महानायक अमिताभ बच्चन को लेकर हाल ही में सोशल मीडिया पर उनकी तबीयत खराब होने और अस्पताल में भर्ती होने की खबरें तेजी से वायरल हुई थीं। इन अफवाहों के बीच रविवार को बिग बी ने अपने घर ‘जलसा’ के बाहर आकर फैंस से मुलाकात की और सभी अटकलों पर विराम लगा दिया।
हर रविवार की तरह इस बार भी सैकड़ों प्रशंसक अमिताभ बच्चन की एक झलक पाने के लिए उनके मुंबई स्थित घर के बाहर पहुंचे थे। अभिनेता ने मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर फैंस का अभिवादन किया। हालांकि भारी भीड़ के कारण माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।
बताया जा रहा है कि भीड़ के दबाव के बीच एक फैन अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सुरक्षाकर्मी और आसपास मौजूद लोग तुरंत उस व्यक्ति की मदद करते नजर आए।
एक अन्य वीडियो में कुछ प्रशंसक पास की इमारत पर चढ़कर बिग बी की झलक पाने की कोशिश करते दिखाई दिए। अमिताभ बच्चन ने भी ऊपर खड़े फैंस की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया।
यह भी पढ़ें: ‘घर में जब कीड़े पनपते हैं तो’, कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर रैपर बोले- दवा का स्प्रे कर खत्म कर देना चाहिए
अस्पताल में भर्ती होने की चर्चाओं के बाद यह अमिताभ बच्चन की पहली सार्वजनिक मौजूदगी थी, इसलिए फैंस के बीच उन्हें देखने का उत्साह काफी ज्यादा था। अभिनेता ने इससे पहले सोशल मीडिया पर एक रहस्यमयी पोस्ट साझा कर अपनी तबीयत को लेकर उठ रही चर्चाओं को अप्रत्यक्ष रूप से खारिज किया था।
अमिताभ बच्चन जल्द ही कल्कि 2898 ईस्वी के सीक्वल में अश्वत्थामा के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा, वे निर्देशक रिभु दासगुप्ता की कोर्टरूम ड्रामा फिल्म सेक्शन 84 में भी दिखाई देंगे।
