साल की शुरुआत सितारों और फिल्ममेकर्स के लिए आमतौर पर उम्मीदों से भरी होती है-नई कहानियां, बड़े स्टार्स और बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड्स की आस। हालांकि, साल 2026 के पहले तीन महीनों ने बॉलीवुड के लिए एक अलग ही तस्वीर पेश की। थिएटर्स में फिल्मों की कमी नहीं थी, हर हफ्ते नई रिलीज आई, मगर दर्शकों की पसंद ने साफ कर दिया कि अब सिर्फ नाम या बजट से बात नहीं बनने वाली।
जनवरी से मार्च के बीच 13 से ज्यादा फिल्में रिलीज हुईं, लेकिन इनमें से ज्यादातर फिल्में भीड़ में खोती नजर आईं। कहीं ओपनिंग अच्छी रही तो कंटेंट ने साथ नहीं दिया, तो कहीं अच्छी कहानी होने के बावजूद दर्शक थिएटर तक पहुंचे ही नहीं। इस साल के पहले क्वाटर में अगर किसी एक फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर दबदबा बनाया, तो वह आदित्य धर की मूवी ‘धुरंधर 2’ थी, जो ब्लॉकबस्टर साबित हुई। चलिए हम आपको इन तीन महीने में रिलीज होने वाली फिल्मों के बारे में बताते हैं।
यह भी पढ़ें: 1550 का चोमू पैलेस बना ‘भूत बंगला’, जानें अक्षय कुमार की फिल्म की लोकेशन का इतिहास
इक्कीस (Ikkis)
साल की शुरुआत अगस्त्य नंदा और सिमर भाटिया स्टारर फिल्म ‘इक्कीस’ से हुई, जो 1 जनवरी को रिलीज हुई थी। यह मूवी दोनों की डेब्यू फिल्म थी, जिसे श्रीराम राघवन ने डायरेक्ट किया था। फिल्म में इनके अलावा धर्मेंद्र, जयदीप अहलावत समेत कई सितारे नजर आए। फिल्म की कहानी की बात करें, तो यह परम वीर चक्र विजेता सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्ररपाल की कहानी पर आधारित है। बॉलीवुड हंगामा के अनुसार, इस मूवी ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 28.38 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया।
द राजा साब (The Raja Saab)
मारुति के निर्देशन में बनी फिल्म ‘द राजा साब’ 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इस मूवी में प्रभास, संजय दत्त, निधि अग्रवाल, बोमन ईरानी और मालविका समेत कई सितारे नजर आए। फिल्म की कहानी एक ऐसे लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक शाही परिवार का वारिस होता है, लेकिन उसकी जिंदगी अचानक तब बदल जाती है जब वह अपने गुमशुदा दादा की तलाश में निकलता है। वहीं, इसके कलेक्शन की बात करें, तो फिल्म ने सभी भाषाओं में भारत में कुल नेट 146.04 करोड़ कमाए।
राहु केतु (Rahu Ketu)
‘फुकरे’ फेम जोड़ी पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा स्टारर फिल्म ‘राहु केतु’ 16 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म की तारीफ तो बहुत हुई, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर मामला सुस्त रहा था। राइटर-डायरेक्टर विपुल विग की यह फिल्म पौराणिक कथाओं को कॉमेडी से जोड़कर एक मजेदार कहानी देखने को मिली थी। इस मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 7-8 करोड़ का कलेक्शन किया था।
हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस (Happy Patel Khatarnak Jasoos)
‘राहु केतु’ के साथ ही ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ ने भी थिएटर्स में 16 जनवरी को दस्तक दी थी। यह वीर दास की डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म थी। हालांकि, इस मूवी को भी बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास सफलता नहीं मिली। यह एक स्पाइ-कॉमेडी फिल्म थी, जो लंदन में रहने वाले एक गुजराती युवक हैप्पी पटेल (वीर दास) के इर्द-गिर्द घूमती है।
