शहनाज़ गिल के पिता ने रेप के आरोप पर दी सफाई, बोले- मैं पूरे दिन घर पर ही था, सीसीटीवी चेक कर सकते हैं
बिग बॉस 13 फेम एक्ट्रेस शहनाज गिल (Shehnaaz Gill) के पिता संतोख सिंह सुख (Santokh Singh Sukh) पर बंदूक की नोंक पर महिला का बलात्कार करने का आरोप लगा है। इस पूरे मामले पर संतोख सिंह ने सफाई पेश की है।

बिग बॉस 13 फेम एक्ट्रेस शहनाज गिल (Shehnaaz Gill) के पिता संतोख सिंह सुख (Santokh Singh Sukh) पर 40 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। अब इस पूरे मामले पर शहनाज गिल के पिता संतोख सिंह सुख ने सफाई पेश करते हुए अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। एक लोकल चैनल को दिए इंटरव्यू के दौरान संतोख सिंह ने बताया कि जिस वक्त महिला ने इस घटना का आरोप लगाया उस वक्त वो अपने घर पर ही थे।
शहनाज गिल के पिता ने कहा, ‘मैं पूरे दिन घर पर ही था, जब महिला ने इस मामले का आरोप लगाया। मेरा पूरा घर सीसीटीवी की निगरानी में है, जो कि पर्याप्त सबूत भी है। वह महिला तलाकशुदा है और उनका एक बच्चा भी है। वह मेरे बिजनेस पार्टनर लकी संधू से शादी करना चाहती है। मैं लकी को लंबे समय से जानता हूं और मैंने उन्हें अपना यह निजी मामला खुद के बल पर सुलझाने की सलाह भी दी है। इसके अलावा जिस जगह कथित घटना हुई है, वह भी सीसीटीवी की निगरानी में है।’
मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि शहनाज गिल के पिता फरार हैं, लेकिन उन्होंने इस बात से साफ इंकार कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनके पास सीसीटीवी फुटेज है, जो उन्हें निर्दोष साबित कर देंगी। बता दें कि जालंधर की रहने वाली एक महिला ने शहनाज गिल के पिता पर रेप का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता के मुताबिक संतोख सिंह सुख ने बंदूक की नोंक पर पहले उसे डराया-धमकाया और फिर रेप किया।
रिपोर्ट के मुताबिक घटना 14 मई की बताई जा रही है। हालांकि पीड़िता ने 19 मई को मामला दर्ज कराया है। कहा जा रहा है कि पीड़िता अपने बॉयफ्रेंड से मिलने गई थी, जो संतोख सिंह सुख के घर पर ही रहता है। संतोख सिंह अपने घर के बाहर ही खड़े थे और उन्होंने पीड़िता को उसके बॉयफ्रेंड से मिलवाने की बात कहकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। महिला का आरोप है कि इसके बाद संतोख सिंह सुख ने रोहित पुल व्यास के पास बंदूक की नोंक पर उससे जबरन रेप किया।