं हुआ। आज माधुबाला एक खूबसूरत याद बन चुकी हैं, लेकिन उस आवाज में आज भी उतनी ही ताजगी और मिठास बनाए हुए है। जो सुनने वालों के कानों को पहली बार सुनने जैसा एहसास कराती है।
पांच दशकों में करीब 30,000 गाने गाने के बाद भी, यह आवाज आज की हीरोइनों के साथ भी उतनी ही जुड़ी हुई लगती है। चाहे ‘मेरे ख्वाबों में जो आए’ की मासूमियत हो या ‘पानी पानी रे’ का दर्द- लता मंगेशकर की आवाज आज भी हमारे दिलों और रूह को छू जाती है।” फिर अपनी बात खत्म करते हुए जूही ने कहा था, “देवियों और सज्जनों आज रात हम उस जादुई आवाज वाली हस्ती लता मंगेशकर को सम्मानित करना चाहेंगे और उन्हें ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ देने के लिए मंच पर आ रहे हैं सुनील दत्त।”
फिर लता मंगेशकर ने अपने संक्षिप्त और गरिमामय स्वीकृति भाषण में अपने प्रशंसकों, संगीत निर्देशकों, गीतकारों और साथी गायकों का दिल से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनके पूरे सफर में उनका साथ दिया। अपनी विनम्रता के लिए जानी जाने वाली गायिका ने कहा कि पिछले 52 वर्षों में उन्होंने जो कुछ भी हासिल किया, वह दर्शकों के प्यार की वजह से ही था।
