Border 2 vs Mardaani 3 Box Office Collection: अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और 12 दिनों में ही मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है। सिर्फ इतना ही नहीं, सनी देओल, अहान शेट्टी, दिलजीत दोसांझ और वरुण धवन स्टारर इस वॉर ड्रामा फिल्म ने अब अक्षय कुमार और ऋतिक रोशन की फिल्मों का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ऐसे में यह साफ दिख रहा है कि देशभक्ति से ओत-प्रोत इस फिल्म का क्रेज लोगों के बीच कम नहीं हुआ।
वहीं, दूसरी तरफ रानी मुखर्जी स्टारर फिल्म ‘मर्दानी 3’ ने थिएटर्स में ‘बॉर्डर 2’ के एक हफ्ते बाद दस्तक दी है और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर काफी धीमी गति से कारोबार कर रही है। इस मूवी को ऑडियंस नहीं मिल रही और इसकी वजह ‘बॉर्डर 2’ का बज भी हो सकता है। बता दें कि फिल्म की कमाई में 5वें दिन सोमवार के मुकाबले थोड़ा सा इजाफा हुआ है। चलिए जानते हैं कि इन दोनों मूवीज ने मंगलवार को कितना बिजनेस किया है।
‘बॉर्डर 2’ ने तोड़े इन फिल्मों के रिकॉर्ड
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, सनी देओल की फिल्म ने 12वें दिन मंगलवार को 5.75 करोड़ का बिजनेस किया है और इसी के साथ मूवी का अभी तक कुल बिजनेस 286.75 करोड़ रुपये हो गया है। इसके अलावा फिल्म वर्ल्डवाइड 392 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। बता दें कि ‘बॉर्डर’ ने अब ऋतिक रोशन स्टारर ‘फाइटर’ और अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘केसरी’ को पीछे छोड़ दिया है।
यह भी पढ़ें: ‘बर्दाश्त कर रही हूं’, वड़ा पाव गर्ल चंद्रिका दीक्षित ने पति पर लगाए चीटिंग के आरोप, वीडियो में दिखाए सबूत
‘मर्दानी 3’ के कलेक्शन में हुआ इजाफा
वहीं, दूसरी तरफ रानी मुखर्जी स्टारर फिल्म ‘मर्दानी 3’ 30 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस मूवी को लेकर मेकर्स को काफी उम्मीदे थीं, लेकिन अब इसका कलेक्शन देख कर लग रहा है कि ये भी ‘बॉर्डर 2’ के आगे घुटने टेकने को तैयार है। दरअसल, फिल्म को रिलीज हुए 5 दिन हो गए हैं और यह अभी तक 25 करोड़ भी नहीं कमा पाई है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने 5वें दिन मंगलवार को 2.50 करोड़ का बिजनेस किया, जो सोमवार के मुकाबले ज्यादा था। इसी के साथ मूवी का कुल कलेक्शन 22.25 करोड़ रुपये हो गया है।
यह भी पढ़ें: चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को करना होगा सरेंडर, कोर्ट ने दिया आदेश
