Box Office Collection: जनवरी के महीने में कई फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हुई, लेकिन सनी देओल स्टारर ‘बॉर्डर 2’ और आखिर में आई रानी मुखर्जी स्टारर ‘मर्दानी 3’ ने लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाई और यह मूवी बॉक्स ऑफिस पर कमाई करते हुए नजर आईं। हालांकि, ‘मर्दानी 3’ का प्रदर्शन उतना शानदार नहीं रहा, लेकिन ‘बॉर्डर 2’ 300 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई है। अब इन दो फिल्मों के बाद नीना गुप्ता और संजय मिश्रा स्टारर फिल्म ‘वध 2’ ने भी थिएटर्स में दस्तक दे दी है। तो चलिए जानते हैं कि अब इन तीनों फिल्मों का बिजनेस कितना हो गया है।

‘बॉर्डर 2’ 300 करोड़ पार

सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को रिलीज हुई थी। अब इस मूवी को आए 16 दिन पूरे हो गए हैं। इन 16 दिनों में इस मूवी ने 300 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर लिया है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने वीकेंड पर यानी शनिवार को अच्छा बिजनेस किया। मूवी ने 4.25 करोड़ का कारोबार किया और इसी के साथ फिल्म का कुल बिजनेस 301.50 करोड़ हो गया है।

यह भी पढ़ें: रोमांस, ब्रेकअप और रियलिटी: दशकों के साथ बदला बॉलीवुड में लव स्टोरी का चलन

‘मर्दानी 3’ ने कमाए 30 करोड़

‘बॉर्डर 2’ के बाद 30 जनवरी को ‘मर्दानी 3’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दी। फिल्म में रानी मुखर्जी लीड रोल प्ले करते हुए नजर आईं। हालांकि, उनकी यह मूवी बॉक्स ऑफिस पर कुछ शानदार प्रदर्शन नहीं कर पाई। दरअसल, ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि फिल्म ने 9 दिनों में लगभग 30 करोड़ का ही बिजनेस किया है। सैकनिल्क के अनुसार, ‘मर्दानी 3’ ने शनिवार को 2.75 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसके बाद इसका कुल बिजनेस 30.90 करोड़ हो गया है।

‘वध 2’ का रहा ऐसा हाल

नीना गुप्ता और संजय मिश्रा स्टारर फिल्म ‘वध 2’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इस मूवी की कहानी काफी दिलचस्प और सस्पेंस से भरी है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत की है। सैकनिल्क के अनुसार, ‘वध 2’ ने अपने ओपनिंग डे पर 50 लाख का बिजनेस किया था। वहीं, दूसरे दिन शनिवार को 71 लाख कमाए हैं और अब इसी के साथ मूवी का कुल बिजनेस 1.21 करोड़ हो गया है।

यह भी पढ़ें: बंधन नहीं, इमोशन: एक ऐसी लव स्टोरी जो आत्मा तक उतर जाए