बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर राजनीति में कदम रखने के बाद से सुर्खियों का हिस्सा रहती हैं। अब जानकारी सामने आई है कि उनकी मां के हीरे जड़ित गहने और घड़ी की चोरी हुई है। घनश्यामपुर थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई। बता दें कि घटना 1 फरवरी की है, जब घनश्यामपुर प्रखंड के गांव लालापट्टी में एक बैठक में मैथिली की मां गई थीं। इस दौरान उनकी कार से हीरे का गहना व महंगी घड़ी समेत उनका पर्स चोर उड़ा ले गए।
चोरी के मामले में जानकारी सामने आई है कि मैथिली की मां भारती ठाकुर बैठक में हिस्सा लेने पहुंची थीं, और उन्होंने अपना पर्स गाड़ी में छोड़ दिया था। जब वापस कार में मैथिली की मां लौटीं, तो पर्स कार से गायब मिला। इस पर्स में उनका कीमती सामान था। इस घटना की एफआईआर धनश्यामपुर थाने में दर्ज करवाई गई, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बैठक की जगह के आसपास के कैमरों की जांच करके फुटेज हासिल किए जाएंगे।
पुलिस की दी गई FIR में क्या कहा गया
मैथिली ठाकुर की मां की शिकायत के अनुसार, यह पूरा मामला 1 फरवरी का है। शाम को करीब सात बजे उनकी कार से कीमती गहने चोरी हुए। मैथिली ठाकुर की मां ने अपनी शिकायत में इस बात का जिक्र किया कि वह अपनी बेटी मैथिली के साथ लालपट्टी गांव में जनसभा के लिए गाड़ी से उतरकर गई थीं। पर्स से कान का हीरे का स्टड गायब मिला, और घड़ी भीड़ में किसी अज्ञात व्यक्ति ने गायब कर दी। काफी खोजबीन करने के बाद भी चोरी का कोई अंदाजा नहीं लग पाया।
यह भी पढ़ें: ‘सरकार के पास रिकॉर्ड जरूर होता’, रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ पर भड़के कार्ति चिदंबरम, कैमियो को लेकर भी किया रिएक्ट
पुलिस को दिए आवेदन के बाद 11 फरवरी को मामला दर्ज किया गया। केस की जिम्मेदारी एएसआी अश्विनी कुमार को सौंपी गई। इस घटना को लेकर पुलिस की ओर से बयान में कहा गया कि मामले की जांच जारी है। बता दें कि मैथिली ठाकुर अलीनगर सीट से विधायक हैं। भारतीय जनता पार्टी ने साल 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट दिया था, और उन्हें चुनाव में जीत दर्ज की। वह पहली बार विधायक बनी हैं। फिलहाल देखना होगा कि पुलिस मामले की जांच में आरोपी का खुलासा कब करेगी।
