रामायण में ‘रावण’ भारतीय सिनेमा, टीवी और रामलीला का ऐसा किरदार है, जिसे हर दौर के कलाकारों ने अपने अंदाज़ में पेश किया है। कहीं उसकी गरजती आवाज और अहंकार ने दर्शकों को इंप्रेस किया, तो कहीं मोडर्न लुक, एक्शन और हास्य ने उसकी छवि बदल दी।
ये एक ऐसा किरदार रहा है, जिसे निभाना सिर्फ अभिनय नहीं, बल्कि आवाज, व्यक्तित्व, डायलॉग डिलीवरी और अहंकार को पर्दे पर उतारने की चुनौती है। सालों से रावण के किरदार में दर्शकों ने कई कलाकारों को देखा, तब से लेकर अब तक किस तरह लंकापति का अंदाज बदला है।
रावण की यात्रा बताती है कि अभिनय का तरीका समय के साथ बदला है। पहले ऊंचे स्वर और नाटकीय संवाद उसकी पहचान थे, जबकि आज लुक, बैकग्राउंड म्यूजिक, एक्शन और भावनात्मक परतें भी अहम हैं।
रामलीला में तो कहीं दमदार संवाद तालियां बटोरते हैं, तो कहीं कलाकारों की मजेदार एक्टिंग दर्शकों को हंसा देती है। यही वैराइटी रावण को हर दौर में चर्चा का विषय बनाए रखती है। चलिए थोड़ा गौर करते हैं, समय के साथ बदलते रावण के किरदारों पर…
अरविंद त्रिवेदी: सबसे आइकॉनिक रावण
1987 की रामानंद सागर की ‘रामायण’ में अरविंद त्रिवेदी ने रावण को अमर बना दिया। उनकी भारी आवाज, तीखे हावभाव और दमदार डायलॉग डिलीवरी ने किरदार को ऐसी पहचान दी कि आज भी रावण का नाम आते ही उनका चेहरा याद आता है।
उनका अभिनय नाटकीय जरूर था, लेकिन उसमें रावण के ज्ञान, शक्ति और अहंकार का प्रभावशाली मेल था। सालों बीत गए लेकिन रावण के किरदार में आज भी दर्शकों के मन में अरविंद त्रिवेदी बसे हुए हैं।

प्रेम नाथ: बड़े पर्दे का रौब
1976 की फिल्म ‘बजरंगबली’ में एक्टर प्रेम नाथ ने रावण की भूमिका निभाई। उनकी गंभीर आवाज और प्रभावशाली व्यक्तित्व ने पुराने पौराणिक सिनेमा की भव्य शैली को पर्दे पर उतारा। उस दौर में संवादों की ऊंची आवाज, चेहरे के तीखे भाव और नाटकीय अंदाज़ किरदार की ताकत माने जाते थे।
आशुतोष राणा
कई राम-लीलाओं में आशुतोष राणा को भी बतौर रावण देखा गया। उन्होंने भी पर्दे पर लंकापति का किरदार निभाया। मंच पर उन्हें रावण के रोल में देखना एक बेहद शानदार एक्सपीरियंस होता है। उनके डायलॉग डिलीवरी, अहंकारी रावण का अंदाज पर बेशक अच्छा लगता है। बड़ी-बड़ी मूछों और बड़े से मुकुट में एक्टर को रावण के अंदाज में पसंद किया गया है।
यह भी पढ़ें- न आवाज थी, न बड़ी स्टारकास्ट, फिर कैसे बनी थी फिल्म? जानें 109 साल पुरानी है ‘लंका दहन’ की कहानी
अखिलेंद्र मिश्रा: अहंकार के साथ भावनाएं
2008 की ‘रामायण’ में अखिलेंद्र मिश्रा ने रावण के चरित्र को अलग गहराई दी। उनके अभिनय में क्रोध और घमंड के साथ भावनात्मक पहलु भी नजर आया था। उन्होंने रावण को केवल बुराई का प्रतीक बनाने के बजाय एक ऐसे शक्तिशाली राजा के रूप में दिखाया, जिसके गलत फैसले उसके पतन का कारण बने। इस पूरी कहानी को उन्होंने बखूबी पर्दे पर निभाया था।
सैफ अली खान: चर्चा और विवादों वाला रावण
2023 की फिल्म ‘आदिपुरुष’ में सैफ अली खान ने रावण की भूमिका निभाई थी। फिल्म में उनके लुक और किरदार को पेश करने के तरीके ने काफी चर्चा बटोरी थी। पारंपरिक मुकुट और वेशभूषा से आगे बढ़कर रावण को नए और अलग अंदाज में पेश करने की कोशिश की गई थी, लेकिन ये कोशिश बुरी तरह असफल रही। नतीजन उन्हें काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था।

यश: रामायण पार्ट 1
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म रामायण पार्ट 1 इस साल दीवाली के मौके पर 5 नवंबर को रिलीज होगी। फिल्म में रावण का रोल यश ने प्ले किया है। फिल्म के अभी तक दो ट्रेलर सामने आए हैं और रावण के रोल पर खास फोकस किया गया है।
यह भी पढ़ें- ‘रामायण’ का ट्रेलर हुआ लॉन्च, रावण का रौद्र रूप और VFX का कमाल, बॉक्स ऑफिस पर होगा धमाल, अगले महीने रिलीज होगी फिल्म
ट्रेलर में ही साफ है कि इस बार भी रावण का किरदार काफी दमदार रहने वाला है। वहीं अंहकारी अंदाज, दमदार आवाज और शानदार डायलॉग डिलीवरी अभी तक यश के किरदार में नजर आ रहा है। हालांकि फिल्म देखने के बाद पता चलेगा कि असल में फिल्म और किरदारों का काम कैसा है।

