Box Office Report: मनोज तापड़िया के निर्देशन में बनी कंगना रनौत स्टारर ‘भारत भाग्य विधाता’, इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी वेदांग रैना और दिलजीत दोसांझ स्टारर ‘मैं वापस आऊंगा’ और चिन्मय मांडलेकर के निर्देशन में बनी मनोज बाजपेयी स्टारर ‘गवर्नर’ तीनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अपना पहला वीकेंड पूरा कर लिया है। चलिए अब जानते हैं कि रविवार को इन मूवी ने कितनी कमाई की, साथ ही पहले वीकेंड पर किस मूवी ने बाजी मारी है।
रविवार को कमाई में ‘मैं वापस आऊंगा’ रही आगे
दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना, नसीरुद्दीन शाह और शरवरी वाघ स्टारर फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म को क्रिटिक्स से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। वहीं, अगर इसके कलेक्शन की बात करें, तो अभी यह मूवी उसी दिन रिलीज हुई ‘भारत भाग्य विधाता’ और ‘गवर्नर’ से कमाई में भी आगे है।
यह भी पढ़ें: रेखा के 5 मिनट के विवादित किसिंग सीन पर सालों बाद बिस्वजीत चटर्जी की बेटी बोलीं- ‘पापा गलत थे’
सैकनिल्क के अनुसार, तीसरे दिन ‘मैं वापस आऊंगा’ ने 2,155 शो में 2.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इससे भारत में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 6.60 करोड़ रुपये और कुल नेट कलेक्शन 5.50 करोड़ रुपये हो गया है। बता दें कि फिल्म ने पहले दिन 1.15 करोड़ और दूसरे दिन 1.85 करोड़ का बिजनेस किया था।
‘भारत भाग्य विधाता’ की हुई इतनी कमाई
26/11 मुंबई हमलों में कामा अस्पताल की नर्सों की कहानी दिखाने वाली फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ भी बॉक्स ऑफिस पर बेहद धीमी कमाई कर रही है। तीसरे दिन रविवार को ‘भारत भाग्य विधाता’ ने 1,914 शो से 1.80 करोड़ रुपये की नेट कमाई की।
इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल ग्रॉस कमाई 5.09 करोड़ रुपये और कुल नेट कमाई 4.25 करोड़ रुपये हो गई है। बता दें कि पहले दिन इस मूवी ने 1 करोड़ रुपये कमाए थे और शनिवार को 1.45 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था।
‘गवर्नर’ का ऐसा हुआ हाल
इसके बाद बात करते हैं तीसरी फिल्म ‘गवर्नर’ की। इसमें मनोज बाजपेयी लीड किरदार में नजर आए। फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला, लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रही है। सैकनिल्क के अनुसार, ‘गवर्नर’ ने रविवार को 1,423 शो से 1.40 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इससे भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 4.14 करोड़ रुपये और कुल नेट कलेक्शन 3.45 करोड़ रुपये हो गया है।
यह भी पढ़ें: इन राज्यों में टैक्स फ्री हुई कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’, 26/11 हमलों में बहादुर नर्सों की कहानी पर आधारित
