हिंदी फिल्म जगत में एक बार फिर फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हाल ही में टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग हुई थी। इसके बाद अभिनेता अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को धमकी मिली। जिसके बाद अमिताभ अपने जुहू स्थित घर ‘जलसा’ के बाहर प्रशंसकों से मिलने के लिए बुलेटप्रूफ शीशे की आड़ में नजर आए थे। उनकी इस तस्वीर ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री का ध्यान खींचा।
अब ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। एसोसिएशन ने बॉलीवुड के कलाकारों, फिल्म निर्माताओं और उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पीएम मोदी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
3 नवंबर 2026 को लिखे गए इस पत्र में AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्याम लाल गुप्ता ने फिल्मी हस्तियों पर हो रहे हमलों, गोलीबारी और फिरौती की धमकियों का मुद्दा उठाया है। एसोसिएशन का कहना है कि पिछले कुछ समय में मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे में उनकी सुरक्षा के लिए केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
अमिताभ बच्चन के बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे आने पर जताई चिंता
AICWA ने अपने पत्र में अमिताभ बच्चन की दशकों पुरानी रविवार की परंपरा का भी जिक्र किया है। अभिनेता हर रविवार अपने घर जलसा के बाहर प्रशंसकों से मुलाकात करते हैं। उन्हें देखने के लिए देश-विदेश से लोग पहुंचते हैं। हालांकि, 1 नवंबर को जब अमिताभ अपने प्रशंसकों से मिलने बाहर आए, तो वह बुलेटप्रूफ शीशे की आड़ में नजर आए। इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके साथ मौजूद थे।
एसोसिएशन ने इस पर चिंता जताते हुए लिखा, “चार दशकों से भी ज्यादा समय से वह हर रविवार अपने प्रशंसकों से मिलते रहे हैं। देश और विदेश से लोग सिर्फ उन्हें देखने आते हैं। 84 साल की उम्र में उन्होंने कभी नहीं सोचा होगा कि उन्हें अपने ही शहर में खुद की सुरक्षा के लिए इस तरह के इंतजाम करने पड़ेंगे। उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी इस बार अपने पिता की सुरक्षा के लिए उनके साथ खड़े थे।”
पत्र में इस घटना को भारतीय सिनेमा के इतिहास की एक असामान्य तस्वीर बताते हुए कहा गया कि इससे पूरी फिल्म इंडस्ट्री झकझोर गई है। एसोसिएशन के मुताबिक, इससे पहले किसी सुपरस्टार को अपने घर से बुलेटप्रूफ शीशे की आड़ में प्रशंसकों से मिलते नहीं देखा गया था।
यह भी पढ़ें: आयुष्मान खुराना को मिली धमकी, हिरासत में लिया गया संदिग्ध
सलमान खान से लेकर टाइगर श्रॉफ तक, इन घटनाओं का किया जिक्र
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में AICWA ने फिल्मी हस्तियों से जुड़े कई गंभीर मामलों का भी उल्लेख किया है। इनमें बांद्रा में बाबा सिद्दीकी की हत्या, सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी, सैफ अली खान पर उनके घर में हुआ चाकू से हमला और फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग शामिल है।
इसके अलावा कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई कई गोलीबारी की घटनाओं और हाल ही में जुहू में टाइगर श्रॉफ से जुड़े गोलीबारी के मामले का भी जिक्र किया गया है।
टाइगर श्रॉफ से जुड़ी घटना पर चिंता जताते हुए एसोसिएशन ने कहा कि यह हमला मुंबई के एक व्यस्त और वीआईपी इलाके में हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। पत्र में लिखा गया, “टाइगर श्रॉफ पर जुहू में बड़ी भीड़ की मौजूदगी के बीच गोलियां चलाई गईं। इस दौरान दो लोग गोलियों की चपेट में आए। टाइगर श्रॉफ का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी होने की जानकारी नहीं है। उन्हें दिनदहाड़े सिर्फ दहशत फैलाने के मकसद से निशाना बनाया गया।”
यह भी पढ़ें: तुषार कपूर को मिली फिरौती की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर डराने की साजिश का शक
फिरौती के लिए बॉलीवुड हस्तियों को बनाया जा रहा निशाना?
AICWA ने अपने पत्र में आशंका जताई है कि इन हमलों के पीछे फिरौती वसूलने का मकसद हो सकता है। एसोसिएशन का आरोप है कि आपराधिक गिरोह बॉलीवुड की लोकप्रियता और अंतरराष्ट्रीय पहचान का फायदा उठाकर फिल्मी हस्तियों को निशाना बना रहे हैं। मशहूर अभिनेताओं और फिल्म निर्माताओं पर हमले करके अपराधी दहशत फैलाने के साथ अपनी पहचान बनाना और बड़ी रकम वसूलना चाहते हैं।
पत्र में अभिनेता तुषार कपूर को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाली धमकी मिलने का भी उल्लेख किया गया है। एसोसिएशन ने कहा, “इन सभी हमलों के पीछे फिरौती वसूलने का मकसद नजर आता है। गैंगस्टर्स जानते हैं कि बॉलीवुड उनके लिए सबसे आसान निशाना है और इसकी पहचान पूरी दुनिया में है। मशहूर फिल्मी हस्तियों पर हमला करके वे अपना नाम बनाना और बड़े पैमाने पर पैसे वसूलना चाहते हैं।”
मुंबई की कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाने के साथ ही AICWA ने मुंबई की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। एसोसिएशन का कहना है कि अगर टाइगर श्रॉफ जैसे बड़े कलाकार शहर के बीचोंबीच सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता होना स्वाभाविक है।
पत्र में कहा गया, “आज मुंबई में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अगर टाइगर श्रॉफ जैसा सेलिब्रिटी शहर के बीचोंबीच सुरक्षित नहीं है, तो एक आम मुंबईकर खुद को सुरक्षित कैसे महसूस कर सकता है? 2026 में मुंबई की सड़कों पर अंडरवर्ल्ड का वह खौफ फिर लौट आया है, जिसे पहले काबू में माना जा रहा था। सिर्फ बातें करने से काम नहीं चलेगा, बॉलीवुड को वास्तविक और दिखाई देने वाली सुरक्षा की जरूरत है।”
एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि कलाकार और उनके परिवार बिना किसी डर के अपना काम कर सकें।
