‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी के तीसरे भाग के बाद अब कोई चौथा पार्ट नहीं आएगा। वैसे तो अजय देवगन ने फैंस के बीच उम्मीद जगा दी थी कि शायद इसका अगला पार्ट भी आ सकता है, लेकिन अब फिल्म के डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने कंफर्म कर दिया है कि ‘दृश्यम 3’ इस फ्रेंचाइजी का आखिरी भाग था।

दरअसल अजय देवगन ने एक इवेंट के दौरान कहा था कि ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ फ्रेंचाइजी की आखिरी फिल्म है। लेकिन उन्होंने अपनी बात में एक छोटा सा ट्विस्ट भी देते हुए कहा था ‘फिलहाल के लिए’। जिसके बाद फैंस कयास लगा रहे थे कि ‘दृश्यम 4’ भी आ सकती है। मगर अब स्क्रीन को दिए इंटरव्यू में अभिषेक पाठक ने साफ कर दिया है कि ‘दृश्यम 4’ बनाने का उनका कोई प्लान नहीं है।

अभिषेक पाठक का कहना है कि फिल्म से जुड़े सभी लोग इसे फ्रेंचाइजी का आखिरी हिस्सा मानते हैं। उन्होंने कहा, “हम सभी को लगता है कि यह फिल्म का आखिरी पार्ट है। यह सच है कि दर्शक इसे खूब पसंद कर रहे हैं और इसके बारे में बात कर रहे हैं। लेकिन ‘दृश्यम’ ऐसी फ्रेंचाइजी नहीं है, जिसमें हम जब चाहें एक और फिल्म बनाने का फैसला कर लें। यह पूरी तरह कहानी पर निर्भर करता है और कहानी अब खत्म हो चुकी है।”

2 अक्तूबर को दृश्यम डे मनाना चाहते हैं अभिषेक पाठक

हालांकि, डायरेक्टर चाहते हैं कि हर साल 2 अक्टूबर को ‘दृश्यम डे’ के तौर पर मनाने का सिलसिला जारी रहे। फिल्म की कहानी में इस तारीख का खास महत्व है और दर्शकों के बीच भी इसकी अलग पहचान बन चुकी है।

अभिषेक ने बताया कि ‘दृश्यम 3’ के जरिए वह साल 2015 में आई पहली फिल्म की यादें ताजा करना चाहते थे। उस फिल्म को दिवंगत डायरेक्टर निशिकांत कामत ने बनाया था। इसी फिल्म में विजय सालगांवकर की दुनिया और फिल्मों के प्रति उसका प्यार दिखाया गया था। विजय चौथी कक्षा तक पढ़ा है, लेकिन फिल्में देखकर उसने कई ऐसी बातें सीखीं, जो आगे चलकर उसके काम आती हैं।

यह भी पढ़ें: Drishyam 3 Box Office Day 12: अजय देवगन की फिल्म ने 12वें दिन रचा इतिहास, वर्ल्डवाइड कमाई 501 करोड़ पार

अभिषेक के मुताबिक, यही वजह है कि तीसरी फिल्म का अंत सिर्फ फ्रेंचाइजी को अलविदा कहने जैसा नहीं है, बल्कि यह फिल्मों के प्रति प्यार जताने का भी एक तरीका है।

उन्होंने कहा, “मुझे हमेशा से लगता था कि इसका अंत बहुत खूबसूरत और अपने आप में पूरा है। यह पूरी फ्रेंचाइजी के लिए एक तरह का प्रेम पत्र है। कहानी को जिस तरह खत्म किया गया है, वह काफी अच्छा है। लोगों को भी यही पसंद आया है। कई लोग मुझसे कह रहे हैं कि इसका चौथा पार्ट भी बन सकता है। अगर आप चाहें, तो आगे कहानी को बढ़ाने के कई रास्ते निकल सकते हैं। लेकिन बात यह नहीं है। हमें इसे किसी न किसी मोड़ पर खत्म करना ही था और मुझे लगता है कि यह इसके लिए एक खूबसूरत अंत है।”

फिल्म के सस्पेंस पर नहीं खोलना चाहते राज

अभिषेक ने फिल्म के क्लाइमैक्स और कहानी से जुड़े सस्पेंस पर ज्यादा बात करने से इनकार कर दिया। फिल्म में विजय सलगांवकर के अतीत से जुड़ा एक अहम राज सामने आता है। इसके अलावा सिस्टर परेरा और गोवा के ईसाई समुदाय से विजय के जुड़ाव को लेकर भी कहानी में कई दिलचस्प पहलू हैं।

डायरेक्टर ने कहा कि फिल्म को रिलीज हुए अभी दूसरा हफ्ता ही चल रहा है और बड़ी संख्या में लोग इसे देखने थिएटर पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे वीकेंड पर फिल्म ने 60 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की।

यह भी पढ़ें: Drishyam The Conclusion Review: सस्पेंस-ड्रामा से भरा विजय सलगांवकर का आखिरी अलविदा, ‘दृश्यम 3’ है जोरदार

अभिषेक ने कहा, “इतनी कमाई का आंकड़ा कई फिल्मों के लिए पूरी जिंदगी में हासिल करना भी मुश्किल होता है। इसलिए अभी फिल्म का सस्पेंस खराब नहीं करना चाहिए।”

मलयालम वर्जन से अलग रखी हिंदी फिल्म की कहानी

‘दृश्यम 3’ की दुनियाभर में कमाई 500 करोड़ रुपये के करीब पहुंच रही है। मलयालम वर्जन से अलग हिंदी फिल्म की कहानी पर अभिषेक पाठक ने बताया कि उन्होंने जीतू जोसेफ की फिल्म की कहानी तैयार होने से पहले ही अपना प्लॉट सोच लिया था। दोनों फिल्मों की टीमों ने कहानी के ड्राफ्ट जरूर साझा किए थे, लेकिन हिंदी फिल्म की कहानी अलग रखी गई।

अभिषेक के मुताबिक, 2022 में आई ‘दृश्यम 2’ को मिले रिस्पॉन्स से उन्हें तीसरे पार्ट की कहानी तय करने में मदद मिली। वह थ्रिलर के रोमांच को बरकरार रखना चाहते थे, इसलिए उन्होंने कहानी को किसी दूसरी दिशा में ले जाने के बजाय इसी जॉनर पर फोकस किया।