देओल परिवार के लिए साल 2023 जश्न और सफलताओं से भरा रहा। जहां दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में अपने शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीता, वहीं सनी देओल की ‘गदर 2; साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल रही।
दूसरी ओर, बॉबी देओल ने ‘एनिमल’ के जरिए दमदार वापसी की। इसी साल परिवार में एक और बड़ी खुशी आई, जब सनी देओल के बेटे करण देओल की शादी हुई। हालांकि, बॉबी देओल के मुताबिक यह सफलता कई सालों के संघर्ष और मुश्किलों के बाद मिली।
रणवीर इलाहाबादिया के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान बॉबी ने परिवार के उन कठिन दिनों को याद किया, जब वे आर्थिक और पेशेवर चुनौतियों से जूझ रहे थे।
उन्होंने कहा, “हम कई सालों तक बेहद बुरे दौर से गुजरे। मेरे पिता उम्रदराज हो रहे थे और उन्हें सबसे ज्यादा तकलीफ होती थी, क्योंकि हर पिता अपने बच्चों को खुश देखना चाहता है। हम आर्थिक रूप से और कई अन्य मामलों में कठिन समय से गुजर रहे थे।”
धर्मेंद्र की फिल्म से शुरू हुआ खुशियों का सिलसिला
बॉबी ने बताया कि 2023 में पहली बड़ी खुशी तब मिली जब धर्मेंद्र की ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ रिलीज हुई और उन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। उन्होंने कहा, “मेरे पिता की फिल्म रिलीज हुई और लोगों ने उन्हें जिस तरह का प्यार दिया, वह उस साल की पहली बड़ी खुशी थी। मुझे लगता है कि वह किरदार उनसे बेहतर कोई और नहीं निभा सकता था।”
इसके बाद परिवार में करण देओल की शादी हुई। बॉबी ने मजाकिया अंदाज में कहा, “हमारे घर में ज्यादातर पुरुष ही थे। मेरी सभी बहनों की शादी हो चुकी है, इसलिए करण की शादी के बाद आखिरकार हमारे घर में एक बेटी आई।”
‘गदर 2’ बनी सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट
बॉबी ने बताया कि परिवार के लिए सबसे बड़ा बदलाव गदर 2 की ऐतिहासिक सफलता के बाद आया। उन्होंने अपने बड़े भाई सनी देओल के आत्मविश्वास और धैर्य की जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा, “मेरे भाई का खुद पर भरोसा हमेशा अटूट रहा है। अपने करियर की शुरुआत से लेकर आज तक उन्होंने हमेशा मुख्य अभिनेता के रूप में काम किया। वह अपने फैसलों पर भरोसा करते रहे और आखिरकार भगवान ने उन्हें वह मौका दिया जिसका वे इंतजार कर रहे थे।”
‘एनिमल’ ने बदल दी बॉबी की जिंदगी
बॉबी ने अपनी फिल्म ‘एनिमल’ का जिक्र करते हुए कहा कि वह सिर्फ इस फिल्म का हिस्सा बनकर ही खुश थे। उन्होंने कहा, “रणबीर कपूर मेरे पसंदीदा अभिनेता हैं। उनके साथ काम करने का मौका मिलना मेरे लिए बड़ी बात थी। मैंने उन्हें कई पार्टियों में देखा था और हमेशा उनकी पर्सनैलिटी, डांस और काम की तारीफ करता था। मुझे हमेशा लगता था कि वह अपने करियर में कुछ बड़ा करेंगे।”
बॉबी ने आगे कहा, “जब एनिमल सुपरहिट हुई तो यह बेहद खास एहसास था। मुझे यह समझने में लगभग एक साल लग गया कि मेरी जिंदगी सचमुच बदल चुकी है।”
“यह हमारे परिवार के लिए आशीर्वादों की सुनामी थी। सब कुछ बेहतर हो गया। इंतजार करना सबसे मुश्किल होता है। मैं उम्मीद करता हूं कि किसी को भी मेरे भाई की तरह 22-25 साल तक किसी बड़ी सफलता का इंतजार न करना पड़े। लेकिन यह सब इसलिए हुआ क्योंकि उन्होंने कभी हार नहीं मानी।”
सनी देओल की अनुशासन भरी जिंदगी
बॉबी ने सनी देओल के अनुशासन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, “मेरे भाई बहुत अनुशासित हैं। वह जल्दी सोते हैं और सुबह जल्दी उठ जाते हैं। मुझे याद है, जब वह ‘घायल’ कर रहे थे, तब सुबह चार बजे पंचिंग की आवाजें आती थीं। खिड़की से देखा तो उन्होंने घर में पंचिंग बैग लगा रखा था और सुबह साढ़े चार बजे ही बॉक्सिंग की प्रैक्टिस शुरू कर देते थे।”
कारों के शौकीन और रोमांच पसंद हैं सनी
बॉबी ने सनी के मजाकिया और रोमांच पसंद स्वभाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मेरा भाई बहुत शरारती था। उसने कभी शराब नहीं पी, लेकिन कार ऐसे चलाता था जैसे कोई रेस ड्राइवर हो। उसने कई गाड़ियां क्रैश कीं, लेकिन वह बेहतरीन ड्राइवरों में से एक है। उसका सपना हमेशा रैली ड्राइवर बनने का था।”
सनी देओल भी कर चुके हैं संघर्ष का जिक्र
बॉबी से पहले सनी देओल भी इस कठिन दौर के बारे में खुलकर बात कर चुके हैं। 2024 में द ग्रेट इंडियन कपिल शो में उन्होंने कहा था कि परिवार कई सालों से मेहनत कर रहा था, लेकिन सफलता हाथ नहीं लग रही थी।
सनी ने कहा था, “हम लगातार कोशिश कर रहे थे। मैं भी अलग-अलग काम कर रहा था, बॉबी भी मेहनत कर रहा था और पापा भी काम कर रहे थे। लेकिन अचानक बेटे की शादी हुई और घर में बहू के आने से माहौल ही बदल गया।”
उन्होंने आगे कहा, “बहू के आने के बाद ‘गदर 2’ रिलीज हुई। उससे पहले पापा की ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ आई। ‘गदर 2’ की सफलता देखकर मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या हो रहा है। मैं अंदर से हंस भी रहा था और रो भी रहा था। ऐसा लग रहा था जैसे भगवान ने अचानक कृपा कर दी हो। फिर ‘एनिमल’ आई और सारे रिकॉर्ड टूट गए।”
