चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026 में बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ का दबदबा देखने को मिला। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस मूवी ने 14 कैटेगरी में खिताब जीतकर धूम मचा दी। इस लिस्ट में रणवीर सिंह को ‘बेस्ट एक्टर (मेल)’, आदित्य को ‘बेस्ट डायरेक्टर’ और अक्षय खन्ना को ‘बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर (मेल)’ का अवॉर्ड मिला।
सिर्फ इतना ही नहीं, फिल्म ने टेक्निकल, एडिटिंग, साउंड डिजाइन, स्पेशल इफेक्ट्स, सिनेमैटोग्राफी, प्रोडक्शन डिजाइन, बैकग्राउंड स्कोर, एक्शन, हेयरस्टाइलिंग और मेकअप कैटेगरी में भी अवॉर्ड जीते। वहीं, इसने बेस्ट कॉस्ट्यूम का अवॉर्ड फिल्म ‘छावा’ के साथ शेयर किया।
यामी गौतम ने जीता बेस्ट एक्ट्रेस का खिताब
सुपर्ण वर्मा की फिल्म ‘हक’ के लिए यामी गौतम धर ने ‘बेस्ट एक्टर (फीमेल)’ का अवॉर्ड अपने नाम किया। बता दें कि यह मूवी ऐतिहासिक शाह बानो केस पर बनी है, जिसमे अभिनेत्री ने शाह बानो का किरदार ही निभाया था। इसके अलावा इसी मूवी को ‘जेंडर सेंसिटिविटी’ के लिए ‘बेस्ट फिल्म’ का अवॉर्ड मिला।
वहीं, नीरज घेवान की मूवी ‘होमबाउंड’ को ‘बेस्ट फिल्म’ का अवॉर्ड मिला। यह अवॉर्ड लेने के लिए स्टेज पर पूरी टीम मौजूद थी- डायरेक्टर घेवान, लीड एक्टर ईशान खट्टर, विशाल जेठवा से लेकर प्रोड्यूसर करण जौहर तक वहां मौजूद थे। बता दें कि यह अवॉर्ड रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता मुकेश अंबानी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिया।
स्टेज पर स्पीच देते हुए ईशान खट्टर ने कहा, “यह फिल्म उन लोगों को आवाज देने की एक कोशिश है, जिनकी कोई आवाज नहीं है और मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा, जिन्होंने हमारी फिल्म को आवाज दी।”
बता दें कि सात साल के अंतराल के बाद चेतक स्क्रीन अवॉर्ड की वापसी हुई है। यह अवॉर्ड्स 1995 में ‘द इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप’ ने शुरू किया था। इस बार के इवेंट को अभिनेत्री आलिया भट्ट, कॉमेडियन जाकिर खान और सुनील ग्रोवर के साथ मिलकर हिंदी एडिटर सौरभ द्विवेदी ने होस्ट किया।
यह भी पढ़ें: ‘मैं डर गई थी’, सुनंदा शर्मा को छूने स्टेज पर चढ़ गया था छात्र, सिंगर ने अब दिया रिएक्शन
