Chetak Screen Awards 2026: चेतक स्क्रीन अवॉर्ड 2026 का आयोजन मुंबई में हुआ। इस अवॉर्ड शो में अनीत पड्डा ने फिल्म ‘सैयारा’ में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए ब्रेकथ्रू न्यू एक्टर (फीमेल) का अवॉर्ड अपने नाम किया। इस कैटेगरी में कई दूसरी अभिनेत्रियां भी नॉमिनेट थीं, जिसमें राशा थडानी (आजाद), सारा अर्जुन (धुरंधर), रिधिमा सिंह (ह्यूमन्स इन द लूप) और शुभांगी दत्त (तन्वी द ग्रेट) शामिल थीं।

यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी को अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे और गोल्डी बहल ने विनर को दी। ‘सैयारा’ के निर्देशक मोहित सूरी ने अनीत पड्डा की तरफ से यह पुरस्कार स्वीकार किया। इवेंट की मेजबानी बॉलीवुड स्टार आलिया भट्ट, कॉमेडियन जाकिर खान और सुनील ग्रोवर के साथ-साथ वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी (एडिटर– हिंदी, द इंडियन एक्सप्रेस) ने की।

यह भी पढ़ें: रेड कार्पेट पर पहुंचे सितारे, अनु मलिक ने ‘धुरंधर के डायलॉग का बनाया गाना

स्क्रीन अवॉर्ड के बारे में

द इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप द्वारा स्थापित चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स सिनेमा और ओटीटी में उत्कृष्टता को पूरी तरह योग्यता, ईमानदारी और साथियों के सम्मान के आधार पर सम्मानित करते हैं।

चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026 के विजेताओं और नॉमिनीज का चयन स्क्रीन अकादमी द्वारा किया गया, जो 53 प्रतिष्ठित फिल्मकारों, कलाकारों और सांस्कृतिक हस्तियों का एक गैर-लाभकारी संगठन है। यह प्रक्रिया इन पुरस्कारों की विश्वसनीयता को और मजबूत बनाती है।

अकादमी ने फिल्मों के मूल्यांकन के लिए एक संरचित वोटिंग प्रक्रिया अपनाई। यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया स्कूल ऑफ सिनेमैटिक आर्ट्स, लॉस एंजिल्स में सिनेमा और मीडिया स्टडीज़ की चेयर डॉ. प्रिया जयकुमार, जो स्क्रीन अकादमी में स्कॉलर-इन-रेजिडेंस भी हैं, ने मूल्यांकन में एकरूपता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत ग्रेडिंग गाइडलाइंस तैयार कीं।

स्क्रीन अकादमी के सदस्यों में शूजित सरकार, दीपा मेहता, श्रीराम राघवन, राम माधवानी, गुनीत मोंगा कपूर, जॉन अब्राहम, कबीर खान, करण जौहर, मुकेश छाबड़ा, पायल कापड़िया, प्रोसेनजीत चटर्जी, आरएस प्रसन्ना, राजीव मेनन, राजकुमार हिरानी, रेसुल पूकुट्टी, रीमा दास और विद्या बालन सहित कई अन्य प्रमुख नाम शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: गुलजार ने गुस्ताख इश्क के ‘उल जुलूल इश्क’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गीत का पुरस्कार जीता, रसूल पुकुट्टी ने रिसीव किया अवॉर्ड