बॉलीवुड एक्ट्रेस बिपाशा बसु करीब छह साल बाद एक्टिंग की दुनिया में वापसी करने जा रही हैं। वह फिल्ममेकर हंसल मेहता की आने वाली वेब सीरीज में नजर आएंगी। इस सीरीज में उनके साथ सनी कौशल और विशाल जेठवा भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। प्राइम वीडियो की इस सीरीज की शूटिंग शुरू हो गई है। हालांकि, मेकर्स ने शूटिंग शुरू होने की घोषणा के दौरान सीरीज के नाम का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया है।
हंसल मेहता की सीरीज की शूटिंग शुरू
सीरीज की टीम ने एक बयान जारी कर शूटिंग शुरू होने की जानकारी दी। टीम ने इस प्रोजेक्ट को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “हमें बेहद खुशी और आभार के साथ यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि हमने एक ऐसी कहानी के साथ एक और खूबसूरत सिनेमाई सफर की शूटिंग शुरू कर दी है, जो हमारे दिल के बेहद करीब है।”
टीम ने इस प्रोजेक्ट को एक सपना बताया, जो बेहतरीन कलाकारों और क्रू के साथ आकार ले रहा है। साथ ही, हंसल मेहता को इस सफर का नेतृत्व करने वाला बताया। हालांकि, अभी तक सीरीज की कहानी और कलाकारों के किरदारों से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
क्या है बिपाशा बसु की नई सीरीज की कहानी?
मिड-डे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस सीरीज का नाम ‘बाराबंकी’ है। यह रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी अलोक लाल की किताब द बाराबंकी नार्कोस: बस्टिंग इंडियाज मोस्ट नोटोरियस ड्रग कार्टेल पर आधारित बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: 15 साल बाद ‘द डर्टी पिक्चर 2’ हुई कंफर्म, एकता कपूर ने फिल्म की कहानी पर दिया बड़ा अपडेट
रिपोर्ट के अनुसार, यह क्राइम थ्रिलर उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में अफीम के एक बड़े तस्करी गिरोह को खत्म करने के लिए चलाए गए अभियान के इर्द-गिर्द घूमती है। अलोक लाल ने अपने करियर के दौरान इस अभियान का नेतृत्व किया था। वह बाद में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पद से रिटायर हुए।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि सीरीज में बिपाशा बसु का किरदार काफी अहम होगा और उसका कहानी के मुख्य किरदार से निजी संबंध होगा। वहीं, सनी कौशल और विशाल जेठवा के किरदारों के बारे में अभी जानकारी सामने नहीं आई है।
2020 के बाद बिपाशा की वापसी
बिपाशा बसु साल 2020 में ओटीटी सीरीज ‘डेंजरस’ में नजर आई थीं। इसके बाद से वह किसी बड़े स्क्रीन प्रोजेक्ट में नजर नहीं आई हैं। ऐसे में हंसल मेहता की इस सीरीज के जरिए उनकी वापसी को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता हो सकती है।
यह भी पढ़ें: 41 फिल्में 10 हिट 24 फ्लॉप, 7 एवरेज, 15 साल में कुछ ऐसा रहा बिपाशा बसु का करियर ग्राफ
यह बिपाशा बसु और हंसल मेहता का पहला साथ काम करने वाला प्रोजेक्ट भी है। इस सीरीज को प्रबलिन कौर को-प्रोड्यूस कर रही हैं, जो ‘मेड इन इंडिया: द टाइटन स्टोरी’ जैसे प्रोजेक्ट से जुड़ी रही हैं। फिलहाल सीरीज की रिलीज डेट और अन्य जानकारियों का इंतजार है।
बिपाशा के फोटोशूट से फैंस को मिला था हिंट
बता दें कि कुछ दिनों पहले बिपाशा ने इंस्टाग्राम पर कई फोटोशूट शेयर किए थे। जिनमें वो काफी खूबसूरत दिख रही थीं। उनका ये फोटोशूट काफी वायरल हुआ था। इससे फैंस को ये हिंट भी मिला था कि बिपाशा किसी नए प्रोजेक्ट की तैयारी कर रही हैं। आप भी देखें तस्वीरें…
