Box Office Collection: सनी देओल स्टारर ‘बॉर्डर 2’ साल 2026 की अब तक सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस मूवी ने रिलीज के 10 दिन में ही ‘वॉर 2’ और ‘उरी’ समेत कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, जल्द ही ये मूवी 300 करोड़ के क्लब में शामिल होने को भी तैयार है। वरुण धवन, अहान शेट्टी की मूवी ‘बॉर्डर 2’ बीते महीने 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

इसके एक हफ्ते बाद 30 जनवरी को रानी मुखर्जी स्टारर फिल्म ‘मर्दानी 3’ ने भी सिनेमाघरों में दस्तक दी। पहले दो पार्ट हिट होने के बाद मेकर्स को ‘मर्दानी 3’ से काफी उम्मीदें थी, लेकिन अब इसका कलेक्शन देख कर लग रहा है कि ये मूवी ‘बॉर्डर 2’ के आगे फीकी पड़ गई है। रिलीज के तीन दिन में रानी की फिल्म 20 करोड़ का बिजनेस भी नहीं कर पाई है। चलिए जानते हैं कि सनी देओल और रानी मुखर्जी की मूवी ने रविवार को कितना बिजनेस किया है।

यह भी पढ़ें: रिकॉर्डिंग के दौरान सिंगर के मुंह से निकला खून, स्टूडियो में छा गया सन्नाटा

300 करोड़ के करीब ‘बॉर्डर 2’

सनी देओल, अहान शेट्टी, दिलजीत दोसांझ और वरुण धवन स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ वीकेंड पर शानदार कलेक्शन कर रही है। 8वें दिन शुक्रवार को फिल्म ने 10.75 करोड़ का कलेक्शन किया था। इसके बाद 9वें दिन फिल्म की कमाई में इजाफा हुआ और शनिवार को ‘बॉर्डर 2’ ने 17.75 करोड़ कमाए। अब सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने रविवार को 10वें दिन 22.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसी के साथ फिल्म का कुल बिजनेस 275.25 करोड़ हो गया है।

नहीं चला ‘मर्दानी 3’ का जादू

बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, मर्दानी 3 ने पहले दिन 4 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिर दूसरे दिन यह आंकड़ा 6.25 करोड़ तक पहुंच गया था। अब तीसरे दिन रविवार को मूवी ने 7.25 करोड़ कमाए। यह आंकड़ा पहले दो दिनों के मुकाबले तो अच्छा था, लेकिन फिर भी फिल्म कुछ खास कमाल नहीं कर पाई। तीन दिनों में इसने अभी तक कुल 17.5 करोड़ का ही नेट कलेक्शन किया है।

यह भी पढ़ें: The Kerala Story 2 Goes Beyond Teaser: ‘भारत की 8.5 करोड़ हिंदू अविवाहित लड़कियां टारगेट’, झकझोर देगा ‘द केरला स्टोरी 2’ का टीजर