रील गाथा: 1970 का दशक हिंदी सिनेमा के लिए सुनहरा दौर माना जाता है। उस समय की फिल्मों में गहरे जज्बात, खूबसूरत गानें और प्यार की मासूमियत देखने को मिलती थी। उस दौर की लव स्टोरीज सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं थीं, बल्कि उनमें समाज, रिश्तों और भावनाओं की गहराई भी दिखाई देती थी। बगावती इश्क, अनकही चाहत और रिश्तों के संघर्ष ने इन फिल्मों को खास बनाया। यही वजह है कि 70 के दशक की कई रोमांटिक फिल्में आज भी सच्चे प्यार की कहानियों की मिसाल मानी जाती हैं। आज हम उन फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने प्यार की परिभाषा बदल दी।

अमर प्रेम

राजेश खन्ना और शर्मिला टैगोर की फिल्म अमर प्रेम एक बेहद भावुक कहानी पेश करती है। इसमें एक अकेले आदमी और एक तवायफ के बीच बनने वाले भावनात्मक रिश्ते को दिखाया गया है, जो समाज की परंपराओं से अलग है। यह रिश्ता शारीरिक आकर्षण से आगे बढ़कर सच्चे अपनापन को दर्शाता है। फिल्म के गाने और मशहूर डायलॉग “पुष्पा, आई हेट टीयर्स” आज भी लोगों की यादों में बसे हुए हैं।

अभिमान

अभिमान शादीशुदा रिश्ते में प्यार, ईर्ष्या और अहंकार की कहानी है। असल जिंदगी के कपल अमिताभ बच्चन और जया बच्चन ने इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई थी। कहानी एक ऐसे गायक की है, जिसे अपनी पत्नी की बढ़ती लोकप्रियता से असुरक्षा महसूस होने लगती है। फिल्म दिखाती है कि रिश्तों में अहंकार कैसे दूरी पैदा कर सकता है, लेकिन समझ और प्यार से सब ठीक भी हो सकता है।

बॉबी

ऋषि कपूर और डिंपल कपाड़िया की फिल्म बॉबी अमीर लड़के और गरीब लड़की की प्रेम कहानी है। जोश से भरे गानों, फैशनेबल अंदाज़ और युवाओं की बगावती सोच ने इस फिल्म को बेहद लोकप्रिय बना दिया था। इस फिल्म ने स्क्रीन पर टीनएज रोमांस को एक नया रूप दिया और युवाओं को खुलकर प्यार जताने की हिम्मत भी दिखाई।

कभी-कभी

यश चोपड़ा की फिल्म कभी-कभी में अधूरे प्यार, पुराने रिश्तों और नई ज़िंदगी के जज़्बातों को खूबसूरती से दिखाया गया है। अमिताभ बच्चन, राखी और कई सितारों से सजी इस फिल्म में यह बताया गया है कि पहली मोहब्बत भले पूरी न हो, लेकिन उसकी यादें हमेशा दिल में जिंदा रहती हैं। कविता और संगीत से सजी यह फिल्म आज भी रोमांस की सबसे यादगार फिल्मों में गिनी जाती है।

कोरा कागज

विजय आनंद और जया बच्चन की फिल्म कोरा कागज एक पति-पत्नी की कहानी है, जिनकी शादी गलतफहमियों और अहंकार के कारण टूटने की कगार पर पहुंच जाती है। फिल्म रिश्तों में बढ़ती दूरी और फिर उन्हें संभालने की कोशिश को बेहद सादगी और संवेदनशीलता के साथ दिखाती है। इसका टाइटल सॉन्ग ‘मेरा जीवन कोरा कागज’ आज भी लोगों को भावुक कर देता है।