Box Office Collection: 12 जून को एक साथ तीन फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर क्लैश हुआ। इसमें इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’, कंगना रनौत स्टारर ‘भारत भाग्य विधाता’ और मनोज बाजपेयी स्टारर ‘गवर्नर’ शामिल है। अब इनके दूसरे दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सामने आ गया है। चलिए जानते हैं कि किस मूवी को दर्शकों से ज्यादा प्यार मिला है और कौनसी पीछे रह गई है।
धमाकेदार नहीं रही किसी भी फिल्म की कमाई
बता दें कि ओपनिंग डे की कमाई के आंकड़ों ने ट्रेड एक्सपर्ट्स को थोड़ा चौंकाया है। बॉक्स ऑफिस पर इस बार किसी भी फिल्म की धमाकेदार शुरुआत नहीं हुई। दिलचस्प बात ये है कि मजबूत स्टार कास्ट होने के बावजूद तीनों में से कोई भी फिल्म पहले दो दिनों में 5 करोड़ रुपये के आंकड़े को छूने में नाकाम रही।
यह भी पढ़ें: ‘वीर-जारा’ में कैमियो के लिए यश चोपड़ा से मिली थी मनोज बाजपेयी को इतनी रकम, सालों बाद किया एक्टर ने खुलासा
‘मैं वापस आऊंगा’ ने कमाए इतने करोड़
इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना, नसीरुद्दीन शाह और शरवरी वाघ स्टारर फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ ने पहले दिन 1.15 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। अब सैकनिल्क के अनुसार, इस मूवी ने दूसरे दिन शनिवार को 2,152 शो में 1.85 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इससे भारत में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 3.60 करोड़ रुपये और कुल नेट कलेक्शन 3 करोड़ रुपये हो गया है। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को फिल्म की कमाई में 60.9% की वृद्धि देखी गई।
‘भारत भाग्य विधाता’ की धीमी शुरुआत
इसके बाद लिस्ट में दूसरा नाम कंगना रनौत स्टारर फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ का है। फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों से अच्छा प्रदर्शन मिला, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी शुरुआत बेहद धीमी रही। सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन 1 करोड़ कमाए थे और दूसरे दिन 1,956 शो से कुल 1.45 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इससे भारत में अब तक की कुल ग्रॉस कमाई 2.93 करोड़ रुपये और कुल नेट कमाई 2.45 करोड़ रुपये हो गई है।
‘गवर्नर’ भी बढ़ रही है आगे
मनोज बाजपेयी स्टारर फिल्म ‘गवर्नर’ ने भी इन दोनों मूवी के साथ ही 12 जून को थिएटर्स में दस्तक दी। अब इसके कलेक्शन की बात करें, तो सैकनिल्क के मुताबिक, इस मूवी ने पहले दिन 90 लाख रुपये का बिजनेस किया था। दूसरे दिन मूवी ने 1,431 शो में 1.15 करोड़ रुपये का कुल कलेक्शन किया। इसके बाद भारत में अब तक इसका कुल गॉस कलेक्शन 2.46 करोड़ और नेट कलेक्शन 2.05 करोड़ रुपये हुआ।
यह भी पढ़ें: ‘एक दिन में 12 शॉर्ट फिल्म’, 83 की उम्र में भी अमिताभ बच्चन का कमाल, फैंस बोले- आप ही असली इंस्पिरेशन हैं
