Tu Yaa Main vs O Romeo Collection: फरवरी के दूसरे हफ्ते में शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियो’ और शनाया कपूर की ‘तू या मैं’ इन दो फिल्मों ने थिएटर में दस्तक दी। फिल्म की कहानी के साथ-साथ इनके जॉनर भी काफी अलग थे। एक एक्शन-रोमांटिक मूवी थी, तो दूसरी में सर्वाइवल थ्रिलर नजर आया और दोनों ही मूवीज को क्रिटिक्स से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला। वहीं, बॉक्स ऑफिस पर ‘ओ रोमियो’ और ‘तू या मैं’ की कमाई में काफी अंतर देखने को मिला।
पहले दो दिनों में ‘ओ रोमियो’ ने जहां ठीक-ठाक कमाई की थी, वहीं तीसरे दिन इसके कलेक्शन में गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा ‘तू या मैं’ तो पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर सुस्त पड़ी हुई है और तीसरे दिन भी इसके बिजनेस में गिरावट देखने को मिली। चलिए जानते हैं कि इन दोनों फिल्मों ने अपने पहले वीकेंड पर कैसा प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें: कौन था ‘हुसैन उस्तरा’, जिस पर बनी शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियो’, दाऊद इब्राहिम से भी थी इस गैंगस्टर की दुश्मनी
खस्ता हुई ‘तू या मैं’ की हालत
बेजॉय नांबियार के निर्देशन में बनी फिल्म ‘तू या मैं’ ने 13 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। इस मूवी में आदर्श गौरव और शनाया कपूर की जोड़ी देखने को मिली। अब सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, इसी मूवी ने अपने ओपनिंग डे पर सिर्फ 60 लाख का बिजनेस किया। इसके बाद यह उम्मीद जताई गई कि फिल्म शनिवार और रविवार यानी वीकेंड पर शायद अच्छा प्रदर्शन कर ले, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
दूसरे दिन शनिवार को इसमें थोड़ा सा इजाफा हुआा फिल्म ने 1.4 करोड़ कमाए। वहीं, तीसरे दिन फिर इसके कलेक्शन में गिरावट दर्ज की गई। रविवार को मूवी ने सिर्फ 75 लाख का बिजनेस किया है। इसी के साथ फिल्म का कुल बिजनेस अभी तक 2.80 करोड़ रुपये हो गया है।
‘ओ रोमियो’ की कमाई में भी गिरावट
ज्यादातर यही देखने को मिलता है कि शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म शनिवार और रविवार को अच्छा प्रदर्शन करती है, लेकिन शाहिद कपूर की फिल्म के साथ ऐसा नहीं हुई। विशाल भारद्वाज के डायरेक्शन में बनी ‘ओ रोमियो’ के तीसरे दिन वाले कलेक्शन में गिरावट नजर आई। सैकनिल्क के अनुसार, मूवी ने ओपनिंग डे पर 8.5 छापे थे, तो दूसरे दिन कलेक्शन बढ़ा और फिल्म ने 12.65 करोड़ कमाए।
इसके बाद तीसरे दिन रविवार को ज्यादा कमाई की उम्मीद थी, लेकिन उसमे गिरावट दिखी। फिल्म ने बीते दिन सिर्फ 9 करोड़ का बिजनेस किया। इसी के साथ फिल्म का कुल बिजनेस 30.15 करोड़ रुपये हो गया है। बता दें कि इस फिल्म का निर्देशन विशाल भारद्वाज ने किया है और इसमें शाहिद के साथ तृप्ति डिमरी, नाना पाटेकर भी नजर आए हैं।
भारत-पाकिस्तान मैच और शिवरात्रि का दिखा असर
लगभग सभी फिल्में रविवार को बाकी दिनों के मुकाबले अच्छा बिजनेस करती हैं, क्योंकि यह छुट्टी वाला दिन होता है। हालांकि, ‘ओ रोमियो’ और ‘तू या मैं’ के दौरान ऐसा नहीं देखा गया। दरअसल, इसकी वजह भारत-पाकिस्तान मैच और शिवरात्रि को माना जा रहा है। बीते दिन शिवरात्रि थी और शाम को भारत-पाकिस्तान का मैच, ऐसे में शायद लोगों ने थिएटर की तरफ कम रुख किया होगा।
