बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली आखिर बार बड़े पर्दे पर साल 2012 में आई फिल्म ‘विल यू मैरी मी’ में नजर आई थीं। अब वह 14 सालों बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। सेलिना, राम कमल मुखर्जी की डायरेक्ट की गई बायोपिक ‘सिस्टर निवेदिता’ में दिखाई देंगी। बता दें कि सिस्टर निवेदिता स्वामी विवेकानंद की विदेशी शिष्या थीं। इसे लेकर एक्ट्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट भी किया है।
सेलिना ने एक्स हैंडल पर लिखा, “सभी को नमस्कार… यह आसान नहीं है, लेकिन मेरे पास अपने काम में लौटने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। यही वह चीज है जो मैं सबसे अच्छी तरह करती हूं और शायद यही मुझे जिंदगी की मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकालने में मदद करेगी। मुझे उम्मीद है कि इस सफर में आपका प्यार और समर्थन मिलेगा। जो लोग इन कठिन दिनों में मेरा साथ दे रहे हैं, मैं उनकी आभारी हूं।”
यह भी पढ़ें: रिलेशनशिप में मिला धोखा बर्दाश्त नहीं कर पाए थे हर्षद चोपड़ा, YRKKH अभिनेता ने काट ली थी अपनी कलाई
उन्होंने आगे लिखा, “जुलाई 2026 के अंक में मुझे जगह देने के लिए फिल्मफेयर मिडिल ईस्ट और इसके CEO क्रिस एंकम का धन्यवाद। मैं अपनी फिल्म ‘सिस्टर निवेदिता’ के साथ सिनेमा में लौटने की तैयारी कर रही हूं। यह मेरी वापसी नहीं, बल्कि होमकमिंग है और वह भी भारत की महान बेटियों में से एक की कहानी के जरिए।”
राम कमल मुखर्जी ने किया निर्देशन
सेलिना ने बात जारी रखते हुए कहा, “मैं अगली बार ‘सिस्टर निवेदिता’ में नजर आऊंगी। इस फिल्म का निर्देशन राम कमल मुखर्जी ने किया है, जबकि इसके निर्माता अरित्रा दास और सरबानी मुखर्जी हैं। यह फिल्म मार्गरेट एलिजाबेथ नोबल के असाधारण जीवन पर आधारित है। वह एक आयरिश शिक्षिका थीं, जो 1898 में स्वामी विवेकानंद के साथ भारत आई थीं और उन्होंने अपना जीवन भारत की शिक्षा, सेवा और आध्यात्मिक जागरण के लिए समर्पित कर दिया था।”
सेलिना की निजी जिंदगी में संघर्ष
सेलिना जेटली ने साल 2011 में ऑस्ट्रियाई उद्यमी और होटल व्यवसायी पीटर हाग से शादी की थी। 2012 में उनके जुड़वां बेटे हुए और 2017 में उन्होंने फिर जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। हालांकि, दूसरे जुड़वां बच्चों में से एक का जन्म के कुछ समय बाद ही दिल की बीमारी के कारण निधन हो गया था।
नवंबर 2025 में सेलिना ने पीटर के खिलाफ घरेलू हिंसा कानून के तहत मामला दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि वह कई सालों तक घरेलू हिंसा का शिकार रहीं। अभिनेत्री ने यह भी कहा था कि संयुक्त अभिरक्षा का आदेश होने के बावजूद उन्हें अपने बच्चों से पूरी तरह अलग कर दिया गया है।
