बंगाली एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत के मामले में उनके परिवार और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों की ओर से लगातार विस्तृत जांच की मांग की जा रही थी। अब पश्चिम बंगाल सरकार ने इस मामले की जांच की जिम्मेदारी राज्य की सीआईडी (CID) को सौंपने का फैसला किया है।
पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि उन्होंने पूर्वी मिदनापुर जिला पुलिस को मामले को सीआईडी को ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है।
राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पश्चिम बंगाल सरकार ने मामले की जांच सीआईडी को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूर्वी मिदनापुर के दीघा में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि उन्होंने जिला पुलिस को आवश्यक प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं, ताकि राज्य की अपराध जांच एजेंसी इस मामले की जिम्मेदारी संभाल सके।
कैसे हुई थी राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत?
बंगाली अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी का 29 मार्च को दीघा में एक टीवी धारावाहिक की शूटिंग के दौरान समुद्र में डूबने से निधन हो गया था। इस घटना के बाद उनके परिवार, दोस्तों और मनोरंजन जगत से जुड़े कई लोगों ने मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसी बढ़ते दबाव और सवालों को देखते हुए अब मामले को सीआईडी के हवाले किए जाने की तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: ‘उसका कोई गॉडफादर नहीं था’, संचिता उगाले की मौत पर दादा गोपीनाथ ने कही ये बात, बोले- वह बहुत टैलेंटेड लड़की थी
पोस्टमार्टम जांच में पता चला था कि राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत डूबने के कारण हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार, लंबे समय तक पानी में रहने से उनका दम घुट गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उनके फेफड़ों और भोजन नली में समुद्री पानी और रेत काफी मात्रा में पहुंच गई थी, जिसके चलते उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई और जान चली गई।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का फैसला
इस घटना के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने समुद्री तटों पर सुरक्षा बढ़ाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि दीघा समेत पश्चिम बंगाल के अन्य बीच इलाकों में लाइफगार्ड्स की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें: ‘मेरे सारे पैसे खा गया’, फिल्म ‘तीस मार खान’ के सेट पर रोजाना हेलीकॉप्टर से आते थे अक्षय कुमार, फराह ने किया खुलासा
मुख्यमंत्री ने बताया कि फिलहाल दीघा तटीय क्षेत्र में 63 लाइफगार्ड तैनात हैं, लेकिन सरकार इस संख्या में इजाफा करने की तैयारी कर रही है। उनका कहना था कि पर्यटकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।
टीवी और ओटीटी की दुनिया में बनाई पहचान
राहुल अरुणोदय बनर्जी बंगाली मनोरंजन जगत का लोकप्रिय चेहरा थे। उन्होंने ‘खेला’, ‘तुमी आशबे बोले’, ‘देशेर माटी’, ‘लालकुठी’ और ‘हरोगौरी पाइस होटल’ जैसे कई चर्चित धारावाहिकों में अभिनय किया था। इन शोज ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई।
अपने निधन से पहले वह ‘भोलेबाबा पार करेगा’ सीरियल की शूटिंग में व्यस्त थे। टेलीविजन के अलावा उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी अपनी छाप छोड़ी और ‘इंदुबाला भातेर होटल’ तथा ‘सेवन’ जैसी वेब सीरीज में दमदार अभिनय किया।
