करीब दो महीने पहले सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) के नए 18 सदस्यीय बोर्ड का गठन हुआ था। अब सेंसर बोर्ड ने फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। फिल्मों को सर्टिफिकेट देने की प्रक्रिया में भी नियम सख्त किए गए हैं। नई गाइडलाइन में पांच अहम शर्तें रखी गई हैं। जिसके तहत अब फिल्म की पहले से घोषित रिलीज डेट के आधार पर सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया में तेजी नहीं लाई जाएगी। साथ ही अधूरी फिल्मों को जांच के लिए स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बोर्ड ने यह एडवाइजरी सिनेमैटोग्राफ एक्ट, 1952 और सिनेमैटोग्राफ रूल्स, 2024 के तहत फिल्म सर्टिफिकेशन के लिए आवेदन करने वाले सभी निर्माताओं और आवेदकों के लिए जारी की है।

अधूरी फिल्म को नहीं मिलेगा सर्टिफिकेट

नई गाइडलाइन के मुताबिक, सर्टिफिकेशन के लिए जमा की जाने वाली फिल्म हर लिहाज से पूरी और फाइनल होनी चाहिए। इसमें ग्राफिक्स, बैकग्राउंड म्यूजिक, साउंड मिक्सिंग और सिनेमाघरों में रिलीज के लिए जरूरी सभी सुविधाएं शामिल होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें: बॉम्बे HC की सख्ती के बाद झुके इमरान खान, प्रदर्शन में शामिल होने पर मांगी माफी

फिल्म के टाइटल पर भी चल सकती है कैंची

CBFC ने फिल्म निर्माताओं को यह भी चेतावनी दी है कि सर्टिफिकेशन के लिए आवेदन करते समय फिल्म का नाम जमा करा देने का मतलब यह नहीं है कि उसे अंतिम मंजूरी मिल गई है। निर्माताओं को इस संभावना के लिए तैयार रहना होगा कि बोर्ड फिल्म का टाइटल बदलने के लिए कह सकता है।

पिछले एक साल में कई फिल्मों के नाम बदले जा चुके हैं। इनमें ‘जनकी वर्सेज स्टेट ऑफ केरल’, ‘मातृभूमि’ और मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘घोषकर पंडित’ शामिल हैं, जिसका नाम बदलकर ‘गजब रात’ कर दिया गया था।

बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि अधूरी फिल्म जमा करने पर आवेदन नियमों के खिलाफ माना जा सकता है। ऐसी स्थिति में आवेदन की प्रक्रिया में देरी हो सकती है, उसे वापस किया जा सकता है या खारिज भी किया जा सकता है।

रिलीज डेट के दबाव में नहीं आएगा सेंसर बोर्ड

फिल्मों की रिलीज डेट को लेकर भी CBFC ने अपना रुख साफ कर दिया है। बोर्ड के मुताबिक, निर्माता पहले से रिलीज डेट घोषित करके सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया को जल्दी पूरा करने का दबाव नहीं बना सकते।

एडवाइजरी में कहा गया है, “सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया मौजूदा एक्ट और नियमों के तहत तय प्रक्रिया और समय-सीमा के अनुसार ही पूरी होगी। निर्माता या आवेदक की ओर से घोषित या प्रचारित रिलीज डेट का इस पर कोई असर नहीं पड़ेगा।”

यह स्पष्टीकरण ऐसे समय आया है, जब कई फिल्मों को सर्टिफिकेशन और रिलीज में देरी का सामना करना पड़ा है। इनमें थलपति विजय की ‘जन नायकन’ और सलमान खान की ‘मातृभूमि’ शामिल हैं। ‘मातृभूमि’ के निर्माताओं का कहना है कि फिल्म अभी तक CBFC के पास सर्टिफिकेशन के लिए भेजी ही नहीं गई है। वहीं, ‘जन नायकन’ को अपनी तय रिलीज डेट के करीब छह महीने बाद तक सर्टिफिकेशन का इंतजार करना पड़ा था।

यह भी पढ़ें: Ramayana Advance Booking: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ ने एडवांस बुकिंग में पकड़ी रफ्तार, रिलीज से पहले कमाये करोड़ों

बोर्ड ने फिल्म निर्माताओं को सलाह दी है कि वे रिलीज की तारीख तय करते समय सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया के लिए पर्याप्त समय रखें। साथ ही सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि फिल्मों को सर्टिफिकेट देने का काम बिना किसी परेशानी के समय पर पूरा हो सके।

दो महीने पहले हुआ था नए बोर्ड का गठन

यह एडवाइजरी सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से CBFC का नया बोर्ड गठित किए जाने के करीब दो महीने बाद आई है। मंत्रालय ने तीन साल के कार्यकाल के लिए 18 सदस्यों की नियुक्ति की थी।

सेंसर बोर्ड की टीम में हैं ये सदस्य

इस नए बोर्ड में पंकज त्रिपाठी, प्रीति जिंटा, सुनील शेट्टी, प्रसन्नजीत चटर्जी, प्रियदर्शन, रिकी केज, रूपाली गांगुली, पल्लवी जोशी, मनोज जोशी, विनोद अनुपम और अभिषेक जैन समेत कई अन्य सदस्य शामिल हैं।