रविवार की शाम चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स में भारतीय सिनेमा की बेहतरीन उपलब्धियों का जश्न मनाया गया, जिसमें ‘धुरंधर’ ने सबसे ज्यादा खिताब अपने नाम किए। इस अवॉर्ड शो को बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट, कॉमेडियन सुनील ग्रोवर और जाकिर खान के साथ सौरभ द्विवेदी ने होस्ट किया था। वहीं, इस अवॉर्ड नाईट का हिस्सा विक्की कौशल, करण जौहर, बॉबी देओल समेत इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियां बनी। इसके अलावा चेक बाउंस केस की वजह से कुछ दिन तिहाड़ जेल में रहे अभिनेता राजपाल यादव भी इस इवेंट का हिस्सा बने।

अवॉर्ड शो में बात करते हुए राजपाल यादव ने कहा, “मैं कुछ सोच रहा था कि आजकल बहुत ज्यादा विश्व में धुआं ही धुआं हो रहा है। इतना युद्ध चल रहा है, तो कहां बैठूं कहां सोचू इतना रुपये-डॉलर सब ऊपर-नीचे हो रहा है। कुछ समझ में नहीं आ रहा है बस बैठा बैठा शांति-शांति यही कर रहा हूं।”

यह भी पढ़ें: Chetak Screen Awards 2026 full winners list: ‘धुरंधर’ ने जीते 14 अवॉर्ड, रणवीर सिंह बेस्ट एक्टर और ‘होमबाउंड’ बनी बेस्ट फिल्म

इसके बाद सौरभ ने जवाब दिया और कहा, “राजपाल भाई, डॉलर-रुपया कितना भी ऊपर नीचे हो, आपको उतने ही पैसे लौटाने पड़ेंगे जितने उधार हैं।” इस बात पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत सभी के चेहरे पर हंसी आ गई। राजपाल खुद भी हंसने लगे और बोले, “मसाला तो सुन लो एक बार।” फिर जाकिर खान भी बोले और कहा, “मेरे ख्याल से मामला अदालत में है तो इस बात को यही जाने देते हैं।”

क्या था राजपाल यादव का चेक बाउंस केस

बता दें कि राजपाल यादव ने 5 फरवरी को पुलिस के आगे सरेंडर कर दिया था। उन्हें एक चेक बाउंस केस में छह महीने की सजा काटनी थी। यह केस 2010 में लिए गए एक लोन से जुड़ा था, जो उन्होंने अपनी पहली डायरेक्टोरियल फिल्म ‘अता पता लापता’ के प्रोडक्शन के लिए लिया था। बताया गया कि समय के साथ ब्याज और पेनल्टी के कारण यह बकाया रकम बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये हो गई थी।

सरेंडर करने से पहले, उन्होंने सार्वजनिक रूप से पुलिस के आगे कहा था कि उनके पास कोई पैसा नहीं है और उन्हें इस मुश्किल से निकलने का कोई रास्ता नज़र नहीं आ रहा है। हालांकि, बाद में राजपाल यादव को इस मामले में अंतरिम जमानत मिल गई।

चेतक स्क्रीन अवार्ड्स 2026 के बारे में

द इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप द्वारा शुरू किए गए चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स, कला को पूरी तरह से उसकी योग्यता, ईमानदारी और साथियों के सम्मान के आधार पर सम्मानित करते हैं। चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026 के नॉमिनी और विजेताओं का चयन स्क्रीन एकेडमी द्वारा की गई एक व्यवस्थित वोटिंग प्रक्रिया के जरिए किया गया। स्क्रीन एकेडमी एक स्वतंत्र, गैर-लाभकारी संस्था है, जिसमें 53 जाने-माने फिल्म निर्माता, कलाकार और सांस्कृतिक हस्तियां शामिल हैं, जिससे इन सम्मानों की विश्वसनीयता और भी बढ़ गई है।

यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया स्कूल ऑफ सिनेमैटिक आर्ट्स, लॉस एंजिल्स में सिनेमा और मीडिया स्टडीज की चेयर और स्क्रीन एकेडमी में स्कॉलर-इन-रेसिडेंस डॉ. प्रिया जयकुमार ने स्क्रीन एकेडमी के सदस्यों के लिए वोटिंग प्रक्रिया के लिए एक विस्तृत ग्रेडिंग दिशानिर्देश तैयार किए।

स्क्रीन एकेडमी में राजकुमार हिरानी, ​​रसूल पुकुट्टी, रीमा दास, विद्या बालन, शूजित सरकार, दीपा मेहता, श्रीराम राघवन, राम माधवानी, गुनीत मोंगा कपूर, जॉन अब्राहम, कबीर खान, करण जौहर, मुकेश छाबड़ा, पायल कपाड़िया, प्रोसेनजीत चटर्जी, आर.एस. प्रसन्ना और राजीव मेनन जैसे सदस्य शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: Chetak Screen Awards 2026: आदित्य धर ने जीता फिल्म ‘धुरंधर’ के लिए बेस्ट डायरेक्टर का खिताब