बॉम्बे हाईकोर्ट ने मंगलवार को बृहद मुंबई नगरपालिका (BMC) को सुझाव दिया है कि वह अपने सोशल मीडिया हैंडल से हटाए गये दीया मिर्जा के वीडियो को दोबारा अपलोड करने पर विचार करे। दीया मिर्जा ने इस वीडियो में दिवाली पर पटाखे न चलाने की अपील की थी। वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड होने के बाद विवाद हो गया।
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में इस समय भाजपा गठबंधन काबिज है। सोशल मीडिया यूजर ने आरोप लगाया कि दीया मिर्जा अक्सर भाजपा और उसके नेताओं की आलोचना करती रहती हैं फिर भी बीजेपी के नियंत्रण वाली बीएमसी उनसे दिवाली पर वीडिया बनवा रही है।
जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस डॉ. नीला गोखले की खंडपीठ ने कहा कि कुछ नेताओं की टिप्पणियों से अदालत हैरान है। कोर्ट ने उन्हें याद दिलाया कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है।
दरअसल, दीया मिर्जा ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अनुरोध दीवाली के मौके पर सकड़ों पर पटाखे जलाने से बचने और प्रदुषण न फैलाने की अपील करते हुए वीडियो बनाया था। इस वीडियो को BMC के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया गया था। इस वीडियो का मकसद सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे जलाने के खिलाफ अदालत के निर्देशों को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाना था।
हालांकि बीजेपी के मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर वीडियो को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “हमें दीया मिर्जा से यह सीखने की जरूरत नहीं है कि दिवाली कैसे मनाई जाए। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से जुड़ी हुई हैं।” साटम की इस प्रतिक्रिया के कुछ ही समय बाद बीएमसी ने दीया का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल से हटा दिया। पूरा मामला जानने के लिए यहां क्लिक करें…
इस पर अब जस्टिस गिरीश कुलकर्णी ने कहा कि नेताओं ने अदालत के पिछले आदेश पर ध्यान दिए बिना टिप्पणियां कीं। अदालत ने पहले ही अपने जागरूकता अभियान में सभी को हिस्सा लेने की अनुमति दी थी। जजों ने कहा, “दीया मिर्जा ने अदालत के निर्देशों के अनुसार ही काम किया था।” उन्होंने यह भी कहा कि कुछ पार्षदों और नेताओं का रवैया सही नहीं था। उन्हें इस मुद्दे को कोई दूसरा रंग नहीं देना चाहिए।
वहीं, जस्टिस नीला गोखले ने कहा कि यह पूरी तरह से पर्यावरण से जुड़ा मामला है और इसे किसी दूसरे नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। अदालत ने कहा, “हर कोई एक ही हवा में सांस ले रहा है, चाहे वह कोई भी हो।” इसके साथ ही हाई कोर्ट ने BMC को हटाए गए वीडियो को दोबारा सोशल मीडिया पर अपलोड करने का निर्देश दिया।