हैप्पी का सपना ब्रिटिश इंटेलिजेंस एजेंसी (MI7) में एक जासूस बनना है। अपनी मासूमियत और अनाड़ीपन की वजह से वह सात बार इसकी परीक्षा में फेल हो चुका होता है। इसके कलेक्शन की बात करें, तो फिल्म ने 6-7 करोड़ का बिजनेस किया।
बॉर्डर 2 (Border 2)
इसके बाद जनवरी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने थिएटर्स में दस्तक दी थी। यह मूवी 23 जनवरी को सिनेमाघरों में आई थी। फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ के साथ-साथ अहान शेट्टी नजर आए। ‘बॉर्डर 2’ ने देश में 329.43 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया। हालांकि, यह बहुत ज्यादा बंपर कमाई नहीं कर पाई, क्योंकि मेकर्स ने फिल्म में कुछ भी नया नहीं दिखाया था। वहीं, फिल्म के गाने इस बार भी लोगों को काफी पसंद आए। बता दें कि यह मूवी साल 1997 में आई ‘बॉर्डर’ का ही अगला पार्ट थी।
मर्दानी 3 (Mardaani 3)
रानी मुखर्जी स्टारर फिल्म ‘मर्दानी 3’ से भी मेकर्स को बहुत उम्मीद थी, लेकिन ये अपनी पिछली फ्रेंचाइज मूवी की तरह धमाल नहीं मचा पाई। यह एक स्पाई-एक्शन थ्रिलर मूवी रही, जिसमें देशभक्ति, मिशन और खतरनाक ऑपरेशन दिखाए जाते हैं। पार्ट 2 में कहानी और बड़े स्केल पर जाती है। इसके कलेक्शन की बात करें, तो फिल्म ने देश में सिर्फ 50-52 करोड़ का कलेक्शन किया था।
वध 2 (Vadh 2)
नीना गुप्ता, संजय मिश्रा स्टारर फिल्म ‘वध 2’ एक डार्क क्राइम-थ्रिलर मूवी है। इसकी कहानी मध्य प्रदेश की जेल के अंदर से एक खूंखार कैदी के गायब होने की मिस्ट्री पर आधारित है। इसके अलावा यह संजय मिश्रा (एक रिटायर होने वाले गार्ड) और नीना गुप्ता (एक कैदी) के बीच पनपते रिश्ते और जेल के अंदर हुए एक सस्पेंसपूर्ण मर्डर के इर्द-गिर्द घूमती है। इसके कलेक्शन की बात करें, तो फिल्म ने लगभग 5 करोड़ के आसपास की कमाई की।
ओ रोमियो (O Romeo)
विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी फिल्म ‘ओ रोमियो’ में शाहिद कपूर, नाना पाटेकर, तृप्ति डिमरी, अविनाश तिवारी, फरीदा जलाल और तमन्ना जैसे कई सितारे नजर आए। इसमें हुसैन उस्तरा और सपना दीदी की रोमांचक अनकही कहानी दिखाई गई। इस मूवी ने देश में 70 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया।
द केरल स्टोरी 2 गोज बियॉन्ड (The Kerala Story 2 Goes Beyond)
‘द केरल स्टोरी 2’ को कम बजट का फायदा मिला है। महज 30 करोड़ में बनी इस फिल्म ने 52.26 करोड़ रुपये कमाए हैं और मुनाफे में रही। हालांकि, इसे झटका तब लगा, जब साल 2023 में रिलीज ‘द केरल स्टोरी’ महज 15 करोड़ में बनी थी और देश में 241.74 करोड़ का नेट कलेक्शन कर गई थी।
धुरंधर 2 (Dhurandhar 2)
अब बारी आती है इन तीन महीनों में मिली एकलौती ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर 2’ की। आदित्य धर के निर्देशन में बनी रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने रिलीज के कुछ दिनों में ही 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर दिया और यह अभी भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए हैं। बता दें कि इस फिल्म का पहला पार्ट साल 2025 के दिसंबर में रिलीज हुआ था।
इसके अलावा लिस्ट में ‘भाबीजी घर पर है! फन ऑन द रन’, ‘तू या मैं’, तापसी पन्नू स्टारर ‘अस्सी’ और शनाया कपूर स्टारर ‘दो दीवाने सहर में’ का नाम शामिल है। हालांकि, यह फिल्में फ्लॉप साबित हुई थी।
यह भी पढ़ें: 1000 करोड़ की कहानी: ‘धुरंधर 2’ कैसे बनी बॉलीवुड का टर्निंग प्वाइंट
