प्रकाश झा की क्राइम ड्रामा सीरीज ‘आश्रम’ से कमबैक करने वाले अभिनेता बॉबी देओल इन दिनों अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी फिल्म ‘बंदर’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। यह मूवी अगले हफ्ते 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जिसमें उनके साथ सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी, सबा आजाद, इंद्रजीत सुकुमारन, जितेंद्र जोशी, राज बी. शेट्टी और नागेश भोंसले नजर आएंगे।
ऐसा बताया जा रहा है कि इस फिल्म में बॉबी का रोल उनकी असल लाइफ के एक्टिंग करियर से काफी मिलता-जुलता है, क्योंकि उन्होंने अपने करियर के कई मुश्किल सालों के बाद जबरदस्त वापसी की है। अब हाल ही में अभिनेता ने एक इंटरव्यू में बताया कि कैसे उन्होंने अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर में मिली नफरत और गुस्से का इस्तेमाल खुद को एक बेहतर एक्टर बनाने के लिए किया।
इम्तियाज की इस फिल्म से बाहर हो गए थे बॉबी
आप की अदालत में बात करते हुए बॉबी देओल ने बताया कि उनके करियर के बुरे दौर में एक बड़ा झटका तब लगा, जब इम्तियाज की 2007 की मशहूर रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘जब वी मेट’ में उन्हें हटाकर शाहिद कपूर को लीड रोल में ले लिया गया। हालांकि, बॉबी ने इम्तियाज और लीड एक्ट्रेस करीना कपूर, दोनों को इस फिल्म के लिए राजी कर लिया था।
वे प्रोडक्शन हाउस को यह फिल्म बनाने के लिए लगातार अप्रोच कर रहे थे, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि उन्हीं में से एक प्रोडक्शन हाउस ने वही फिल्म, उसी डायरेक्टर और उसी लीड एक्ट्रेस के साथ बना ली, बस फर्क इतना था कि बॉबी की जगह लीड रोल में शाहिद को ले लिया गया।
इसके बारे में अभिनेता ने कहा, “अब वह बात पुरानी हो गई है। हम अब दोस्त हैं। मेरा दिल टूट गया था, क्योंकि मेरे करियर के उस दौर में मुझे ऐसी ही एक मूवी की बहुत जरूरत थी। मुझे इम्तियाज पर तब से ही बहुत भरोसा था, जब वे अभय के साथ फिल्म ‘सोचा न था’ बना रहे थे। जब मैंने उस फिल्म का रफ कट देखा, तो मैं उनके काम से इतना प्रभावित और उत्साहित हुआ कि मैंने सोचा कि वे इतने अच्छे डायरेक्टर हैं, मुझे उनके साथ जरूर काम करना चाहिए।”
बॉबी देओल ने आगे कहा, “तभी हमने पहली बार तय किया था कि हम साथ मिलकर एक फिल्म बनाएंगे। लेकिन जब आपकी मार्केट में पोजिशन अच्छी नहीं होती, तो कोई भी आपका साथ नहीं देता। फिल्म शुरू करवाने की कोशिश में ही बहुत सारा समय निकल गया। जिस प्रोडक्शन हाउस को मैंने यह आइडिया दिया था, उन्होंने कहा कि इम्तियाज बहुत महंगे डायरेक्टर हैं। लेकिन उसी प्रोडक्शन हाउस ने बाद में इम्तियाज के साथ ही वह मूवी बनाई और उसी हीरोइन के साथ जिसे मैंने पहले ही साइन कर लिया था।”
एक्टर ने लास्ट में कहा, “ऐसी चीजें होती रहती हैं। ऐसा कभी नहीं होता कि किसी के साथ हमेशा सिर्फ अच्छी चीजें ही हो। जब मैंने खुद पर काम करना शुरू किया, तो मैंने तय किया कि जिन तकलीफों और गुस्से से मैं गुज़रा हूं, उन्हें ही मैं अपनी ताकत बनाऊंगा। क्योंकि आप हमेशा रोते ही नहीं रह सकते। इन चीजों ने मुझे एक बेहतर इंसान और एक बेहतर एक्टर बनाया है। मैंने इनसे सिर्फ सीखा ही है। मुझे किसी से कोई शिकायत नहीं है।”
यह भी पढ़ें: वरुण धवन Vs बॉबी देओल: ‘है जवानी तो इश्क होना है’ और ‘बंदर’ का बॉक्स आफिस पर महासंग्राम
