अहमद खान के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। मगर इससे पहले फिल्म पर सेंसर बोर्ड की कैंची चली है और इसमें 18 कट्स लगाए गए हैं।
वेलकम फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ 26 जून, शुक्रवार को दुनियाभर में रिलीज होने जा रही है। इससे पहले एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म में कुल 18 कट्स लगाने के निर्देश दिए हैं। इनमें कश्मीर से जुड़े संदर्भ और दिशा पाटनी व जैकलीन फर्नांडिस के कुछ संवेदनशीन सीन भी शामिल हैं। इन बदलावों के बाद फिल्म को UA 16+ सर्टिफिकेट दिया गया है। इसकी अवधि 2 घंटे 44 मिनट बताई गई है।
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, CBFC ने कुछ ऐसे शब्दों और डायलॉग में बदलाव या हटाने के निर्देश दिए जिन्हें बोर्ड ने संवेदनशील, राजनीतिक या अशोभनीय माना।
फिल्म से ‘पानी ऑफ कश्मीर’ और ‘देश की टट्टी’ जैसे डायलॉग पूरी तरह हटा दिए गए हैं। वहीं ‘गोरखा रेजिमेंट’ और ‘जनरल’ जैसे सैन्य शब्दों को ‘तुम आर्मी से हो?’ और ‘ऑफिसर/सर’ से बदलने का निर्देश दिया गया है।
यह भी पढ़ें: ‘तेरी टेढ़ी दुम सीधी करने आया हूं’, एक दूसरे के खिलाफ बोलने के बाद विज्ञापन में साथ नजर आए मुकेश खन्ना-समय रैना
इसके अलावा ‘काला पैदा हुआ है… कोयला है’ संवाद को बदलकर ‘सड़ा पैदा हुआ है… नमूना हुआ है’ कर दिया गया। वहीं ‘याद करो कुर्बानी, मुंह में भर लो पानी’ को संशोधित कर ‘सुनो सुनाता हूं कहानी, जो शहीद होने जा रहा था, उसके मुंह में भर लो पान’ किया गया है।
फिल्म में ‘अजारुद्दीन नाम को भी बदलकर ‘अल्लाउद्दीन’ कर दिया गया है। साथ ही, सबटाइटल्स से screwed शब्द को दो जगहों से हटाया गया है।
दिशा पाटनी और जैकलीन फर्नांडिस के दृश्यों पर भी चली कैंची
रिपोर्ट के अनुसार, CBFC ने फिल्म में मौजूद कुछ बिकिनी शॉट्स, महिलाओं के हिप्स के क्लोज-अप शॉट्स और गानों में दिखाए गए कुछ हिप मूवमेंट वाले दृश्य हटाने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें: दिलजीत दोसांझ के शो में फिर हुआ खालिस्तान समर्थकों का हंगामा, सिंगर ने नहीं रोकी परफॉर्मेंस
बोर्ड ने दिशा पाटनी और जैकलीन फर्नांडिस के कुछ “संवेदनशील” विजुअल्स को भी हटाने को कहा है। इसके अलावा एक अश्लील हाथ के इशारे वाले शॉट को हटाकर उसकी जगह अभिनेता विंदू दारा सिंह का क्लोज-अप शॉट इस्तेमाल किया गया है।
फिल्म का निर्माण फिरोज ए. नाडियाडवाला, राकेश डांग और वेदांत विकास बाली ने संयुक्त रूप से किया है। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी कबीर लाल ने की है, जबकि एडिटिंग नितिन एफसीपी ने संभाली है। संगीत विक्रम मोंट्रोस, तलविंदर, एनडीएस, आनंद राज आनंद और साजिद-वाजिद ने दिया है।
फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर और राजपाल यादव अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
